Stock Market Today: सेंसेक्स मामूली बढ़त के साथ खुला, निफ्टी में गिरावट, आईटी कंपनियों के शेयरों में लौटी खरीदारी

आज शेयर बाजार में मिलाजुला रुख देखने को मिला। सेंसेक्स मामूली बढ़त के साथ खुला, जबकि निफ्टी में गिरावट रही। आईटी शेयरों में फिर खरीदारी लौटी।

गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत मिली-जुली रही। सेंसेक्स में मामूली तेजी दर्ज की गई, जबकि निफ्टी गिरावट के साथ कारोबार करता दिखा। आईटी और मेटल शेयरों में खरीदारी रही, वहीं एफएमसीजी शेयरों पर दबाव दिखा।

बिजनेस न्यूज़: पिछले कारोबारी सत्र में जोरदार तेजी के बाद गुरुवार, 26 नवंबर को शेयर बाजार की रफ्तार धीमी पड़ गई। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स हरे निशान में रहा, जबकि निफ्टी में हल्की गिरावट देखने को मिली। निवेशकों ने आईटी और मेटल कंपनियों के शेयरों में दिलचस्पी दिखाई। दूसरी तरफ ऑटो, एफएमसीजी और चुनिंदा फाइनेंस कंपनियों के शेयरों में मुनाफावसूली के चलते बाजार पर दबाव बना रहा।

25,800 के नीचे आया निफ्टी, सेंसेक्स में मामूली तेजी

गुरुवार सुबह बीएसई सेंसेक्स 51.82 अंक यानी 0.06 फीसदी की बढ़त के साथ 83,990.10 के स्तर पर कारोबार करता दिखाई दिया। वहीं, एनएसई निफ्टी 
31.40 अंक यानी 0.12 फीसदी टूटकर 25,787.85 के स्तर पर आ गया। भले ही प्रमुख सूचकांकों में ज्यादा तेजी नहीं दिखी, लेकिन शुरुआती कारोबार में गिरावट वाले शेयरों के मुकाबले बढ़त वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। 

बाजार में 1,849 शेयरों में खरीदारी देखने को मिली, जबकि 862 शेयर गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। इसके अलावा 160 शेयरों की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ। बुधवार को सेंसेक्स और निफ्टी में बड़ी तेजी दर्ज की गई थी। इसके बाद गुरुवार को कई दिग्गज कंपनियों के शेयरों में निवेशक मुनाफावसूली करते नजर आए।

आईटी कंपनियों के शेयरों में लौटी खरीदारी

Stock Market Today: सेंसेक्स मामूली बढ़त के साथ खुला, निफ्टी में गिरावट, आईटी कंपनियों के शेयरों में लौटी खरीदारी

सेक्टर के हिसाब से देखें तो शुरुआती कारोबार में आईटी कंपनियों का प्रदर्शन सबसे अच्छा रहा। निफ्टी आईटी इंडेक्स में 1.86 फीसदी की तेजी दर्ज की गई। मेटल कंपनियों के शेयरों में भी खरीदारी रही, जिससे निफ्टी मेटल इंडेक्स 0.97 फीसदी चढ़ गया। निफ्टी मिडस्मॉल आईटी टेलीकॉम इंडेक्स में 0.86 फीसदी और निफ्टी केमिकल्स में 0.60 फीसदी की बढ़त रही। रियल एस्टेट कंपनियों के शेयरों में भी हल्की मजबूती देखने को मिली। निफ्टी रियल्टी इंडेक्स 0.32 फीसदी ऊपर कारोबार कर रहा था।

इसके उलट सीमेंट कंपनियों के शेयरों पर दबाव रहा। निफ्टी सीमेंट इंडेक्स में 0.86 फीसदी और एफएमसीजी इंडेक्स में 0.76 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। निफ्टी ऑटो 0.65 फीसदी और निफ्टी मीडिया 0.61 फीसदी नीचे कारोबार करते दिखाई दिए।

BSE और Infosys के शेयरों में अच्छी बढ़त

बाजार में सुस्ती के बीच बीएसई लिमिटेड के शेयरों में 2.90 फीसदी की तेजी देखने को मिली। आईटी क्षेत्र की दिग्गज कंपनी इन्फोसिस का शेयर भी 2.34 फीसदी चढ़ गया। एचसीएल टेक में 1.75 फीसदी और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) में 1.59 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई। मेटल कंपनियों में टाटा स्टील का शेयर 1.54 फीसदी और हिंडाल्को का शेयर 1.32 फीसदी ऊपर कारोबार कर रहा था। इनके अलावा टेक महिंद्रा में 0.83 फीसदी और एचडीएफसी बैंक में 0.82 फीसदी की तेजी रही। इन शेयरों में हुई खरीदारी से बाजार को कुछ हद तक सहारा मिला।

बजाज फाइनेंस और नेस्ले के शेयरों में गिरावट

फाइनेंस सेक्टर की कुछ बड़ी कंपनियों के शेयर गुरुवार को दबाव में रहे। बजाज फाइनेंस में 2.31 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। श्रीराम फाइनेंस का शेयर 1.90 फीसदी और बजाज फिनसर्व का शेयर 1.81 फीसदी टूट गया। एफएमसीजी कंपनियों में टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के शेयर में 1.47 फीसदी और नेस्ले इंडिया में 1.38 फीसदी की कमजोरी देखने को मिली। 

मैक्स हेल्थकेयर का शेयर 1.33 फीसदी नीचे कारोबार कर रहा था। वहीं, वाहन निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी के शेयर में 1.30 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।

Leave a comment