Makhana Popping Machine: कटिहार कृषि मेले में मखाना फोड़ने वाली मशीन की धूम, खरीद पर मिलेगी 80% तक सब्सिडी

कटिहार कृषि मेले में मखाना फोड़ने वाली मशीन पर 80 प्रतिशत तक सब्सिडी मिल रही है। जानें मशीन की कीमत, अनुदान राशि और किसानों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी।

कटिहार में दो दिवसीय कृषि यांत्रिकीकरण मेले की शुरुआत हुई है। किसानों को 63 प्रकार के कृषि यंत्रों पर अनुदान दिया जा रहा है। मखाना फोड़ने वाली मशीन पर 80 प्रतिशत तक सब्सिडी उपलब्ध है।

कटिहार: बिहार के कटिहार में मखाना उत्पादकों के लिए राहत भरी खबर है। संयुक्त कृषि भवन परिसर में गुरुवार को शुरू हुए दो दिवसीय जिला स्तरीय कृषि यांत्रिकीकरण मेले में मखाना तैयार करने वाली आधुनिक मशीनें किसानों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। इन मशीनों से प्रति घंटे 20 किलो तक मखाना लावा तैयार किया जा सकता है। किसानों की श्रेणी और मशीन के प्रकार के आधार पर अनुदान भी दिया जा रहा है।

कृषि मेले में पहुंचे किसान, यंत्रों की ली जानकारी

मेले का उद्घाटन विधान पार्षद अशोक अग्रवाल, जिला परिषद अध्यक्ष रश्मि सिंह, जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी, जिला कृषि पदाधिकारी राजीव कुमार और कृषि अभियंत्रण के उप निदेशक प्रमोद कुमार ने संयुक्त रूप से किया।

इस मौके पर जिलाधिकारी ने किसानों से खेती में आधुनिक यंत्रों का इस्तेमाल करने की बात कही। उन्होंने बताया कि मशीनों के इस्तेमाल से खेती का खर्च कम किया जा सकता है। जिन कामों को करने में पहले काफी समय लगता था, उन्हें अब मशीनों की मदद से जल्दी पूरा किया जा सकता है।

Makhana Popping Machine: कटिहार कृषि मेले में मखाना फोड़ने वाली मशीन की धूम, खरीद पर मिलेगी 80% तक सब्सिडी

मेले में किसानों के लिए पावर वीडर, रोटावेटर, कल्टीवेटर, लेजर लैंड लेवलर, पोटैटो प्लांटर और चाफ कटर भी रखे गए हैं। इसके अलावा धान और मक्का की थ्रेसिंग करने वाली मशीनें भी उपलब्ध हैं।

40 हजार रुपये में खरीद सकेंगे दो लाख की मशीन

मखाना की खेती करने वाले किसान अच्छी तरह जानते हैं कि उसकी गुड़िया से लावा निकालना कितना मेहनत भरा काम है। मेले में इसी काम के लिए मखाना पॉपिंग मशीन लाई गई है। इसमें पहले मखाना की गुड़िया को गर्म किया जाता है। इसके बाद मशीन से उसे फोड़कर लावा निकाला जाता है।

दो लाख रुपये की कीमत वाली इस मशीन पर अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़ा वर्ग के पात्र किसानों को एक लाख 60 हजार रुपये का अनुदान मिलेगा। यानी इन किसानों को मशीन के लिए अपनी ओर से 40 हजार रुपये खर्च करने होंगे।

सामान्य वर्ग के किसानों को एक लाख 40 हजार रुपये की सब्सिडी दी जाएगी। ऐसे में उनके लिए दो लाख रुपये की मशीन 60 हजार रुपये की पड़ेगी।

बिना अलग से गुड़िया गर्म किए तैयार होगा मखाना

मेले में एक ऐसी मशीन भी लगाई गई है, जिसमें मखाना की गुड़िया को अलग से गर्म करने का झंझट नहीं है। किसान सीधे मशीन में गुड़िया डालकर लावा निकाल सकते हैं। जिन लोगों का मखाना तैयार करने का बड़ा कारोबार है, उनके लिए यह मशीन काम की है।

कृषि अभियंत्रण के उप निदेशक प्रमोद कुमार ने बताया कि ऑटोमैटिक मखाना मशीन की कीमत 12 लाख 27 हजार रुपये है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अत्यंत पिछड़ा वर्ग के पात्र लाभुकों को मशीन खरीदने पर पांच लाख रुपये तक का अनुदान दिया जाएगा। सामान्य वर्ग के लाभुकों को अधिकतम चार लाख रुपये की सहायता मिलेगी।

1,065 किसानों को जारी हो चुका है परमिट

कृषि यांत्रिकीकरण योजना में बिहार के किसानों के लिए कुल 86 तरह के कृषि यंत्र सूचीबद्ध हैं। फिलहाल इनमें से 63 तरह के यंत्रों पर 40 से 80 फीसदी तक अनुदान दिया जा रहा है। इस वित्तीय वर्ष में कटिहार जिले को कृषि यंत्रों की खरीद के लिए चार करोड़ 86 लाख रुपये मिले हैं।

जिले में अब तक 1,065 किसानों के नाम ऑनलाइन परमिट जारी किए जा चुके हैं। किसान एक करोड़ 31 लाख रुपये के कृषि यंत्रों का उठाव कर चुके हैं। इस बार जिले में 14 कृषि ड्रोन और तीन ऑटोमैटिक मखाना मशीनों की खरीद का भी लक्ष्य रखा गया है।

मेले में फार्म मशीनरी बैंक और कस्टम हायरिंग सेंटर के लाभुकों को भी कृषि यंत्र सौंपे गए। जिलाधिकारी ने डंडखोरा के रवि कुमार, मनिहारी के शिव नारायण मंडल और अमदाबाद के रघुनाथपुर कृषक हित समूह को कृषि यंत्रों की चाबियां दीं।जो किसान अनुदान पर मखाना मशीन या अन्य कृषि यंत्र खरीदना चाहते हैं, वे अपने प्रखंड कृषि कार्यालय या जिला कृषि विभाग से आवेदन और पात्रता की जानकारी ले सकते हैं।

Leave a comment