Constitution Day 2026: वाराणसी में सपा नेताओं ने मनाया संविधान दिवस, कार्यकर्ताओं को दिलाया संविधान की रक्षा का संकल्प

वाराणसी में समाजवादी पार्टी ने संविधान दिवस पर विचार गोष्ठी आयोजित की। जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ समेत कार्यकर्ताओं ने संविधान की रक्षा का संकल्प लिया।

वाराणसी के अर्दली बाजार में संविधान दिवस पर समाजवादी पार्टी की ओर से गोष्ठी आयोजित की गई। जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ समेत कई नेताओं ने संविधान से मिले अधिकारों और नागरिकों की जिम्मेदारियों पर अपनी बात रखी।

वाराणसी: अर्दली बाजार स्थित समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय में गुरुवार को संविधान दिवस मनाया गया। इस मौके पर हुई विचार गोष्ठी में जिला संगठन के पदाधिकारियों के साथ पार्टी कार्यकर्ता भी शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ ने की। उन्होंने संविधान को भारतीय लोकतंत्र की बुनियाद बताते हुए इसकी रक्षा करने की अपील की।

संविधान से मिला सभी को बराबरी का अधिकार

गोष्ठी में जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ ने कहा कि भारतीय संविधान अपने आप में देश की ऐतिहासिक धरोहर है। देश के लोगों को न्याय, स्वतंत्रता और समानता का अधिकार इसी से मिला है। उन्होंने संविधान को 140 करोड़ देशवासियों के विश्वास से जुड़ा बताया।

Constitution Day 2026: वाराणसी में सपा नेताओं ने मनाया संविधान दिवस, कार्यकर्ताओं को दिलाया संविधान की रक्षा का संकल्प

सुजीत यादव ने कहा कि समाज के सभी वर्गों को बराबरी का अधिकार देने और लोगों के बीच भाईचारा बनाए रखने में संविधान की बड़ी भूमिका है। इसकी रक्षा की जिम्मेदारी किसी एक व्यक्ति या संस्था की नहीं, बल्कि पूरे देश की है।

उन्होंने संविधान के आदर्शों को अपनाने और लोकतांत्रिक परंपराओं का सम्मान करने पर जोर दिया।

संतोष यादव ने बताया 26 नवंबर का महत्व

जिला प्रवक्ता एडवोकेट संतोष यादव बबलू ने कार्यक्रम का संचालन किया। उन्होंने गोष्ठी में संविधान निर्माण से जुड़ी जानकारी दी। संतोष यादव ने बताया कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को स्वीकार किया था। इसके बाद 26 जनवरी 1950 से देश में संविधान लागू हुआ।

उन्होंने कहा कि भारत जैसे देश में लोगों की बोलचाल, खानपान और सामाजिक परंपराएं अलग-अलग हैं। इन विविधताओं के बावजूद देश के सभी नागरिकों के लिए एक संवैधानिक व्यवस्था है। उन्होंने भारतीय संविधान की विशेषताओं का भी उल्लेख किया।

अधिकारों के साथ कर्तव्यों पर भी हुई बात

जिला कार्यालय में हुई गोष्ठी के दौरान वक्ताओं ने सामाजिक न्याय और नागरिक अधिकारों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि संविधान ने देशवासियों को कई अधिकार दिए हैं, लेकिन नागरिकों को अपने कर्तव्यों को भी नहीं भूलना चाहिए।

इस मौके पर सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संविधान के मूल सिद्धांतों पर चलने और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने का संकल्प लिया।

गोष्ठी में इन नेताओं ने रखे अपने विचार

कार्यक्रम में डॉ. उमाशंकर सिंह यादव, डॉ. रामबालक पटेल, प्रदीप कुमार मौर्य, गोपाल पांडेय, हीरू यादव, नंदलाल कन्नौजिया, जितेंद्र यादव, धर्मेंद्र यादव और डॉ. आनंद प्रकाश तिवारी ने भी संबोधित किया।

इस दौरान सदानंद कन्नौजिया, रामकुमार यादव, धर्मवीर पटेल, सचिन प्रजापति, सुनीता यादव, राजेंद्र प्रसाद, सुमित मौर्य, राजू यादव, मनोज यादव, बंसल सेठ, मन्नू अंसारी, अयाज खान और विनोद शुक्ला समेत पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a comment