Jensen Huang: राष्ट्रीय सुरक्षा मामले में एनवीडिया प्रमुख को राहत, जानें ट्रंप प्रशासन ने किस आधार पर लिया फैसला

एनवीडिया प्रमुख जेनसेन हुआंग को राष्ट्रीय सुरक्षा मामले में राहत मिली है। जानें ट्रंप प्रशासन ने यह फैसला किस आधार पर लिया और क्या है पूरा मामला।

ट्रंप प्रशासन ने एनवीडिया के सीईओ जेनसन हुआंग को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा नहीं माना है। हालांकि, उनके खिलाफ औपचारिक जांच नहीं होने को लेकर अमेरिकी सांसदों ने सवाल उठाए हैं।

वाशिंगटन: एनवीडिया के सीईओ पद पर जेनसन हुआंग की वापसी के बाद अमेरिकी राजनीति में राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर बहस तेज हो गई है। ट्रंप प्रशासन ने कंपनी के निदेशक मंडल को भरोसा दिया था कि हुआंग किसी आपराधिक जांच के दायरे में नहीं हैं। हालांकि, रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इस नतीजे पर पहुंचने से पहले अमेरिकी न्याय विभाग ने हुआंग के खिलाफ अलग से कोई औपचारिक जांच शुरू नहीं की थी। 

दो कंपनियों की जांच के आधार पर लिया गया फैसला

अमेरिकी अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लांश ने एनवीडिया की दो ग्राहक कंपनियों से जुड़े मामलों की जांच के आधार पर हुआंग को लेकर अपनी राय बनाई। इनमें सुपर माइक्रो कंप्यूटर और मेगास्पीड इंटरनेशनल शामिल हैं। दोनों कंपनियों पर चीन को उन्नत सेमीकंडक्टर चिप्स की कथित अवैध आपूर्ति का संदेह है। अब तक सामने आए दस्तावेजों और जानकारियों में हुआंग के किसी अमेरिकी कानून का उल्लंघन करने का प्रमाण नहीं मिला है। 

जांचकर्ताओं को ऐसे सबूत भी नहीं मिले हैं, जिनसे साबित हो कि हुआंग ने जानबूझकर चीन को संवेदनशील अमेरिकी तकनीक उपलब्ध कराई थी। हालांकि, दोनों कंपनियों से जुड़े मामलों की जांच अभी जारी है। नए तथ्य सामने आने पर न्याय विभाग का आकलन बदल भी सकता है। 

जेडी वेंस ने एनवीडिया बोर्ड को दिया था भरोसा

अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने बुधवार को बताया कि हुआंग की वापसी से पहले कंपनी के निदेशक मंडल को उनकी कानूनी स्थिति के बारे में जानकारी दी गई थी। प्रशासन ने बोर्ड को बताया था कि हुआंग न्याय विभाग की किसी जांच का निशाना नहीं हैं। वेंस ने उम्मीद जताई कि एनवीडिया भविष्य में भी अमेरिकी निर्यात नियंत्रण नियमों का पालन करेगी। 

हुआंग को दोबारा सीईओ बनाने में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उपराष्ट्रपति वेंस की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। एनवीडिया ने 23 नवंबर को आधिकारिक तौर पर हुआंग की सीईओ पद पर वापसी की घोषणा की थी। 

Jensen Huang: राष्ट्रीय सुरक्षा मामले में एनवीडिया प्रमुख को राहत, जानें ट्रंप प्रशासन ने किस आधार पर लिया फैसला

एलिस हुआंग को लेकर क्या सामने आया?

इस पूरे विवाद में सिंगापुर की टेक्नोलॉजी कंपनी मेगास्पीड की पूर्व अधिकारी एलिस हुआंग का नाम भी चर्चा में रहा है। अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने उनके कथित चीनी खुफिया संबंधों को लेकर जानकारी जुटाई थी। वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी अधिकारियों को फिलहाल ऐसा कोई प्रमाण नहीं मिला है, जिससे यह साबित हो कि चीन सरकार ने एलिस हुआंग को जेनसन हुआंग की जासूसी करने का निर्देश दिया था।

हालांकि, चीनी जासूसी गतिविधियों से जुड़ी आशंकाओं को लेकर एफबीआई ने एनवीडिया के अधिकारियों को कम से कम दो बार सुरक्षा संबंधी परामर्श दिए थे। एनवीडिया ने संबंधित मामलों में जांच एजेंसियों को दस्तावेज और जरूरी जानकारियां उपलब्ध कराकर सहयोग किया है।

हुआंग की वापसी से संतुष्ट नहीं अमेरिकी सांसद

जेनसन हुआंग को एनवीडिया की कमान दोबारा सौंपे जाने पर रिपब्लिकन और डेमोक्रेटिक, दोनों दलों के सांसदों ने सवाल उठाए हैं। उनकी आपत्ति इस बात को लेकर है कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी आशंकाओं की विस्तृत जांच पूरी होने से पहले ही हुआंग की वापसी का फैसला कर लिया गया। अमेरिका में एडवांस्ड चिप्स का निर्यात राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा संवेदनशील विषय है। 

इन चिप्स का इस्तेमाल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सुपर कंप्यूटर और आधुनिक तकनीकी परियोजनाओं में होता है। यही वजह है कि चीन को इनकी बिक्री पर अमेरिका ने कई प्रतिबंध लगाए हैं। एनवीडिया के निदेशक मंडल ने राष्ट्रीय सुरक्षा और निर्यात नियमों के अनुपालन की निगरानी के लिए स्वतंत्र निदेशकों की एक समिति भी गठित की है।

Leave a comment