पलवल जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान 99,173 मतदाताओं को विभिन्न श्रेणियों में चिह्नित किया गया है। पात्र मतदाताओं को दोबारा गणना प्रपत्र जमा करने का अवसर मिलेगा। अंतिम मतदाता सूची 22 दिसंबर को प्रकाशित होगी।
पलवल: हरियाणा के पलवल जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान 99,173 मतदाताओं को अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत, दोहरे नाम और अन्य श्रेणियों में चिह्नित किया गया है। यह संख्या जिले के कुल मतदाताओं की 14.01 प्रतिशत है। जिन पात्र मतदाताओं के नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं, उन्हें दोबारा गणना प्रपत्र जमा करने का अवसर दिया जा रहा है।
पलवल विधानसभा क्षेत्र में सबसे ज्यादा मतदाता चिह्नित
जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में सबसे अधिक मतदाता पलवल विधानसभा क्षेत्र में चिह्नित किए गए हैं। यहां 52,883 मतदाता विभिन्न श्रेणियों में दर्ज किए गए हैं, जो क्षेत्र के कुल मतदाताओं का 19.62 प्रतिशत है।
![]()
होडल विधानसभा क्षेत्र में ऐसे मतदाताओं की संख्या 25,049 है, जो कुल मतदाताओं का 12.72 प्रतिशत है। वहीं, हथीन विधानसभा क्षेत्र में 21,241 मतदाताओं को चिह्नित किया गया है। यहां यह आंकड़ा 8.81 प्रतिशत है।
जिले में 15 जून से 24 जुलाई 2026 तक कुल 7,07,729 मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए गए थे। इनमें से 6,08,556 मतदाताओं ने निर्धारित अवधि में अपने प्रपत्र वापस जमा कराए।
पुनरीक्षण के दौरान 35,915 मतदाता अनुपस्थित, 26,099 स्थानांतरित, 18,003 मृत और 7,562 दोहरे नाम वाली श्रेणी में दर्ज किए गए। इसके अलावा 11,594 मतदाताओं को अन्य श्रेणी में रखा गया है।
मतदान केंद्रों और पंचायत भवनों में उपलब्ध हैं सूचियां
निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार, चिह्नित मतदाताओं की बूथवार सूचियां दोबारा सार्वजनिक की गई हैं। मतदाता संबंधित मतदान केंद्र के नोटिस बोर्ड, पंचायत भवन, शहरी स्थानीय निकाय कार्यालय तथा खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी के कार्यालय में अपना नाम देख सकते हैं।
बूथ लेवल अधिकारी (BLO) संबंधित मतदाताओं से संपर्क कर उन्हें गणना प्रपत्र उपलब्ध करा रहे हैं। व्हाट्सऐप, ई-मेल और SMS के जरिए भी प्रपत्र भेजे जा रहे हैं।
मतदाता अपने पुराने वोटर आईडी (EPIC) नंबर की मदद से निर्वाचन आयोग की आधिकारिक Website या ECINET App से गणना प्रपत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
मतदाता सूची में छूटा हुआ नाम कैसे जुड़वाएं?
जिन मतदाताओं ने अपना निवास स्थान नहीं बदला है, लेकिन समय पर गणना प्रपत्र जमा नहीं कर पाए थे, वे अब निर्धारित घोषणा पत्र के साथ अपना प्रपत्र जमा कर सकते हैं। घोषणा पत्र में पहले प्रपत्र जमा नहीं करने का कारण बताना होगा।
मतदाता स्वयं या परिवार के किसी सदस्य के माध्यम से संबंधित निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ERO), सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (AERO) या BLO के पास दस्तावेज जमा करा सकते हैं। ECINET App पर ई-साइन के साथ Online आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है।
जिन बेघर व्यक्तियों के पास निवास प्रमाण नहीं है, उनके लिए BLO की क्षेत्रीय सत्यापन रिपोर्ट को निवास प्रमाण के रूप में स्वीकार किया जा सकेगा।
22 दिसंबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची
प्राप्त आवेदनों की जांच पंजीकरण निर्वाचक नियम, 1960 के नियम 21(1) के तहत की जाएगी। इस दौरान मतदाता की पात्रता और निवास से संबंधित जानकारी का सत्यापन होगा। जरूरत पड़ने पर अधिकारी क्षेत्रीय जांच भी करेंगे।
स्वीकृत आवेदनों को अंतिम मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा और संबंधित मतदाताओं को उनका पुराना EPIC नंबर वापस आवंटित किया जाएगा। जिन लोगों ने SIR के दौरान पहले ही नए पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 जमा कर दिया है, उन्हें दोबारा गणना प्रपत्र और घोषणा पत्र देने की जरूरत नहीं होगी।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, दावों और आपत्तियों से संबंधित नोटिस तथा उनके निस्तारण की अवधि 15 दिसंबर 2026 तक निर्धारित की गई है। हरियाणा की अंतिम मतदाता सूची 22 दिसंबर को प्रकाशित होगी।











