Meerut News: मेरठ में 2,913 करोड़ रुपये से फैक्ट्री लगाएगी अमेरिकी कंपनी, CM योगी ने रखी आधारशिला

सीएम योगी ने मेरठ में गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे 2,913 करोड़ रुपये की बॉल कॉर्पोरेशन की फैक्ट्री का शिलान्यास किया। हजारों युवाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद है।

मेरठ में गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे अमेरिकी कंपनी बॉल कॉर्पोरेशन एल्युमीनियम कैन बनाने की फैक्ट्री लगाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को इसका शिलान्यास किया। फैक्ट्री बनने से स्थानीय युवाओं और कारोबारियों को फायदा मिलने की उम्मीद है।

मेरठ: खेल का सामान बनाने के लिए दुनियाभर में मशहूर मेरठ में अब अमेरिकी कंपनी बॉल कॉर्पोरेशन अपनी औद्योगिक इकाई लगाने जा रही है। कंपनी इस परियोजना पर 2,913 करोड़ रुपये खर्च करेगी। बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से फैक्ट्री की आधारशिला रखी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस निवेश से मेरठ और आसपास के इलाकों में हजारों युवाओं के लिए रोजगार के रास्ते खुलेंगे।

फैक्ट्री में बनाए जाएंगे पेय पदार्थों के एल्युमीनियम कैन

गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे विकसित हो रहे इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर में बॉल कॉर्पोरेशन को जगह दी गई है। यहां कंपनी पेय पदार्थों की पैकिंग में इस्तेमाल होने वाले एल्युमीनियम कैन का उत्पादन करेगी। बाजार में जूस, सॉफ्ट ड्रिंक्स और एनर्जी ड्रिंक्स की बिक्री बढ़ने के साथ इन कैन की मांग भी बढ़ रही है।

Meerut News: मेरठ में 2,913 करोड़ रुपये से फैक्ट्री लगाएगी अमेरिकी कंपनी, CM योगी ने रखी आधारशिला

मुख्यमंत्री ने कहा कि फैक्ट्री लगने का फायदा सिर्फ उसमें काम करने वाले लोगों तक सीमित नहीं रहेगा। माल ढुलाई करने वालों, पैकेजिंग का काम करने वाले कारोबारियों और रीसाइक्लिंग से जुड़े लोगों को भी काम मिलने की उम्मीद है।

मेरठ में पहले से ही खेल का सामान बनाने की बड़ी और छोटी इकाइयां हैं। प्रदेश सरकार की एक जिला-एक उत्पाद योजना में भी यहां के खेल उत्पादों को जगह दी गई है। अब दूसरे क्षेत्रों की कंपनियां भी मेरठ में निवेश कर रही हैं।

सड़क और रेल सुविधाओं का उद्योगों को मिलेगा फायद

शिलान्यास के दौरान मुख्यमंत्री ने मेरठ की परिवहन सुविधाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, नमो भारत रैपिड रेल और गंगा एक्सप्रेसवे जैसी परियोजनाओं से यहां उद्योग लगाने की संभावनाएं बढ़ी हैं।

डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर और जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का लाभ भी मेरठ के कारोबारियों को मिलने की उम्मीद है। कंपनियों के लिए दूसरे शहरों से कच्चा माल मंगाना और अपना उत्पाद बाजार तक पहुंचाना आसान होगा।

मेरठ में बॉल कॉर्पोरेशन के अलावा सीएनएच इंडस्ट्रियल भी 1,200 करोड़ रुपये का निवेश करने की तैयारी में है। ताइवान की क्रिएटिव सेंसर कंपनी के 1,100 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव पर भी काम चल रहा है।

यूपी में 35 हजार से ज्यादा हुईं फैक्ट्रियां: मुख्यमंत

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में पिछले कुछ वर्षों के दौरान हुए औद्योगिक विकास के आंकड़े रखे। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद करीब 70 साल में उत्तर प्रदेश में लगभग 14 हजार फैक्ट्रियां स्थापित हुई थीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय उत्तर प्रदेश की गिनती बीमारू राज्यों में होती थी, लेकिन आज प्रदेश देश की तीन प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है।

उन्होंने दावा किया कि देश में बनने वाले 55 फीसदी मोबाइल फोन और 60 फीसदी इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट का उत्पादन उत्तर प्रदेश में हो रहा है। प्रदेश के बजट, जीएसडीपी, प्रति व्यक्ति आय और महिला कार्यबल की भागीदारी में भी करीब तीन गुना बढ़ोतरी होने की बात उन्होंने कही।

उद्योग लगाने के लिए सरकार ने जुटाई 75 हजार एकड़ जमीन

मुख्यमंत्री के अनुसार, उत्तर प्रदेश को अब तक 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिल चुके हैं। इनमें 15 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाएं जमीन पर उतर चुकी हैं। अगले ग्राउंड ब्रेकिंग समारोह में करीब साढ़े सात लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं को आगे बढ़ाने की तैयारी है।

प्रदेश सरकार ने वर्ष 2030 तक उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य रखा है। उद्योगों के लिए 75 हजार एकड़ का लैंड बैंक तैयार किया गया है। इसके अलावा प्रदेश में 27 इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर विकसित करने और निवेश मित्र पोर्टल के माध्यम से उद्यमियों को सुविधाएं देने पर काम किया जा रहा है।

मेरठ में हुए कार्यक्रम में सांसद अरुण गोविल, औद्योगिक विकास राज्य मंत्री जसवंत सिंह सैनी और ऊर्जा राज्य मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर मौजूद रहे। इस मौके पर यूपीडा के एसीईओ शैलेंद्र भाटिया ने बॉल कॉर्पोरेशन के अधिकारियों को भूमि कब्जा प्रमाणपत्र सौंपा।

Leave a comment