नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह की भारत यात्रा के दौरान आर्थिक सहायता, व्यापार और परिवहन से जुड़े कई फैसले हुए। भारत ने नेपाल को 15 हजार करोड़ रुपये का आर्थिक पैकेज देने की घोषणा की है। इसके अलावा दो भारतीय बंदरगाहों के इस्तेमाल का प्रस्ताव भी दिया गया है।
काठमांडू: नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह करीब 25 घंटे भारत में रहे। इस छोटे से दौरे में उन्होंने आर्थिक मदद से लेकर नेपाल के विदेशी व्यापार से जुड़ी दिक्कतों पर भारत सरकार से बात की। नेपाल को भारत से 15 हजार करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता मिलेगी। इसके अलावा नए बंदरगाहों तक पहुंच बनाने का रास्ता भी खुल सकता है।
हालांकि, नेपाल के सामने अब सबसे बड़ा काम इस रकम का सही इस्तेमाल करना है। इससे पहले भी भारत से मिली आर्थिक सहायता खर्च करने में नेपाल को कई परेशानियां आई थीं।
नेपाल को 3,500 करोड़ रुपये नहीं करने होंगे वापस
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के लिए 240 अरब नेपाली रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की है। भारतीय मुद्रा में यह रकम करीब 15 हजार करोड़ रुपये है। इसमें 3,500 करोड़ रुपये अनुदान के रूप में मिलेंगे। यानी नेपाल को यह पैसा वापस नहीं करना पड़ेगा। बाढ़ से नुकसान झेल चुके इलाकों में दोबारा निर्माण कराने और बुनियादी सुविधाएं जुटाने में इस रकम का इस्तेमाल किया जा सकता है।
वहीं, 11,500 करोड़ रुपये नेपाल को क्रेडिट लाइन के जरिए मिलेंगे। इस पैसे से जलविद्युत परियोजनाओं और बिजली पहुंचाने के लिए जरूरी नेटवर्क पर काम होगा। किन परियोजनाओं पर कितना पैसा खर्च किया जाएगा, इसका फैसला दोनों देश मिलकर करेंगे।
पहले भी भारत ने की थी आर्थिक मदद
![]()
नेपाल को भारत से इतनी बड़ी आर्थिक सहायता पहली बार नहीं मिल रही है। साल 2015 में आए भूकंप के बाद भी भारत ने एक अरब डॉलर देने का वादा किया था। इसमें 25 करोड़ डॉलर की रकम अनुदान और 75 करोड़ डॉलर कर्ज के तौर पर रखी गई थी। काठमांडू पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, उस समय कर्ज के साथ कुछ शर्तें जुड़ी थीं। परियोजनाओं में इस्तेमाल होने वाले कम से कम 75 प्रतिशत उपकरण, सामान और सेवाएं भारत से लेनी थीं। निर्माण सामग्री का 50 प्रतिशत हिस्सा भी भारत से खरीदना जरूरी था।
इसके चलते स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र और विश्वविद्यालयों की इमारतें बनाने में देरी हुई। भारतीय विदेश सचिव विक्रम मिस्री के अनुसार, उस समय दी गई 75 करोड़ डॉलर की क्रेडिट लाइन में से 55 करोड़ डॉलर का इस्तेमाल हो चुका है।
कांडला और पारादीप से व्यापार कर सकेगा नेपाल?
नेपाल की सीमा किसी समुद्र से नहीं लगती है। विदेशों से समुद्री रास्ते के जरिए सामान मंगाने और भेजने के लिए उसे भारतीय बंदरगाहों की जरूरत पड़ती है। बालेन शाह ने गुजरात के मुंद्रा और ओडिशा के धामरा बंदरगाह के इस्तेमाल की सुविधा मांगी थी। भारत ने इसके बजाय कांडला के दीनदयाल बंदरगाह और पारादीप बंदरगाह का प्रस्ताव रखा है।
कांडला से नेपाल को अरब सागर के रास्ते यूरोप, अफ्रीका और मध्य पूर्व के देशों के साथ व्यापार करने में सुविधा मिल सकती है। पारादीप का विकल्प मिलने से कोलकाता और विशाखापत्तनम बंदरगाहों पर उसकी निर्भरता कम होगी। कांडला और पारादीप दोनों ही रेल नेटवर्क से जुड़े हुए हैं। ऐसे में नेपाल के बीरगंज स्थित सिरसिया ड्राई पोर्ट तक माल पहुंचाने के लिए नए विकल्प तैयार किए जा सकते हैं।
ट्रेन, पुल और तेल पाइपलाइन पर भी हुआ काम
बालेन शाह के दौरे में परिवहन और ऊर्जा से जुड़ी परियोजनाएं भी चर्चा में रहीं। जनकपुर और अयोध्या के बीच साप्ताहिक ट्रेन सेवा शुरू हो गई है। दार्चुला में नया पुल बनाने को लेकर भी दोनों देशों के बीच समझौता हुआ है। इसके अलावा 669 मेगावाट की लोअर अरुण जलविद्युत परियोजना और सिलीगुड़ी से झापा तक बनने वाली तेल पाइपलाइन का शिलान्यास किया गया।
काठमांडू, भैरहवा और लखनऊ के बीच बी345 दोतरफा हवाई मार्ग को लेकर भी बातचीत हुई। इस दिशा में आगे काम होने से नेपाल के लिए अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन आसान हो सकता है।













