इजरायल में गादी आइजेनकोट के नेतृत्व में सरकार बनाने की कोशिशों के बीच सहयोगी दलों में मंत्रालयों को लेकर खींचतान शुरू हो गई है। सबसे ज्यादा विवाद न्याय मंत्रालय के बंटवारे को लेकर है।
तेल अवीव: इजरायल में चुनाव के बाद नई सरकार के गठन को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। पूर्व सेना प्रमुख गादी आइजेनकोट बहुमत जुटाने के लिए अलग-अलग दलों के नेताओं से बातचीत कर रहे हैं। इस बीच कार्यवाहक प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के एक कथित बयान ने राजनीतिक चर्चा बढ़ा दी है। वहीं, आइजेनकोट के संभावित सहयोगियों के बीच रक्षा, वित्त और न्याय मंत्रालय को लेकर मतभेद सामने आए हैं।
बहुमत जुटाने की कोशिश में लगे आइजेनकोट
इजरायल के राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने गादी आइजेनकोट को सरकार बनाने का जिम्मा सौंपा है। हालांकि उनके पास अभी सरकार गठन के लिए जरूरी बहुमत नहीं है। आइजेनकोट की यशार पार्टी के नेतृत्व वाले गुट के पास 48 सीटें हैं, जबकि नेतन्याहू के नेतृत्व वाले गठबंधन को चुनाव में 53 सीटें मिली थीं। इजरायल की 120 सदस्यीय संसद में बहुमत के लिए 61 सांसदों का समर्थन चाहिए।
चुनाव के बाद सात सीटों वाली यूनाइटेड तोराह जुडाइज्म (UTJ) ने नेतन्याहू के गठबंधन से दूरी बना ली है। इसके बाद आइजेनकोट ने इस पार्टी को अपने साथ लाने की कोशिशें तेज कर दी हैं। अरब नेतृत्व वाले दलों के पास भी कुल 19 सीटें हैं। ये दल नेतन्याहू के विरोध में हैं और आइजेनकोट को समर्थन देने के लिए तैयार बताए जा रहे हैं। हालांकि रूढ़िवादी यहूदी दलों की आपत्तियों के कारण गठबंधन का समीकरण उलझा हुआ है।
नेतन्याहू ने की याकोव अशर से मुलाकात
![]()
बेंजामिन नेतन्याहू भी अपने पुराने सहयोगियों को साथ रखने की कोशिश कर रहे हैं। बुधवार को उन्होंने यूनाइटेड तोराह जुडाइज्म के अध्यक्ष याकोव अशर से मुलाकात की। इस मुलाकात को आइजेनकोट के साथ UTJ की बढ़ती नजदीकियों को रोकने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। इजरायली प्रसारक कान की रिपोर्ट के मुताबिक, नेतन्याहू ने अपने सहयोगियों से कहा कि उन्होंने हार नहीं मानी है, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों में कोई चमत्कार ही उनकी मदद कर सकता है। हालांकि नेतन्याहू की लिकुड पार्टी ने इस रिपोर्ट को गलत बताया है।
लिबरमैन ने बढ़ाया आइजेनकोट की तरफ हाथ
एविग्डोर लिबरमैन की पार्टी यिसराइल बेतेनु और आइजेनकोट की यशार के बीच गठबंधन समझौता हो चुका है। सरकार गठन की कोशिशों में यह आइजेनकोट के लिए महत्वपूर्ण सफलता है। लिबरमैन चाहते हैं कि नई सरकार में यूनाइटेड तोराह जुडाइज्म को भी शामिल किया जाए। दूसरी तरफ यशार और लिकुड के बीच साझा सरकार बनाने की संभावनाओं पर भी बातचीत हुई है। हालांकि इस दिशा में अभी कोई ठोस नतीजा नहीं निकला है।
न्याय मंत्रालय को लेकर सबसे ज्यादा विवाद
सरकार गठन से पहले ही आइजेनकोट के सहयोगियों के बीच महत्वपूर्ण मंत्रालयों को हासिल करने की होड़ शुरू हो गई है। उनके खेमे में यशार के अलावा लिबरमैन की यिसराइल बेतेनु, नेफ्टाली बेनेट की बी-याचाद और यायर गोलन की डेमोक्रेट्स शामिल हैं। लिबरमैन को रक्षा मंत्रालय मिलने की संभावना जताई जा रही है। वह इससे पहले भी नेतन्याहू की सरकार में रक्षा मंत्री रह चुके हैं। वहीं, नेफ्टाली बेनेट को वित्त मंत्रालय और यायर लैपिड को विदेश मंत्रालय सौंपे जाने की चर्चा है।
सबसे अधिक असमंजस न्याय मंत्रालय को लेकर है। इजरायली मीडिया की कुछ रिपोर्टों में यह मंत्रालय लिबरमैन की पार्टी को दिए जाने का दावा किया गया है। वहीं, दूसरी रिपोर्टों के मुताबिक आइजेनकोट की पार्टी इसे अपने पास रखना चाहती है। मंत्रालयों के बंटवारे की आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है।











