Constitution Day 2026: 26 नवंबर को क्यों मनाया जाता है संविधान दिवस? जानें इसका इतिहास और महत्व

भारत में 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। जानें संविधान दिवस का इतिहास, डॉ. आंबेडकर का योगदान, संवैधानिक अधिकारों और मौलिक कर्तव्यों का महत्व।

भारत में हर साल 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। इसी दिन वर्ष 1949 में संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अपनाया था। इस दिवस का उद्देश्य नागरिकों को उनके संवैधानिक अधिकारों, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक करना है।

Constitution Day 2026: देशभर में गुरुवार, 26 नवंबर 2026 को संविधान दिवस मनाया जाएगा। इसे संविधान दिवस के अलावा राष्ट्रीय कानून दिवस के नाम से भी जाना जाता है। भारत के इतिहास में 26 नवंबर की तारीख बेहद खास है, क्योंकि इसी दिन स्वतंत्र भारत के संविधान को संविधान सभा ने स्वीकार किया था। संविधान तैयार करने में डॉ. भीमराव आंबेडकर समेत संविधान सभा के कई सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा था।

26 नवंबर को ही क्यों मनाया जाता है संविधान दिवस?

भारत को 15 अगस्त 1947 को अंग्रेजों की गुलामी से आजादी मिली थी। आजादी के बाद देश के शासन को चलाने के लिए अपने संविधान की जरूरत थी। संविधान सभा के सदस्यों ने लंबे विचार-विमर्श के बाद संविधान तैयार किया, जिसे 26 नवंबर 1949 को अपनाया गया।

Constitution Day 2026: 26 नवंबर को क्यों मनाया जाता है संविधान दिवस? जानें इसका इतिहास और महत्व

केंद्र सरकार ने 19 नवंबर 2015 को अधिसूचना जारी कर हर साल 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाने का फैसला किया था। उस वर्ष डॉ. भीमराव आंबेडकर की 125वीं जयंती भी मनाई जा रही थी। वर्ष 2026 में देश अपना 12वां संविधान दिवस मनाएगा। भारतीय संविधान को अपनाए जाने के भी 77 वर्ष पूरे हो जाएंगे। 

संविधान बनाने में लगे थे करीब तीन साल

संविधान सभा की पहली बैठक 9 दिसंबर 1946 को हुई थी। डॉ. राजेंद्र प्रसाद संविधान सभा के अध्यक्ष थे। वहीं, 29 अगस्त 1947 को संविधान की प्रारूप समिति बनाई गई, जिसकी अध्यक्षता डॉ. भीमराव आंबेडकर को सौंपी गई थी।

भारतीय संविधान को तैयार करने में 2 साल, 11 महीने और 18 दिन का समय लगा था। संविधान सभा में देश के अलग-अलग क्षेत्रों और समुदायों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। शासन व्यवस्था, नागरिकों के अधिकार, सामाजिक समानता और न्याय जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

मूल भारतीय संविधान में 395 अनुच्छेद, 22 भाग और 8 अनुसूचियां थीं। समय के साथ देश की जरूरतों के अनुसार संविधान में कई संशोधन किए गए। 

संविधान दिवस और गणतंत्र दिवस में क्या अंतर है?

कई लोगों के मन में यह सवाल रहता है कि जब संविधान दिवस 26 नवंबर को मनाया जाता है तो गणतंत्र दिवस 26 जनवरी को क्यों मनाते हैं।

दरअसल, संविधान सभा ने 26 नवंबर 1949 को भारतीय संविधान को अपनाया था, जबकि यह पूर्ण रूप से 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ था। इसी दिन भारत गणराज्य बना। यही वजह है कि 26 नवंबर को संविधान दिवस और 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस मनाया जाता है।

हमारे जीवन में संविधान का क्या महत्व है?

भारतीय संविधान केवल सरकार चलाने के नियमों की किताब नहीं है। इसका सीधा संबंध देश के प्रत्येक नागरिक के जीवन से है। संविधान सभी नागरिकों को कानून के सामने समानता का अधिकार देता है। अपने विचार व्यक्त करने, धर्म का पालन करने और शोषण के खिलाफ आवाज उठाने जैसे अधिकार भी संविधान से मिले हैं।

अधिकारों के साथ संविधान नागरिकों को उनके कर्तव्यों की भी याद दिलाता है। राष्ट्रीय ध्वज और राष्ट्रगान का सम्मान करना, देश की एकता बनाए रखना, सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा करना और पर्यावरण को सुरक्षित रखना हमारे मौलिक कर्तव्यों में शामिल है।

संविधान दिवस के अवसर पर स्कूलों, कॉलेजों और सरकारी संस्थानों में संविधान की प्रस्तावना पढ़ने की परंपरा है। विद्यार्थियों के लिए भाषण, निबंध लेखन और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाती हैं।

Leave a comment