आज दुनियाभर में अंतरराष्ट्रीय छात्र दिवस मनाया जा रहा है। इसकी कहानी साल 1939 के चेकोस्लोवाकिया से शुरू होती है। उस समय नाजी जर्मनी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों को गिरफ्तार किया गया था। कुछ छात्रों की जान भी चली गई थी। उन्हीं की याद में यह दिन मनाया जाता है।
International Students Day 2026: आज अंतरराष्ट्रीय छात्र दिवस है। इस मौके पर साल 1939 में चेकोस्लोवाकिया में हुई एक घटना को याद किया जाता है। उस दौर में देश के बड़े हिस्से पर नाजी जर्मनी का कब्जा था। प्राग के कॉलेजों में पढ़ने वाले छात्रों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। वे प्रदर्शन करने सड़कों पर उतर आए। इसके बाद नाजी अधिकारियों ने कई छात्रों को गिरफ्तार कर लिया। कुछ छात्रों को मार भी दिया गया। बाद में इन घटनाओं की याद में छात्र दिवस मनाने का फैसला लिया गया।
साल 1939 में चेकोस्लोवाकिया के छात्रों के साथ क्या हुआ था?
बात साल 1939 की है। उस समय यूरोप में दूसरा विश्व युद्ध शुरू हो चुका था। चेकोस्लोवाकिया के बड़े हिस्से पर नाजी जर्मनी का कब्जा था। वहां रहने वाले लोग इस कब्जे से नाराज थे। खासकर विश्वविद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र लगातार इसका विरोध कर रहे थे।
![]()
28 अक्टूबर 1939 को राजधानी प्राग में एक बड़ा प्रदर्शन हुआ। लोग अपने देश की आजादी की मांग कर रहे थे। इसी दौरान मेडिकल की पढ़ाई करने वाले जान ओप्लेताल नाम के छात्र को गोली लग गई। वह गंभीर रूप से घायल हो गए और 11 नवंबर को उनकी मौत हो गई।
15 नवंबर को जब उनका अंतिम संस्कार हुआ तो हजारों लोग सड़कों पर उतर आए। इनमें बड़ी संख्या छात्रों की थी। अंतिम संस्कार में शामिल लोगों ने नाजी शासन के खिलाफ नारे लगाए। इसके बाद जर्मन अधिकारियों ने आंदोलन को दबाने के लिए कार्रवाई शुरू कर दी।
17 नवंबर 1939 को चेक विश्वविद्यालयों को बंद कर दिया गया। छात्र आंदोलन से जुड़े नौ लोगों को बिना मुकदमा चलाए मार दिया गया। वहीं, 1,200 से ज्यादा छात्रों को पकड़कर जर्मनी के साक्सेनहाउजेन यातना शिविर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई की खबर दूसरे देशों तक भी पहुंची। विदेशों में पढ़ रहे चेकोस्लोवाकिया के छात्रों ने अपने साथियों के लिए आवाज उठाई। बाद में इसी घटना की याद में अंतरराष्ट्रीय छात्र दिवस मनाया जाने लगा।
लंदन में 1941 से शुरू हुई इस दिन को मनाने की परंपरा
1939 की घटना के दो साल बाद ब्रिटेन की राजधानी लंदन में छात्र प्रतिनिधियों ने एक बैठक की। इसमें फैसला लिया गया कि हर साल उन छात्रों को याद किया जाएगा, जिन्होंने नाजी शासन के खिलाफ संघर्ष किया था।
साल 1941 में अंतरराष्ट्रीय छात्र दिवस मनाने की शुरुआत हुई। इसके बाद दूसरे देशों के छात्र संगठनों ने भी इस दिन को मनाना शुरू किया।
इस दिन से जुड़ी एक और घटना साल 1989 में हुई थी। चेकोस्लोवाकिया में छात्रों ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया, लेकिन सुरक्षा बलों ने उनके खिलाफ कार्रवाई की। इससे लोगों की नाराजगी और बढ़ गई।
कुछ ही दिनों में विरोध प्रदर्शन पूरे देश में फैल गए। आखिरकार वहां कम्युनिस्ट शासन का अंत हुआ। इतिहास में इस बदलाव को वेलवेट रिवोल्यूशन कहा जाता है।
इस तरह आज मनाया जा रहा अंतरराष्ट्रीय छात्र दिवस साल 1939 के छात्र आंदोलन के साथ 1989 में हुए बड़े राजनीतिक बदलाव की भी याद दिलाता है।
आज के दौर में छात्रों के लिए कितना मायने रखता है यह दिन?
आज पढ़ाई पहले जैसी नहीं रही। स्कूल-कॉलेज की किताबों के अलावा बच्चे अब मोबाइल और इंटरनेट से भी पढ़ते हैं। कई कोर्स ऑनलाइन उपलब्ध हैं, लेकिन इन सुविधाओं का फायदा हर छात्र नहीं उठा पाता। गांवों और कस्बों में कई जगह अच्छे कॉलेज नहीं हैं। ऐसे में बच्चों को आगे की पढ़ाई के लिए घर छोड़कर दूसरे शहर जाना पड़ता है।
कॉलेज की फीस और बाहर रहने का खर्च भी कम नहीं है। कई परिवार बच्चों की पढ़ाई के लिए अपनी बचत खर्च कर देते हैं। कुछ छात्र पढ़ाई के साथ नौकरी करते हैं, ताकि अपना खर्च निकाल सकें। कई बार पैसों की कमी के चलते युवाओं को मनपसंद कॉलेज में दाखिला नहीं मिल पाता। अंतरराष्ट्रीय छात्र दिवस पर पढ़ाई से जुड़ी इन परेशानियों का जिक्र भी किया जाता है।
स्कूल और कॉलेजों में इस मौके पर अलग-अलग कार्यक्रम किए जाते हैं। कहीं छात्र भाषण देते हैं तो कहीं निबंध प्रतियोगिता होती है। शिक्षक भी बच्चों को इस दिन से जुड़ी पुरानी घटनाओं के बारे में बताते हैं। साथ ही छात्रों को मिलने वाली सुविधाओं और उनकी सुरक्षा जैसे विषयों पर भी बातचीत होती है।
विदेश जाकर पढ़ाई करने वाले भारतीय युवाओं की अपनी परेशानियां हैं। नए देश में पहुंचने के बाद वहां की भाषा समझना, रहने की जगह तलाशना और पढ़ाई के साथ रोजमर्रा के खर्च संभालना आसान नहीं होता। कई छात्रों को परिवार से दूर रहने की आदत डालने में भी समय लगता है। इस मौके पर विदेश में पढ़ रहे छात्रों की समस्याओं पर भी बात की जा सकती है।











