Sheikh Hasina की वतन वापसी के ऐलान पर बांग्लादेश के मंत्री का तंज, प्रत्यर्पण की उठाई मांग

शेख हसीना के वतन वापसी के ऐलान पर बांग्लादेश के मंत्री ने तंज कसते हुए उनके प्रत्यर्पण की मांग उठाई है। जानें इस मामले में क्या है नया घटनाक्रम।

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के 16 दिसंबर को स्वदेश लौटने के कथित ऐलान पर विदेश राज्यमंत्री ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि हसीना की वापसी भारत के साथ प्रत्यर्पण संधि के तहत ही संभव है।

ढाका: भारत में रह रहीं बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की स्वदेश वापसी को लेकर एक बार फिर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हसीना ने 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटने की बात कही है। इस पर बांग्लादेश के विदेश राज्यमंत्री ने तंज कसते हुए उनकी वापसी की संभावना को खारिज किया है। उन्होंने हसीना को प्रत्यर्पण प्रक्रिया के जरिए वापस लाने की बात भी कही है।

'दिसंबर में सिर्फ सर्दी आएगी, शेख हसीना नहीं'

बांग्लादेश के विदेश राज्यमंत्री हुमायूं कबीर ने गुरुवार, 26 नवंबर को ढाका स्थित विदेश मंत्रालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान शेख हसीना की वापसी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि वह पहले भी सिलहट में आयोजित एक बैठक में स्पष्ट कर चुके हैं कि हसीना दिसंबर में बांग्लादेश नहीं लौटेंगी। बांग्लादेशी समाचार एजेंसी यूनाइटेड न्यूज ऑफ बांग्लादेश (UNB) के अनुसार, कबीर ने तंज कसते हुए कहा कि दिसंबर में सिर्फ सर्दियां आएंगी, शेख हसीना नहीं। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री की सामान्य तरीके से देश वापसी की संभावना से इनकार किया। 

भारत से प्रत्यर्पण की मांग कर रहा बांग्लादेश

हुमायूं कबीर ने बताया कि बांग्लादेश सरकार शेख हसीना को वापस लाने के लिए भारत के संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर चुकी है। दोनों देशों के बीच मौजूद प्रत्यर्पण संधि के तहत यह मांग की गई है। विदेश राज्यमंत्री ने कहा कि अगर हसीना बांग्लादेश वापस आती हैं, तो उन्हें हथकड़ी पहनाकर या कड़ी निगरानी में लाया जाना होगा, ताकि उनके खिलाफ कानूनी कार्यवाही की जा सके।

कबीर के मुताबिक, बांग्लादेश ने हसीना के अलावा उन अन्य लोगों के प्रत्यर्पण की भी मांग की है, जिन पर देश में अपराध करने के आरोप हैं। हालांकि, हसीना के प्रत्यर्पण की तारीख अभी तय नहीं हुई है। 

16 दिसंबर को ढाका लौटना चाहती हैं शेख हसीना

Sheikh Hasina की वतन वापसी के ऐलान पर बांग्लादेश के मंत्री का तंज, प्रत्यर्पण की उठाई मांग

समाचार एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, शेख हसीना के प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया था कि पूर्व प्रधानमंत्री 16 दिसंबर को बांग्लादेश वापस लौटना चाहती हैं। उनकी योजना सरकारी विमान से ढाका पहुंचने की है। हसीना की वापसी की योजना सामने आने के बाद बांग्लादेश में राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, बांग्लादेश सरकार ने उनकी स्वैच्छिक वापसी के बजाय प्रत्यर्पण प्रक्रिया पर जोर दिया है। ऐसे में हसीना की यात्रा को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। 

शेख हसीना के लिए क्यों खास है 16 दिसंबर?

बांग्लादेश में हर साल 16 दिसंबर को विजय दिवस मनाया जाता है। इसी दिन वर्ष 1971 में पाकिस्तानी सेना ने आत्मसमर्पण किया था। इसके साथ ही बांग्लादेश के मुक्ति संग्राम का अंत हुआ था। शेख हसीना के पिता शेख मुजीबुर रहमान ने बांग्लादेश के स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। ऐसे में हसीना की ओर से स्वदेश वापसी के लिए विजय दिवस चुने जाने का ऐतिहासिक और राजनीतिक महत्व भी है।

अगस्त 2024 से भारत में हैं शेख हसीना

बांग्लादेश में अगस्त 2024 में हुए व्यापक सरकार विरोधी आंदोलन के बाद शेख हसीना को प्रधानमंत्री पद छोड़ना पड़ा था। इसके बाद वह भारत आ गई थीं। तब से वह भारत में ही रह रही हैं। इस बीच बांग्लादेश में राजनीतिक परिस्थितियां काफी बदल चुकी हैं। वहां की सरकार लगातार हसीना की वापसी और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग कर रही है। प्रत्यर्पण का मामला भारत और बांग्लादेश के बीच कूटनीतिक संबंधों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण बना हुआ है।

Leave a comment