International Day Against Child Marriage 2026: क्यों मनाया जाता है अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस, जानें इसका इतिहास और महत्व

पहली बार 27 नवंबर 2026 को अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस मनाया जाएगा। जानें इसका इतिहास, उद्देश्य, महत्व, बाल विवाह के दुष्परिणाम और कानूनी प्रावधान।

बाल विवाह बच्चों से उनकी पढ़ाई, बचपन और अपने भविष्य का फैसला करने का अधिकार छीन लेता है। बाल विवाह रोकने, लड़कियों की शिक्षा को बढ़ावा देने और बच्चों के अधिकारों के प्रति समाज को जागरूक करने के उद्देश्य से बाल विवाह उन्मूलन के लिए विभिन्न स्तरों पर अभियान चलाए जाते हैं।

International Day Against Child Marriage 2026: दुनिया में पहली बार 27 नवंबर 2026 को अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस मनाया जाएगा। संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 4 सितंबर 2026 को हर साल 27 नवंबर को इस दिवस के रूप में मनाने का प्रस्ताव स्वीकार किया था। इसका आधिकारिक नाम 'International Day for the Elimination of Child, Early and Forced Marriage' है। इस पहल का उद्देश्य बाल विवाह, कम उम्र में विवाह और जबरन शादी जैसी प्रथाओं को समाप्त करना है। 

अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस का इतिहास

बाल विवाह के खिलाफ दुनिया के कई देशों में लंबे समय से अभियान चल रहे हैं। इसके बावजूद गरीबी, अशिक्षा और पुरानी सामाजिक रूढ़ियों के कारण बच्चों की कम उम्र में शादी कर दी जाती है।

International Day Against Child Marriage 2026: क्यों मनाया जाता है अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस, जानें इसका इतिहास और महत्व

मार्च 2026 में बाल अधिकारों के लिए काम करने वाले संगठन जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन के संस्थापक भुवन ऋभु ने संयुक्त राष्ट्र के महिला स्थिति आयोग के मंच पर इस विषय को लेकर अंतरराष्ट्रीय दिवस घोषित करने की मांग उठाई थी।

इसके बाद 4 सितंबर 2026 को संयुक्त राष्ट्र महासभा ने प्रस्ताव स्वीकार करते हुए 27 नवंबर की तारीख निर्धारित की। वर्ष 2026 में पहली बार यह अंतरराष्ट्रीय दिवस मनाया जाएगा। 

भारत में 27 नवंबर का खास महत्व

भारत में भी 27 नवंबर की तारीख बाल विवाह के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान से जुड़ी है। केंद्र सरकार ने 27 नवंबर 2024 को 'बाल विवाह मुक्त भारत' अभियान शुरू किया था। इसका मकसद देश में बाल विवाह के मामलों को रोकना और बेटियों को पढ़ाई के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की ओर से 27 नवंबर 2026 को इस अभियान की दूसरी वर्षगांठ पर राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इसमें नागरिकों और विभिन्न संस्थाओं से बाल विवाह के खिलाफ संकल्प लेने की अपील की गई है। 

बाल विवाह से बच्चों के जीवन पर क्या असर पड़ता है?

जिस उम्र में बच्चों को स्कूल जाना चाहिए और अपने भविष्य के लिए सपने देखने चाहिए, उस उम्र में शादी होने से उन पर पारिवारिक जिम्मेदारियों का बोझ आ जाता है। खासकर लड़कियों की पढ़ाई बीच में छूट जाती है और उनके लिए आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनना मुश्किल हो जाता है।

कम उम्र में गर्भधारण करने से मां और बच्चे दोनों के स्वास्थ्य को खतरा हो सकता है। इसके अलावा बाल विवाह के कारण घरेलू हिंसा और मानसिक तनाव का जोखिम भी बढ़ सकता है।

यूनिसेफ के अनुमान के मुताबिक, दुनिया में हर साल करीब 1.2 करोड़ लड़कियों की शादी 18 वर्ष की उम्र पूरी होने से पहले हो जाती है। 

भारत में शादी के लिए कितनी उम्र होना जरूरी है?

भारत में बाल विवाह रोकने के लिए बाल विवाह निषेध अधिनियम, 2006 लागू है। इस कानून के अनुसार लड़कियों की शादी के लिए न्यूनतम उम्र 18 वर्ष और लड़कों के लिए 21 वर्ष निर्धारित है।

इससे कम उम्र में विवाह कराना कानून का उल्लंघन है। बाल विवाह कराने या उसमें सहयोग करने वाले लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का भी प्रावधान है। 

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, भारत में 18 वर्ष की उम्र से पहले शादी करने वाली 20 से 24 वर्ष की महिलाओं का प्रतिशत NFHS-5 में 23.3 था, जो NFHS-6 में घटकर 20.1 प्रतिशत रह गया है। 

अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस का महत्व

बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को खत्म करने के लिए केवल कानून बनाना पर्याप्त नहीं है। इसके लिए समाज की सोच में बदलाव लाना भी जरूरी है। बेटियों को पढ़ने, आगे बढ़ने और अपने भविष्य का फैसला करने का अवसर मिलना चाहिए।

इस दिवस के माध्यम से सरकारों, सामाजिक संस्थाओं, शिक्षकों और अभिभावकों को बच्चों के अधिकारों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जाता है। संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों में भी वर्ष 2030 तक बाल विवाह समाप्त करने का लक्ष्य शामिल है।

बाल विवाह की जानकारी मिलने पर कहां करें शिकायत?

यदि आपके आसपास किसी नाबालिग की शादी कराई जा रही है तो इसकी सूचना स्थानीय पुलिस, जिला प्रशासन या बाल विवाह निषेध अधिकारी को दे सकते हैं। इसके अलावा चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर भी संपर्क किया जा सकता है। यह सेवा चौबीसों घंटे उपलब्ध रहती है। 

बाल विवाह रोकने के लिए प्रत्येक नागरिक का सहयोग जरूरी है। इससे संबंधित जानकारी और शिकायत के लिए सरकार के आधिकारिक पोर्टल stopchildmarriage.wcd.gov.in पर जाएं। बच्चों को सुरक्षित बचपन और बेहतर भविष्य देने के लिए समाज में जागरूकता फैलाएं।

Leave a comment