Kal Ka Mausam: बिहार में सुबह छाएगा कोहरा, बढ़ने लगी ठिठुरन, जानें 3 दिसंबर तक कैसा रहेगा मौसम

बिहार में 28 नवंबर को सुबह हल्का से मध्यम कोहरा छाया रह सकता है। तीन दिसंबर तक बारिश के आसार नहीं हैं। जानें पटना समेत अन्य जिलों का तापमान और मौसम का हाल।

बिहार में सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, 3 दिसंबर तक बारिश की संभावना नहीं है। अगले 48 घंटों के दौरान कई इलाकों में हल्का से मध्यम कोहरा छाया रहेगा।

पटना: नवंबर का महीना खत्म होने के साथ बिहार में सर्दी का असर महसूस होने लगा है। सुबह के समय कई जिलों में कोहरा दिखाई देने लगा है, जबकि रात के तापमान में भी गिरावट देखने को मिली है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र (IMD) के बुलेटिन के मुताबिक, शनिवार, 28 नवंबर को प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा। अगले एक सप्ताह तक बारिश के आसार नहीं हैं। हालांकि, सुबह के समय वाहन चालकों को कोहरे के कारण सावधानी बरतनी होगी।

अगले दो दिनों तक सुबह के समय छाया रहेगा कोहरा

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 48 घंटों के दौरान बिहार के अधिकांश हिस्सों में सुबह हल्का से मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है। हालांकि, दिन के समय आसमान साफ रहने की उम्मीद है।

पिछले 24 घंटों के दौरान पूर्णिया और गयाजी में हल्का कोहरा दर्ज किया गया। दोनों जगहों पर दृश्यता घटकर 800 मीटर तक पहुंच गई थी। सुबह जल्दी घर से निकलने वाले लोगों और वाहन चालकों को ऐसे मौसम में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

Kal Ka Mausam: बिहार में सुबह छाएगा कोहरा, बढ़ने लगी ठिठुरन, जानें 3 दिसंबर तक कैसा रहेगा मौसम

कोहरे के दौरान वाहन की रफ्तार कम रखें और सामने चल रहे वाहनों से पर्याप्त दूरी बनाकर चलें। फिलहाल मौसम विभाग ने अगले सात दिनों के लिए किसी गंभीर मौसमी स्थिति की चेतावनी जारी नहीं की है।

दिसंबर की शुरुआत में और बढ़ सकती है ठंड

बिहार में अगले तीन से चार दिनों तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। दिन में धूप निकलने से लोगों को ठंड से राहत मिल सकती है, लेकिन सुबह और शाम के समय सर्दी का एहसास बना रहेगा।

मौसम विभाग के अनुसार, तीन दिसंबर के आसपास उत्तर-पश्चिम, उत्तर-मध्य और दक्षिण-पश्चिम बिहार के कुछ हिस्सों में तापमान दो डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। ऐसे में दिसंबर की शुरुआत के साथ इन इलाकों में ठंड का असर कुछ और बढ़ने की संभावना है।

अरवल में सबसे ज्यादा ठंड, भभुआ रहा सबसे गर्म

बीते 24 घंटों के दौरान बिहार के अलग-अलग जिलों में न्यूनतम तापमान 10.6 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। अरवल प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

औरंगाबाद में रात का तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस रहा। रोहतास के डेहरी और सीवान के जीरादेई में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री, जबकि गयाजी में 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राजधानी पटना में अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा भागलपुर में न्यूनतम तापमान 14.8 डिग्री, मुजफ्फरपुर में 15.5 डिग्री और पूर्णिया में 15.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, कैमूर जिले का भभुआ 31.7 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा।

तीन दिसंबर तक बिहार में बारिश के आसार नहीं

मौसम विभाग के मुताबिक, गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से करीब डेढ़ किलोमीटर की ऊंचाई पर चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके अलावा 29 नवंबर के आसपास दक्षिण अंडमान सागर के ऊपर भी नया चक्रवाती परिसंचरण विकसित होने की संभावना है।

हालांकि, इन मौसमी गतिविधियों का बिहार के मौसम पर फिलहाल कोई खास असर पड़ने की उम्मीद नहीं है। प्रदेश में तीन दिसंबर तक बारिश की संभावना नहीं जताई गई है।

मौसम शुष्क रहने से किसानों को खेतों में काम करने में सहूलियत मिल सकती है। वहीं, सुबह और रात के समय बढ़ती ठंड को देखते हुए बुजुर्गों और बच्चों का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है। 

Leave a comment