Cabinet Meeting: संसद की बैठक से पहले आज केंद्रीय मंत्रिमंडल की अहम बैठक, महिला आरक्षण और परिसीमन पर चर्चा संभव

संसद की बैठक से पहले आज केंद्रीय मंत्रिमंडल की अहम बैठक होगी। महिला आरक्षण, परिसीमन और आगामी संसदीय कार्यों पर चर्चा होने की संभावना है। केंद्रीय कैबिनेट बैठक

संसद की कार्यवाही दोबारा शुरू होने से पहले आज केंद्रीय मंत्रिमंडल की अहम बैठक होगी। इसमें महिला आरक्षण कानून लागू करने और परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक पर चर्चा होने की संभावना है।

नई दिल्ली: संसद की कार्यवाही फिर शुरू होने से पहले शुक्रवार, 27 नवंबर 2026 को दोपहर एक बजे केंद्रीय मंत्रिमंडल की अहम बैठक होगी। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े प्रस्ताव पर विचार किया जा सकता है। इससे पहले संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने लोकसभा और राज्यसभा की बैठक दोबारा बुलाए जाने की जानकारी दी थी। हालांकि, संसद का आधिकारिक एजेंडा अभी स्पष्ट नहीं किया गया है।

कैबिनेट बैठक में किस प्रस्ताव पर होगी चर्चा?

केंद्रीय मंत्रिमंडल की शुक्रवार को होने वाली बैठक को लेकर राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ गई है। सूत्रों के अनुसार, सरकार महिला आरक्षण से जुड़े परिसीमन विधेयक में कुछ बदलाव कर सकती है। संशोधित प्रस्ताव को संसद में पेश करने से पहले कैबिनेट में इस पर विचार होने की संभावना है। इसी साल अप्रैल में सरकार ने परिसीमन से जुड़ा संविधान संशोधन विधेयक लोकसभा में पेश किया था। 

हालांकि, जरूरी बहुमत नहीं मिलने के कारण विधेयक पारित नहीं हो सका था। अब करीब सात महीने बाद सरकार एक बार फिर इस दिशा में आगे बढ़ने की तैयारी कर रही है। 

30 नवंबर से शुरू होगी लोकसभा की कार्यवाही

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने गुरुवार को बताया कि सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से 30 नवंबर को सदन की बैठक बुलाने का अनुरोध किया था। वहीं, राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन से दो दिसंबर को उच्च सदन की कार्यवाही शुरू करने का आग्रह किया गया था। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर से तीन दिसंबर तक चलेगी, जबकि राज्यसभा की कार्यवाही दो और तीन दिसंबर को होगी। सरकारी कामकाज की जरूरत के आधार पर बैठक की अवधि में बदलाव भी किया जा सकता है। 

मानसून सत्र की कार्यवाही ही बढ़ाई जाएगी आगे

Cabinet Meeting: संसद की बैठक से पहले आज केंद्रीय मंत्रिमंडल की अहम बैठक, महिला आरक्षण और परिसीमन पर चर्चा संभव

संसद की आगामी बैठकों को भले ही विशेष बैठक कहा जा रहा हो, लेकिन तकनीकी रूप से यह कोई नया विशेष सत्र नहीं होगा। लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई थी। हालांकि, मानसून सत्र का औपचारिक समापन नहीं हुआ था। ऐसे में उसी सत्र की कार्यवाही दोबारा शुरू की जाएगी। सरकार ने अभी तक यह नहीं बताया है कि इन चार दिनों के दौरान संसद में कौन-कौन से विधेयक पेश किए जाएंगे।

महिला आरक्षण को लेकर अमित शाह ने दिए संकेत

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को दिल्ली में संविधान गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में महिला आरक्षण का मुद्दा उठाया था। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर महिला आरक्षण से जुड़े विधेयक को रोकने का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि केंद्र सरकार इसे जल्द से जल्द पारित कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

गौरतलब है कि संसद ने वर्ष 2023 में महिला आरक्षण कानून पारित किया था। इसके तहत लोकसभा और राज्यों की विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 फीसदी सीटें आरक्षित करने का प्रावधान है। हालांकि, इसे लागू करने की प्रक्रिया जनगणना और उसके बाद होने वाले परिसीमन से जुड़ी है। 

क्या सरकार के पास है दो-तिहाई बहुमत?

संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए सरकार को संसद के दोनों सदनों में विशेष बहुमत की जरूरत होगी। इसके लिए सदन की कुल सदस्य संख्या का बहुमत और उपस्थित होकर मतदान करने वाले कम से कम दो-तिहाई सदस्यों का समर्थन आवश्यक है। पिछले कुछ महीनों में डीएमके, तृणमूल कांग्रेस, शिवसेना और आम आदमी पार्टी से जुड़े राजनीतिक घटनाक्रमों को देखते हुए संसदीय समीकरण बदलने की चर्चा है। शिरोमणि अकाली दल के रुख और परिसीमन को लेकर सुप्रिया सुले के संकेतों पर भी राजनीतिक नजरें टिकी हैं।

Leave a comment