ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर सख्त रुख दिखाया है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने पिकएक्स माउंटेन पर सैन्य कार्रवाई की संभावना जताई है। हालांकि, वह अभी ईरान को समझौते का मौका देना चाहते हैं।
वाशिंगटन: ईरान और अमेरिका के बीच परमाणु कार्यक्रम को लेकर विवाद थमता नजर नहीं आ रहा है। गुरुवार को थैंक्सगिविंग के मौके पर अमेरिकी सैनिकों से बात करते हुए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर कई बातें कहीं। फ्लोरिडा में अपने मार-ए-लागो आवास से सैनिकों के साथ बातचीत के दौरान उन्होंने पिकएक्स माउंटेन का नाम लिया। ट्रंप के बयान से साफ है कि अमेरिका ने ईरान के खिलाफ दोबारा सैन्य कार्रवाई का विकल्प बंद नहीं किया है। हालांकि, फिलहाल अमेरिकी राष्ट्रपति समझौते के पक्ष में दिखाई दे रहे हैं।
अभी ईरान पर हमला करने की जल्दी में नहीं ट्रंप
सैनिकों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा कि अगर दोबारा सैन्य कार्रवाई की जरूरत पड़ी तो पिकएक्स माउंटेन को निशाना बनाया जा सकता है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अभी वहां कोई ऐसी बड़ी गतिविधि नहीं दिखी है, जिसके चलते अमेरिका को तुरंत कोई कदम उठाना पड़े। ट्रंप चाहते हैं कि ईरान इस मामले में समझदारी से काम ले।
अमेरिकी राष्ट्रपति का कहना है कि उनकी तरफ से ईरान को समझौता करने का मौका दिया जा रहा है। हालांकि, ईरान के नेता इस मौके का फायदा उठाएंगे या नहीं, इसे लेकर ट्रंप खुद भी आश्वस्त नहीं दिखे।
ईरान की सैन्य ताकत पर क्या बोले ट्रंप?
![]()
अमेरिकी राष्ट्रपति ने बातचीत के दौरान ईरान के खिलाफ पहले की गई सैन्य कार्रवाई का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि ईरान की वायुसेना और नौसेना को काफी नुकसान पहुंच चुका है। अमेरिका ने जिन परमाणु ठिकानों पर हमला किया था, वहां भी ईरान दोबारा काम शुरू नहीं कर पाया है। हालांकि, ईरान की सैन्य ताकत अब कितनी बची है और उसके परमाणु केंद्रों की मौजूदा स्थिति क्या है, इसे लेकर ट्रंप के सभी दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
यूरोप तक पहुंच सकती हैं ईरान की मिसाइलें
ट्रंप ने ईरान की मिसाइलों को लेकर भी चिंता जाहिर की। उनका कहना है कि ईरान के पास यूरोप तक मार करने वाली मिसाइलें हैं। हालांकि, अभी उसकी मिसाइलों की पहुंच अमेरिका की मुख्य भूमि तक नहीं है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि ईरान के हाथ में परमाणु हथियार आने से इजरायल और पश्चिम एशिया के अन्य देशों के लिए मुश्किलें बढ़ सकती हैं। ट्रंप पहले भी कई बार कह चुके हैं कि वह ईरान को परमाणु हथियार बनाने नहीं देंगे। इस बार भी उन्होंने अपने पुराने रुख को दोहराया।











