Uttarakhand Employment News: उत्तराखंड में 36 हजार युवाओं को मिली सरकारी नौकरी, लघु उद्योगों से 1.1 लाख को रोजगार

उत्तराखंड सरकार के अनुसार 36 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी और लघु उद्योगों से 1.1 लाख से अधिक को रोजगार मिला है। जानें स्वरोजगार और कौशल विकास योजनाओं की जानकारी।

उत्तराखंड सरकार के अनुसार, प्रदेश में 36 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी और लघु उद्योगों के माध्यम से 1.1 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार मिला है। सरकार कौशल विकास और स्वरोजगार को भी बढ़ावा दे रही है।

देहरादून: उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार ने पांच साल के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड जारी करते हुए रोजगार के क्षेत्र में अपनी उपलब्धियां गिनाई हैं। सरकार का दावा है कि प्रदेश में अब तक 36 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। इसके अलावा करीब 20 हजार नए लघु उद्योगों के माध्यम से 1.1 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार मिला है। सरकार ने स्टार्टअप, औद्योगिक निवेश और कौशल प्रशिक्षण के आंकड़े भी साझा किए हैं।

उत्तराखंड में 1750 से ज्यादा पहुंची स्टार्टअप की संख्या

राज्य सरकार के मुताबिक, पिछले कुछ वर्षों में उत्तराखंड में अपना कारोबार शुरू करने वाले युवाओं की संख्या बढ़ी है। वर्ष 2017 में प्रदेश में स्टार्टअप की संख्या शून्य बताई गई थी, जो अब बढ़कर 1750 से अधिक हो गई है।

Uttarakhand Employment News: उत्तराखंड में 36 हजार युवाओं को मिली सरकारी नौकरी, लघु उद्योगों से 1.1 लाख को रोजगार

सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) क्षेत्र में भी रोजगार के अवसर बढ़े हैं। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2025 में इस क्षेत्र में रोजगार पाने वालों की संख्या 4,56,605 तक पहुंच गई। सरकार ने प्रदेश की बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी आने का भी दावा किया है।

इलेक्ट्रॉनिक्स क्लस्टर, मेडिकल डिवाइस पार्क, अरोमा पार्क और प्लास्टिक पार्क जैसी औद्योगिक परियोजनाओं से पिछले दो वर्षों में करीब एक लाख रोजगार अवसर सृजित होने की बात कही गई है।

अपना कारोबार शुरू करने के लिए 30 प्रतिशत तक सब्सिडी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अनुसार, सरकारी नौकरियों के अलावा युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने पर भी काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना 2.0 के तहत उद्योग स्थापित करने के इच्छुक लोगों को ऋण और 30 प्रतिशत तक नेट सब्सिडी की सुविधा दी जा रही है।

इसके अलावा मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना के माध्यम से 3500 से अधिक लोगों को रोजगार मिलने की जानकारी दी गई है। इन योजनाओं का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर आय के साधन विकसित करना है, ताकि युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे शहरों का रुख कम करना पड़े।

कौशल विकास योजनाओं से लाखों युवाओं को मिला प्रशिक्षण

प्रदेश में युवाओं को अलग-अलग क्षेत्रों में काम करने के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है। सरकार के अनुसार, पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत करीब दो लाख युवाओं को प्रमाणित कौशल प्रशिक्षण दिया गया है। वहीं, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के माध्यम से 2,53,895 युवाओं को प्रशिक्षण मिला है।

कौशल प्रशिक्षण के जरिए युवाओं को उद्योगों की जरूरत के हिसाब से तैयार करने और अपना काम शुरू करने में सहायता देने पर जोर दिया जा रहा है।

खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी में चार प्रतिशत आरक्षण

रोजगार के साथ खेल सुविधाओं के विस्तार को भी सरकार ने अपने रिपोर्ट कार्ड में शामिल किया है। उत्तराखंड ने वर्ष 2025 में राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी की थी। इन खेलों में प्रदेश ने 103 पदक हासिल करते हुए सातवां स्थान प्राप्त किया था। वहीं, हल्द्वानी में खेल विश्वविद्यालय का निर्माण भी शुरू हो चुका है।

पदक विजेता खिलाड़ियों के लिए सरकारी भर्तियों में चार प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का प्रावधान किया गया है। मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के तहत करीब चार हजार खिलाड़ियों को हर महीने 1500 रुपये की छात्रवृत्ति दी जा रही है।

सरकार ने निवेश अनुकूलता और निर्यात की तैयारियों के मामले में हिमालयी एवं पूर्वोत्तर राज्यों में पहला स्थान तथा नवाचार सूचकांक में हिमालयी राज्यों के बीच दूसरा स्थान हासिल करने को भी अपनी उपलब्धियों में गिनाया है।

Leave a comment