Delimitation Bill: परिसीमन विधेयक पर NDA का समर्थन कर सकती है जगन मोहन रेड्डी की पार्टी, रखी अहम शर्त

परिसीमन विधेयक पर जगन मोहन रेड्डी की पार्टी NDA का समर्थन कर सकती है। हालांकि, पार्टी ने समर्थन देने के लिए एक अहम शर्त रखी है। जानें पूरा मामला।
Delimitation Bill: परिसीमन विधेयक पर NDA का समर्थन कर सकती है जगन मोहन रेड्डी की पार्टी, रखी अहम शर्त

परिसीमन विधेयक को लेकर जगन मोहन रेड्डी की वाईएसआर कांग्रेस पार्टी ने सशर्त समर्थन के संकेत दिए हैं। पार्टी चाहती है कि लोकसभा सीटों के निर्धारण में क्षेत्रीय संतुलन और राज्यों के हितों का ध्यान रखा जाए।

नई दिल्ली: संसद की कार्यवाही दोबारा शुरू होने से पहले परिसीमन विधेयक को लेकर राजनीतिक समीकरण बदलते नजर आ रहे हैं। आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी की वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (YSRCP) ने इस मुद्दे पर केंद्र सरकार का समर्थन करने के संकेत दिए हैं। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, पार्टी ने समर्थन के लिए क्षेत्रीय संतुलन सुनिश्चित करने की शर्त रखी है। लोकसभा की कार्यवाही 30 नवंबर से शुरू होगी।

क्षेत्रीय संतुलन की शर्त पर समर्थन देगी YSRCP

वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के सूत्रों ने शुक्रवार को समाचार एजेंसी एएनआई को बताया कि यदि केंद्र सरकार परिसीमन विधेयक संसद में पेश करती है, तो पार्टी इसका समर्थन करने के लिए तैयार है। हालांकि, पार्टी ने साफ किया है कि प्रस्ताव में क्षेत्रीय संतुलन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। वाईएसआर कांग्रेस का यह रुख ऐसे समय में सामने आया है, जब केंद्र सरकार संविधान संशोधन के लिए जरूरी बहुमत जुटाने की कोशिश कर रही है। इससे पहले अप्रैल में पेश किए गए संविधान संशोधन विधेयक का भी वाईएसआर कांग्रेस ने समर्थन किया था। 

लोकसभा की अधिकतम सीटें 850 करने का प्रस्ताव

Delimitation Bill: परिसीमन विधेयक पर NDA का समर्थन कर सकती है जगन मोहन रेड्डी की पार्टी, रखी अहम शर्त

परिसीमन से जुड़े पहले के संविधान संशोधन विधेयक में लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 550 से बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव रखा गया था। इसके साथ ही निर्वाचन क्षेत्रों का नए सिरे से निर्धारण करने की योजना भी शामिल थी। दक्षिण भारत के कई राज्यों को चिंता है कि जनसंख्या के आधार पर सीटों का बंटवारा होने से संसद में उनकी हिस्सेदारी प्रभावित हो सकती है। इन राज्यों का तर्क है कि जनसंख्या नियंत्रण के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने का नुकसान उन्हें राजनीतिक प्रतिनिधित्व में नहीं उठाना चाहिए।

ऐसे में आंध्र प्रदेश की राजनीति में सक्रिय वाईएसआर कांग्रेस ने क्षेत्रीय संतुलन को अपने समर्थन का आधार बनाया है। हालांकि, नए विधेयक में सीटों के बंटवारे का क्या फॉर्मूला होगा, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। 

30 नवंबर से शुरू होगी लोकसभा की कार्यवाही

लोकसभा सचिवालय ने गुरुवार को अठारहवीं लोकसभा के आठवें सत्र के दूसरे भाग का कार्यक्रम जारी किया। इसके अनुसार सोमवार, 30 नवंबर 2026 से सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू होगी। सरकारी कामकाज की जरूरतों को देखते हुए यह बैठक तीन दिसंबर तक चल सकती है। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा के सभापति से दोनों सदनों की बैठक बुलाने का अनुरोध किया था। लोकसभा में चार दिन और राज्यसभा में दो दिन कार्यवाही होने का कार्यक्रम है। राज्यसभा की बैठक दो दिसंबर से शुरू होगी। 

महिला आरक्षण कानून लागू करने की तैयारी

परिसीमन विधेयक का संबंध महिला आरक्षण कानून से भी है। संसद ने वर्ष 2023 में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित किया था। इसके तहत लोकसभा और राज्यों की विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 फीसदी सीटें आरक्षित करने का प्रावधान है। हालांकि, महिला आरक्षण लागू करने की प्रक्रिया नई जनगणना और उसके बाद होने वाले परिसीमन से जुड़ी हुई है। केंद्र सरकार वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव तक इस व्यवस्था को लागू करने की दिशा में प्रयास कर रही है।

अप्रैल 2026 में सरकार ने इसी उद्देश्य से 131वां संविधान संशोधन विधेयक पेश किया था, लेकिन लोकसभा में आवश्यक विशेष बहुमत नहीं मिलने के कारण यह पारित नहीं हो सका था।

Leave a comment