UKSSSC SI Recruitment 2026: उत्तराखंड में एसआई समेत 200 पदों पर भर्ती, 1 दिसंबर तक करें आवेदन

उत्तराखंड में एसआई, प्लाटून कमांडर समेत 200 पदों पर भर्ती शुरू हो गई है। उम्मीदवार 1 दिसंबर तक आवेदन कर सकते हैं। जानें योग्यता, आवेदन शुल्क और वेतन की जानकारी।
UKSSSC SI Recruitment 2026: उत्तराखंड में एसआई समेत 200 पदों पर भर्ती, 1 दिसंबर तक करें आवेदन

उत्तराखंड में सब इंस्पेक्टर, प्लाटून कमांडर, अग्निशमन द्वितीय अधिकारी और उप आबकारी निरीक्षक के 200 पदों पर भर्ती निकली है। इच्छुक उम्मीदवार 1 दिसंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों को पद के अनुसार 1,42,400 रुपये तक का वेतनमान मिलेगा।

नई दिल्ली: उत्तराखंड में पुलिस विभाग में नौकरी करने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छा अवसर है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की ओर से सब इंस्पेक्टर समेत कई पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे गए हैं। इस भर्ती में स्नातक पास युवाओं के अलावा 12वीं पास उम्मीदवारों के लिए भी मौका है। आवेदन करने से पहले अभ्यर्थी अपनी शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और पद से जुड़ी अन्य शर्तों को जरूर देख लें।

नागरिक पुलिस में एसआई के सबसे ज्यादा पद

उत्तराखंड में होने जा रही इस भर्ती में पांच अलग-अलग पदों के लिए आवेदन मांगे गए हैं। कुल 200 रिक्तियों में सबसे ज्यादा 93 पद नागरिक पुलिस में उप निरीक्षक के हैं। अभिसूचना विभाग में भी 19 उप निरीक्षकों की नियुक्ति होगी। इन दोनों पदों के लिए महिलाएं भी आवेदन कर सकेंगी।

UKSSSC SI Recruitment 2026: उत्तराखंड में एसआई समेत 200 पदों पर भर्ती, 1 दिसंबर तक करें आवेदन

पीएसी और आईआरबी में प्लाटून कमांडर के 81 पद पुरुष उम्मीदवारों के लिए हैं। इसके अलावा अग्निशमन द्वितीय अधिकारी के पांच और उप आबकारी निरीक्षक के दो पद खाली हैं, जिन्हें इस भर्ती के जरिए भरा जाएगा।

किस पद के लिए कितनी पढ़ाई जरूरी?

अगर आपने किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से बारहवीं की पढ़ाई पूरी कर ली है तो उप आबकारी निरीक्षक के पद के लिए आवेदन कर सकते हैं। वहीं, पुलिस में सब इंस्पेक्टर या प्लाटून कमांडर बनने के लिए ग्रेजुएशन पूरा होना चाहिए। अग्निशमन द्वितीय अधिकारी के पद के लिए भी स्नातक की योग्यता रखी गई है। पद से जुड़ी अन्य शैक्षणिक शर्तें उम्मीदवार भर्ती विज्ञापन में पढ़ लें।

35 साल तक के उम्मीदवार कर सकेंगे आवेदन

भर्ती में शामिल होने के लिए अभ्यर्थी की उम्र कम से कम 21 साल होनी चाहिए। अधिकतम आयु 35 साल रखी गई है। आरक्षित वर्ग से आने वाले युवाओं को सरकारी नियमों के तहत उम्र में छूट का लाभ भी मिलेगा। आवेदन भरने से पहले नोटिफिकेशन में आयु की गणना के लिए निर्धारित तारीख जरूर देख लें।

एसआई बनने पर कितना मिलेगा वेतन?

आयोग ने अलग-अलग पदों के हिसाब से वेतनमान तय किया है। उप आबकारी निरीक्षक के लिए वेतनमान 29,200 रुपये से 92,300 रुपये तक है। इसके अलावा एसआई, प्लाटून कमांडर और बाकी पदों पर नियुक्ति पाने वाले अभ्यर्थियों का वेतनमान 44,900 रुपये से शुरू होकर 1 लाख 42 हजार 400 रुपये तक होगा। हाथ में मिलने वाली सैलरी सरकारी भत्तों और कटौतियों पर निर्भर करेगी।

दिसंबर के पूरे महीने कर सकेंगे आवेदन

आयोग की ओर से 25 नवंबर को भर्ती का विज्ञापन जारी किया गया था। एक दिसंबर 2026 से ऑनलाइन फॉर्म भरने की सुविधा मिलेगी। उम्मीदवारों के पास आवेदन करने के लिए 31 दिसंबर तक का समय रहेगा।

यदि फॉर्म भरते वक्त कोई गलती हो जाती है तो उसे सुधारने के लिए आयोग जनवरी में तीन दिन का समय देगा। अभ्यर्थी 4 जनवरी से 6 जनवरी 2027 के बीच अपने आवेदन में अनुमत सुधार कर सकेंगे।

आरक्षित वर्ग को आवेदन शुल्क में राहत

भर्ती का फॉर्म भरने के लिए अनारक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को 300 रुपये जमा करने होंगे। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों के लिए यह शुल्क 150 रुपये रखा गया है।किस श्रेणी के लिए कितना शुल्क देना है, इसकी विस्तृत जानकारी आयोग के भर्ती विज्ञापन में देख सकते हैं।

आयोग की वेबसाइट पर भरना होगा फॉर्म

उत्तराखंड पुलिस में नौकरी के इच्छुक युवा आयोग की वेबसाइट sssc.uk.gov.in खोलें। एक दिसंबर से वेबसाइट पर इस भर्ती के लिए आवेदन का लिंक उपलब्ध होगा। पहली बार आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को अपना रजिस्ट्रेशन करना होगा।

इसके बाद फॉर्म में नाम, जन्मतिथि और पढ़ाई से जुड़ी जानकारी दर्ज करें। मांगे गए प्रमाणपत्रों के साथ फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करें।

Leave a comment