Justice MS Ramachandra Rao: छह हाई कोर्ट में दे चुके हैं सेवाएं, अब कर्नाटक के मुख्य न्यायाधीश बनाने की सिफारिश

छह हाई कोर्ट में सेवाएं दे चुके जस्टिस एमएस रामचंद्र राव को कर्नाटक हाई कोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाने की सिफारिश की गई है। जानें उनका न्यायिक सफर।

सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने जस्टिस एमएस रामचंद्र राव को कर्नाटक हाई कोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाने की सिफारिश की है। केंद्र सरकार की मंजूरी मिलने पर यह उनके न्यायिक करियर का सातवां हाई कोर्ट होगा।

नई दिल्ली: देश के छह उच्च न्यायालयों में अलग-अलग जिम्मेदारियां निभा चुके जस्टिस एमएस रामचंद्र राव का एक बार फिर तबादला हो सकता है। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 24 नवंबर को हुई बैठक में उन्हें त्रिपुरा से कर्नाटक हाई कोर्ट भेजने की सिफारिश की है। केंद्र सरकार की मंजूरी मिलने पर वह करीब साढ़े तीन साल के भीतर चौथे हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश बन जाएंगे। 

तीन हाई कोर्ट में बदलाव की तैयारी

भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाले सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने तीन उच्च न्यायालयों में मुख्य न्यायाधीशों की नियुक्ति और तबादले से जुड़ी सिफारिशें की हैं। जस्टिस रामचंद्र राव को कर्नाटक हाई कोर्ट भेजने के साथ वहां के मौजूदा मुख्य न्यायाधीश जस्टिस विभु बाखरू को झारखंड हाई कोर्ट स्थानांतरित करने का प्रस्ताव दिया गया है। 

झारखंड हाई कोर्ट के वर्तमान मुख्य न्यायाधीश 27 नवंबर को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। वहीं, हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट के जस्टिस विवेक सिंह ठाकुर को त्रिपुरा हाई कोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाने की सिफारिश की गई है। 

आंध्र प्रदेश हाई कोर्ट से शुरू हुआ न्यायिक सफर

जस्टिस एमएस रामचंद्र राव ने 29 जून 2012 को आंध्र प्रदेश हाई कोर्ट के अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में कार्यभार संभाला था। चार दिसंबर 2013 को वह स्थायी न्यायाधीश बने। आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के लिए अलग-अलग हाई कोर्ट बनने के बाद उन्होंने एक जनवरी 2019 से तेलंगाना हाई कोर्ट में सेवाएं देना शुरू किया।

उनके पिता जस्टिस एम जगन्नाथ राव भी सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश रह चुके थे। इसके अलावा उन्होंने भारतीय विधि आयोग के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाली थी। 

साल 2021 में हुआ पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट में तबादला

Justice MS Ramachandra Rao: छह हाई कोर्ट में दे चुके हैं सेवाएं, अब कर्नाटक के मुख्य न्यायाधीश बनाने की सिफारिश

जस्टिस रामचंद्र राव के तबादले पर पहली बार साल 2016 में विचार किया गया था। उस समय जस्टिस टीएस ठाकुर देश के मुख्य न्यायाधीश थे। हालांकि तब यह प्रस्ताव आगे नहीं बढ़ सका। जस्टिस रंजन गोगोई के कार्यकाल में भी उनके स्थानांतरण का प्रस्ताव लंबित रहा। रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2021 में कुछ प्रतिकूल रिपोर्ट मिलने के बाद तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश एनवी रमना की अध्यक्षता वाले कॉलेजियम ने उनके तबादले की सिफारिश की थी। इसके बाद उन्होंने 12 अक्टूबर 2021 से 29 मई 2023 तक पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट में सेवाएं दीं। 

हिमाचल प्रदेश में पहली बार बने मुख्य न्यायाधीश

जस्टिस रामचंद्र राव ने 30 मई 2023 को हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली थी। उनके कार्यकाल के दौरान न्यायिक अधिकारियों को हाई कोर्ट का जज बनाने से जुड़ा एक मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा था। सितंबर 2024 में सुप्रीम कोर्ट ने नियुक्ति संबंधी प्रक्रिया में वरिष्ठ सहयोगियों के साथ सामूहिक परामर्श नहीं होने पर सवाल उठाए थे। शीर्ष अदालत ने स्पष्ट किया था कि न्यायाधीशों की नियुक्ति से जुड़े फैसले किसी एक व्यक्ति के बजाय कॉलेजियम के सभी सदस्यों की सहमति और विचार-विमर्श से होने चाहिए। 

झारखंड के बाद मिली त्रिपुरा हाई कोर्ट की जिम्मेदारी

जस्टिस राव ने 25 सितंबर 2024 को झारखंड हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश का पद संभाला। वह 21 जुलाई 2025 तक इस जिम्मेदारी पर रहे। इसके बाद तत्कालीन सीजेआई बीआर गवई की अध्यक्षता वाले कॉलेजियम की सिफारिश पर उनका तबादला त्रिपुरा कर दिया गया। 22 जुलाई 2025 को उन्होंने त्रिपुरा हाई कोर्ट के नौवें मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। अब उन्हें कर्नाटक भेजने की सिफारिश की गई है।

Leave a comment