हिमाचल प्रदेश के किसान परिवार से आने वाले जय चौधरी ने अपनी मेहनत और तकनीकी समझ के दम पर साइबर सिक्योरिटी कंपनी Zscaler खड़ी की। अब उनकी कंपनी CrowdStrike के साथ प्रस्तावित 44 अरब डॉलर की डील को लेकर चर्चा में है।
Jay Chaudhry Success Story: हिमाचल प्रदेश के एक छोटे से गांव में पले-बढ़े जय चौधरी ने उस दौर में पढ़ाई की, जब उनके गांव में बिजली और नल के पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं भी नहीं थीं। स्कॉलरशिप के सहारे अमेरिका पहुंचे चौधरी ने नौकर छोड़कर अपनी पूरी जमा-पूंजी कारोबार में लगा दी। आज उनकी गिनती दुनिया के सफल टेक कारोबारियों में होती है। उनकी साइबर सिक्योरिटी कंपनी Zscaler अब करीब चार लाख करोड़ रुपये की प्रस्तावित अधिग्रहण डील को लेकर सुर्खियों में है।
हिमाचल के किसान परिवार से सिलिकॉन वैली तक पहुंचे जय चौधरी
जय चौधरी का बचपन हिमाचल प्रदेश के एक साधारण किसान परिवार में बीता। साल 2021 में IIT-BHU में दिए गए अपने भाषण के दौरान उन्होंने बताया था कि किशोरावस्था तक उनके गांव में बिजली और नल से पानी की सुविधा नहीं थी। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपनी पढ़ाई जारी रखी।
स्कॉलरशिप मिलने के बाद चौधरी उच्च शिक्षा हासिल करने के लिए अमेरिका चले गए। वहां उन्होंने तीन मास्टर डिग्रियां हासिल कीं। इनमें यूनिवर्सिटी ऑफ सिनसिनाटी से प्राप्त MBA की डिग्री भी शामिल है।
उन्होंने अपने करियर की शुरुआत सॉफ्टवेयर इंजीनियर के तौर पर की थी। शुरुआती दिनों में उन्होंने हेल्थकेयर से जुड़े प्रोडक्ट तैयार किए। इसके बाद IBM में काम करने के दौरान उन्हें सेल्स के क्षेत्र में अनुभव हासिल हुआ। यहीं से टेक्नोलॉजी के साथ कारोबार की उनकी समझ भी विकसित हुईी
पत्नी के साथ नौकरी छोड़कर कारोबार में लगाई पूरी जमा-पूंजी
साल 1995 में इंटरनेट कंपनी नेटस्केप कम्युनिकेशंस के IPO ने जय चौधरी को अपना कारोबार शुरू करने के लिए प्रेरित किया। उस समय इंटरनेट का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा था और कंपनियों के सामने साइबर सुरक्षा की नई चुनौतियां आने लगी थीं।
जय चौधरी और उनकी पत्नी ज्योति ने अपनी नौकरियां छोड़कर करीब पांच लाख डॉलर की जमा-पूंजी से SecureIT नाम की कंपनी शुरू की। यह कंपनी इंटरनेट सुरक्षा के लिए फायरवॉल लगाने और उनके संचालन से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध कराती थी।
साल 1998 में VeriSign ने SecureIT को 6.9 करोड़ डॉलर में खरीद लिया। इस सफलता के बाद भी चौधरी ने नए कारोबार शुरू करने का सिलसिला जारी रखा। उन्होंने तीन अन्य टेक कंपनियां स्थापित कीं और बाद में उन्हें बेच दिया। इसके बाद साल 2007 में Zscaler की नींव रखी।
जीरो ट्रस्ट सिक्योरिटी बनी Zscaler की सबसे बड़ी ताकत
जय चौधरी ने इंटरनेट के जरिए सॉफ्टवेयर सेवाएं उपलब्ध कराने वाली कंपनी Salesforce के कारोबारी मॉडल से प्रेरणा लेकर Zscaler शुरू की थी। उनकी कंपनी का मुख्य उद्देश्य क्लाउड आधारित साइबर सुरक्षा सेवाएं उपलब्ध कराना था।
Zscaler का कारोबार जीरो ट्रस्ट सिक्योरिटी (Zero Trust Security) के सिद्धांत पर आधारित है। इस व्यवस्था में किसी यूजर या डिवाइस को केवल नेटवर्क से जुड़े होने के आधार पर भरोसेमंद नहीं माना जाता। उसे जरूरी संसाधनों तक पहुंच देने से पहले उसकी पहचान और अनुमति की जांच की जाती है।
कोरोना महामारी के दौरान जब बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने घर से काम करना शुरू किया, तब कंपनियों को अपने डिजिटल नेटवर्क की सुरक्षा मजबूत करनी पड़ी। पुराने VPN सिस्टम की सीमाओं और बढ़ते साइबर हमलों के बीच क्लाउड आधारित सिक्योरिटी सेवाओं की मांग बढ़ी। इसका फायदा Zscaler को मिला।
अब AI से जुड़े साइबर खतरों के बढ़ने के साथ इस तरह की सुरक्षा सेवाओं की जरूरत और महत्वपूर्ण हो गई है।
44 अरब डॉलर की प्रस्तावित डील से चर्चा में जय चौधरी
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी साइबर सिक्योरिटी कंपनी CrowdStrike और Zscaler के बीच करीब 44 अरब डॉलर यानी लगभग चार लाख करोड़ रुपये की प्रस्तावित अधिग्रहण डील चर्चा में है।
रिपोर्ट में रेगुलेटरी फाइलिंग के हवाले से बताया गया है कि जय चौधरी और उनके परिवार के पास Zscaler की एक तिहाई से अधिक हिस्सेदारी है।
हिमाचल के एक छोटे से गांव से निकलकर अंतरराष्ट्रीय साइबर सिक्योरिटी कारोबार में पहचान बनाने वाले जय चौधरी का सफर बताता है कि तकनीकी बदलावों को समय रहते समझना किसी कारोबार की सफलता में कितनी बड़ी भूमिका निभा सकता है। इस प्रस्तावित डील से जुड़े नए अपडेट के लिए Zscaler और CrowdStrike की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर रखें।









