UP Election 2027: आगरा में गंगा-जमुनी तहजीब संग्रहालय बनाने का सपा का वादा, फतेहपुर सीकरी बनेगा हेरिटेज हब

सपा ने यूपी चुनाव 2027 के घोषणा पत्र में आगरा में गंगा-जमुनी तहजीब संग्रहालय, हेरिटेज हब और पर्यटन में 30 लाख नौकरियों का वादा किया।

समाजवादी पार्टी ने विधानसभा चुनाव 2027 के घोषणा पत्र में आगरा के पर्यटन विकास पर जोर दिया है। पार्टी ने गंगा-जमुनी तहजीब संग्रहालय बनाने, फतेहपुर सीकरी को हेरिटेज हब बनाने और यमुना की सफाई का वादा किया है।

आगरा: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी ने अपना चुनावी घोषणा पत्र '27 का संकल्प, पीडीए का प्रण पत्र' जारी किया है। इसमें आगरा के पर्यटन उद्योग और ऐतिहासिक धरोहरों के विकास को विशेष जगह दी गई है। सपा ने सरकार बनने पर आगरा में गंगा-जमुनी तहजीब का संग्रहालय बनाने और फतेहपुर सीकरी को हेरिटेज टूरिज्म क्लस्टर के रूप में विकसित करने का वादा किया है। इसके अलावा पर्यटन बजट बढ़ाने की बात भी कही गई है।

आगरा में संग्रहालय बनाने का सपा ने किया वादा

समाजवादी पार्टी ने अपने घोषणा पत्र में आगरा की साझा सांस्कृतिक विरासत को समर्पित संग्रहालय बनाने की बात कही है। पार्टी का प्रस्ताव है कि गंगा-जमुनी तहजीब से जुड़ी संस्कृति और परंपराओं को संग्रहालय के माध्यम से लोगों के सामने लाया जाए।

UP Election 2027: आगरा में गंगा-जमुनी तहजीब संग्रहालय बनाने का सपा का वादा, फतेहपुर सीकरी बनेगा हेरिटेज हब

इससे पहले सपा ने अपने 2012 से 2017 के शासनकाल के दौरान आगरा में संग्रहालय बनाने की पहल की थी। जनवरी 2016 में शिल्पग्राम के पास मुगल संग्रहालय का निर्माण शुरू कराया गया था। सितंबर 2020 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसका नाम बदलकर छत्रपति शिवाजी महाराज म्यूजियम कर दिया था। इसके भवन का निर्माण अंतिम चरण में बताया जा रहा है।

अब सपा ने अपने नए घोषणा पत्र में गंगा-जमुनी तहजीब संग्रहालय बनाने का प्रस्ताव रखा है। हालांकि, इसके निर्माण स्थल और बजट की जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

पर्यटन क्षेत्र में 30 लाख नौकरियों का लक्ष्य

सपा ने सत्ता में आने के तीन महीने के भीतर पर्यटन नीति 2027 लाने का वादा किया है। इस नीति के माध्यम से प्रदेश में 30 लाख रोजगार के अवसर पैदा करने का लक्ष्य रखा गया है।

देशी और विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए ब्रांड यूपी का प्रचार किया जाएगा। पर्यटन उद्योग से जुड़े गाइड, कर्मचारियों और अन्य पेशेवरों के लिए समूह बीमा और पेंशन योजना लाने की बात भी घोषणा पत्र में शामिल है।

फतेहपुर सीकरी और ऐतिहासिक स्मारकों के विकास पर जोर

कभी मुगल साम्राज्य की राजधानी रहे फतेहपुर सीकरी को सपा ने हेरिटेज टूरिज्म क्लस्टर के रूप में विकसित करने का वादा किया है। पार्टी प्रदेश के प्रमुख ऐतिहासिक स्मारकों को रात के समय रोशन करने और पर्यटन स्थलों के आसपास सुविधाएं बढ़ाने की योजना भी लेकर आई है।

कम चर्चित ऐतिहासिक स्मारकों की जियो टैगिंग कर उन्हें पर्यटन मानचित्र पर पहचान दिलाने का प्रस्ताव रखा गया है। हेरिटेज आर्क की दोबारा ब्रांडिंग और यूपी ट्रैवल मार्ट शुरू करने की बात भी कही गई है।

यमुना की सफाई और पर्यावरण संरक्षण भी घोषणा पत्र में शामिल

आगरा में यमुना की स्वच्छता और नदी के पुनर्जीवन का मुद्दा भी सपा के घोषणा पत्र में शामिल है। पार्टी ने सरकार बनने पर केंद्र और दिल्ली सरकार के सामने इस विषय को उठाने की बात कही है। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए रिवरफ्रंट विकसित करने का प्रस्ताव भी रखा गया है।

इसके अलावा प्रदेश में इको-टूरिज्म क्लस्टर और साइकिल हाईवे नेटवर्क विकसित करने की योजना है। पर्यावरण के अनुकूल व्यवसायों को प्रोत्साहन देने के लिए उद्यमिता विकास नीति लाने का वादा किया गया है।

Leave a comment