भारत और बांग्लादेश के बीच 1996 में हुई गंगा जल संधि की अवधि 12 दिसंबर 2026 को पूरी हो रही है। दोनों देशों के बीच राजनीतिक तनाव के चलते समझौते के भविष्य को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।
नई दिल्ली: भारत और बांग्लादेश के बीच गंगा नदी के पानी का बंटवारा तय करने वाली 30 साल पुरानी संधि की अवधि समाप्त होने में अब कुछ ही दिन बाकी हैं। ढाका में 21 और 22 नवंबर को दोनों देशों की संयुक्त समिति की 91वीं बैठक हुई, लेकिन संधि को आगे बढ़ाने पर कोई फैसला सामने नहीं आया। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना से जुड़े विवाद के बीच जल बंटवारे का मुद्दा भी अहम हो गया है।
1996 में हुआ था गंगा जल बंटवारे का समझौता
भारत के तत्कालीन प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा और बांग्लादेश की तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख हसीना ने 12 दिसंबर 1996 को गंगा जल संधि पर हस्ताक्षर किए थे। दोनों देशों के बीच यह समझौता 30 वर्षों के लिए किया गया था। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में स्थित फरक्का बैराज पर उपलब्ध पानी के आधार पर दोनों देशों का हिस्सा तय होता है।
यह व्यवस्था हर साल एक जनवरी से 31 मई तक लागू रहती है। इस दौरान नदी में पानी का बहाव कम रहता है। दोनों देशों के प्रतिनिधि प्रत्येक दस दिन की अवधि में जल प्रवाह का आकलन करते हैं।
किस आधार पर होता है गंगा के पानी का बंटवारा?
मौजूदा समझौते के अनुसार फरक्का में पानी का बहाव 70 हजार क्यूसेक या उससे कम होने पर दोनों देशों को बराबर हिस्सा मिलता है। बहाव 70 हजार से अधिक और 75 हजार क्यूसेक से कम होने पर बांग्लादेश को 35 हजार क्यूसेक पानी दिया जाता है। वहीं, 75 हजार क्यूसेक या उससे अधिक जल प्रवाह होने पर भारत को 40 हजार क्यूसेक और शेष पानी बांग्लादेश को मिलता है।
संधि में विशेष अवधि के दौरान बारी-बारी से 35 हजार क्यूसेक पानी उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी है। किसी दस दिवसीय अवधि में जल प्रवाह 50 हजार क्यूसेक से नीचे जाने पर दोनों सरकारों के बीच तत्काल बातचीत का प्रावधान है।
फरक्का बैराज को लेकर दशकों पुराना है विवाद
![]()
गंगा के पानी को लेकर विवाद उस समय शुरू हुआ था, जब बांग्लादेश पूर्वी पाकिस्तान का हिस्सा था। भारत ने 1950 के दशक में फरक्का बैराज बनाने का प्रस्ताव रखा था। साल 1975 में बैराज शुरू होने के बाद गंगा के पानी को हुगली नदी की ओर मोड़ा जाने लगा। इसका उद्देश्य कोलकाता बंदरगाह के आसपास जमा गाद को कम करना था।
बांग्लादेश ने उस समय पद्मा नदी में पानी की कमी को लेकर चिंता जताई थी। इसके बाद 1977, 1982 और 1985 में जल बंटवारे से जुड़े समझौते हुए। आखिरकार 1996 में दोनों देशों के बीच लंबे समय के लिए संधि हुई।
शेख हसीना के मुद्दे पर भी दोनों देशों के बीच तनाव
भारत में रह रहीं बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने 16 दिसंबर को अपने देश लौटने की योजना जताई है। हालांकि बांग्लादेश सरकार उनके प्रत्यर्पण की मांग कर रही है। भारतीय विदेश मंत्रालय ने 25 नवंबर को स्पष्ट किया कि हसीना की स्वेच्छा से बांग्लादेश लौटने की योजना और प्रत्यर्पण का अनुरोध अलग-अलग मामले हैं। वहीं, गंगा जल संधि के मुद्दे पर भारत ने संयुक्त नदी आयोग के माध्यम से बातचीत की व्यवस्था का जिक्र किया है।
संधि खत्म होने से बांग्लादेश पर क्या असर पड़ेगा?
यदि नया समझौता नहीं होता है तो जनवरी 2027 से पानी के बंटवारे की मौजूदा व्यवस्था जारी रहने की गारंटी नहीं होगी। शुष्क मौसम में बांग्लादेश के दक्षिण-पश्चिमी इलाकों में सिंचाई और पेयजल की उपलब्धता प्रभावित हो सकती है। मीठे पानी का प्रवाह घटने से सुंदरबन के आसपास खारे पानी का स्तर बढ़ने, मिट्टी की उर्वरता घटने और जलीय जीवों पर प्रतिकूल असर पड़ने का खतरा भी रहेगा। हालांकि संधि समाप्त होने का मतलब यह नहीं है कि बांग्लादेश को गंगा का पानी मिलना पूरी तरह बंद हो जाएगा।
क्या दोबारा बढ़ाई जा सकती है गंगा जल संधि?
मौजूदा संधि में स्वतः नवीनीकरण की व्यवस्था नहीं है। इसकी अवधि बढ़ाने के लिए दोनों देशों की सहमति जरूरी है। बांग्लादेश नए समझौते में न्यूनतम जल प्रवाह की गारंटी चाहता है। वहीं, बदलती जल उपलब्धता, कृषि की जरूरतें और घरेलू मांग भी बातचीत में महत्वपूर्ण मुद्दे हैं। भारत और बांग्लादेश के बीच 54 साझा नदियां हैं। तीस्ता नदी के जल बंटवारे का मामला भी लंबे समय से लंबित है। ऐसे में गंगा जल संधि का भविष्य दोनों देशों के जल प्रबंधन और कूटनीतिक संबंधों के लिए महत्वपूर्ण होगा।










