Jaipur Pradhan Election 2026: सांगानेर में कांग्रेस-भाजपा ने नहीं उतारे उम्मीदवार, अमरसर में कांग्रेस ने समोती देवी पर लगाया दांव

जयपुर की 22 पंचायत समितियों में प्रधान चुनाव के नामांकन पूरे, सांगानेर में कांग्रेस-भाजपा ने नहीं उतारे उम्मीदवार।

जयपुर की पंचायत समितियों के प्रधान चुनाव में सांगानेर से कांग्रेस और भाजपा ने उम्मीदवार नहीं उतारे। वहीं, अमरसर में भाजपा से निर्वाचित समोती देवी मीना को कांग्रेस ने अपना प्रधान उम्मीदवार बनाया है।

जयपुर: राजस्थान के जयपुर जिले की 22 पंचायत समितियों में प्रधान चुनाव के लिए नामांकन के बाद मुकाबले की तस्वीर साफ हो गई है। सांगानेर में कांग्रेस और भाजपा के चुनाव मैदान से दूर रहने के कारण आरएलपी और निर्दलीय उम्मीदवार के बीच मुकाबला है। वहीं, अमरसर में कांग्रेस ने भाजपा से जीतकर आई समोती देवी मीना को उम्मीदवार बनाया है। शाहपुरा और आंधी में कांग्रेस उम्मीदवारों के निर्विरोध निर्वाचन का रास्ता साफ हो गया है।

सांगानेर में कांग्रेस और भाजपा ने नहीं उतारे उम्मीदवार

सांगानेर पंचायत समिति में प्रधान पद के लिए इस बार कांग्रेस और भाजपा, दोनों ही चुनाव मैदान से दूर हैं। आरएलपी ने वार्ड पांच से निर्वाचित सीमा चौधरी को अपना उम्मीदवार बनाया है। उन्हें वार्ड 15 से जीतकर आए निर्दलीय सदस्य राजकुमार चौधरी चुनौती दे रहे हैं।

Jaipur Pradhan Election 2026: सांगानेर में कांग्रेस-भाजपा ने नहीं उतारे उम्मीदवार, अमरसर में कांग्रेस ने समोती देवी पर लगाया दांव

सांगानेर में पंचायत समिति के 15 सदस्यों में से आठ आरएलपी के हैं। कांग्रेस और भाजपा के पास तीन-तीन सदस्य हैं, जबकि एक सदस्य निर्दलीय है। इस लिहाज से प्रधान की कुर्सी तक पहुंचने के लिए आरएलपी के पास जरूरी संख्या पहले से मौजूद है।

अमरसर में भाजपा के टिकट पर जीतीं समोती देवी को कांग्रेस ने बनाया प्रत्याशी

अमरसर में प्रधान पद के चुनाव का समीकरण कुछ अलग है। यहां भाजपा के टिकट पर पंचायत समिति सदस्य बनीं समोती देवी मीना को कांग्रेस ने अपना प्रत्याशी बनाया है। आरएलपी ने उनके मुकाबले सुमित्रा देवी को उतारा है। अमरसर में किसी भी पार्टी के पास बहुमत नहीं है। ऐसे में सदस्यों का रुख तय करेगा कि प्रधान की कुर्सी किसे मिलेगी।

इन पंचायत समितियों में होगा सीधा मुकाबला

झोटवाड़ा में कांग्रेस की मोनिका का मुकाबला भाजपा की पिंकी शर्मा से है। जमवारामगढ़ में दीपक कुमार और रामकरण शर्मा ने पर्चा भरा है। आमेर में कलावती के सामने ललिता गौरा हैं, जबकि गोविंदगढ़ में सुमन यादव और संतरा प्रधान पद की दौड़ में हैं।

बस्सी में कांग्रेस ने लालाराम सैनी को उतारा है तो भाजपा ने रामफूल पर भरोसा जताया है। तूंगा में रामफूल चंद और आरती देवी, कोटखावदा में अनोखी देवी और मीरा देवी के बीच चुनाव होगा। रामपुरा डाबड़ी में गीता मौर्य और सुनीता आमने-सामने हैं। जालसू में ममता यादव और किशन देवी ने दावेदारी पेश की है।

पांच पंचायत समितियों में फंसा बहुमत का पेंच

जयपुर जिले की 22 पंचायत समितियों के 386 वार्डों में हुए सदस्य चुनाव में कांग्रेस का पलड़ा भारी रहा है। पार्टी के पास फागी, आमेर, शाहपुरा, चाकसू, जमवारामगढ़, तूंगा, बस्सी, माधोराजपुरा, कोटखावदा, गोविंदगढ़, झोटवाड़ा, जोबनेर, किशनगढ़ रेनवाल और आंधी में बहुमत है।

भाजपा के सबसे ज्यादा सदस्य सांभरलेक और चौमूं में निर्वाचित हुए हैं। इन दोनों जगहों पर पार्टी के पास बहुमत भी है। सांगानेर में यह स्थिति आरएलपी की है।

Leave a comment