BOB Vacancy 2026: बैंक ऑफ बड़ौदा में 837 पदों पर भर्ती, अब 7 दिसंबर तक कर सकेंगे आवेदन

बैंक ऑफ बड़ौदा में 837 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन की अंतिम तारीख 7 दिसंबर 2026 तक बढ़ाई गई है। जानें पदों का विवरण, योग्यता, आवेदन शुल्क और चयन प्रक्रिया।

बैंक ऑफ बड़ौदा ने वेल्थ मैनेजमेंट विभाग में 837 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ा दी है। इच्छुक उम्मीदवार अब 7 दिसंबर 2026 तक Online आवेदन कर सकते हैं।

नई दिल्ली: बैंक ऑफ बड़ौदा में नौकरी की तलाश कर रहे उम्मीदवारों के लिए अच्छी खबर है। बैंक ने हेड, असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट और सीनियर रिलेशनशिप मैनेजर समेत कई पदों पर आवेदन करने की समय सीमा बढ़ा दी है। पहले इस भर्ती के लिए 24 नवंबर तक फॉर्म भरे जाने थे। अब उम्मीदवारों को 7 दिसंबर 2026 तक आवेदन करने का मौका दिया गया है।

सीनियर रिलेशनशिप मैनेजर के सबसे ज्यादा पद खाली

बैंक ऑफ बड़ौदा में इस बार वेल्थ मैनेजमेंट विभाग के लिए 837 भर्तियां निकली हैं। अकेले सीनियर रिलेशनशिप मैनेजर (डिप्टी मैनेजर) के ही 791 पद हैं। बाकी नियुक्तियां अलग-अलग अधिकारी पदों पर होंगी। इनमें टेरिटरी हेड असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट के 35, ग्रुप हेड असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट के आठ, इन्वेस्टमेंट प्रोडक्ट मैनेजर के दो और हेड इन्वेस्टमेंट असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट का एक पद है।

BOB Vacancy 2026: बैंक ऑफ बड़ौदा में 837 पदों पर भर्ती, अब 7 दिसंबर तक कर सकेंगे आवेदन

इस भर्ती का विज्ञापन BOB/HRM/REC/ADVT/2026/20 के तहत जारी हुआ था। बैंक ने 4 नवंबर 2026 से फॉर्म भरने की सुविधा शुरू कर दी थी। अब आवेदन की समय सीमा बढ़ा दी गई है।

किस पद के लिए कितनी पढ़ाई और अनुभव चाहिए?

बैंकिंग और फाइनेंस सेक्टर में पहले से काम कर रहे लोगों के लिए यह भर्ती एक अच्छा अवसर है। ग्रुप हेड की नौकरी के लिए ग्रेजुएशन के बाद मैनेजमेंट में दो वर्षीय पीजी डिग्री या डिप्लोमा मांगा गया है। फाइनेंस, बैंकिंग या मार्केटिंग में एमबीए और संबंधित सर्टिफिकेट के साथ 12 साल का अनुभव भी जरूरी है।

हेड इन्वेस्टमेंट के लिए अनुभव की अवधि 10 साल रखी गई है। इस पद के लिए ग्रेजुएशन और संबंधित NISM सर्टिफिकेट होना चाहिए। वहीं, टेरिटरी हेड के लिए आठ साल का अनुभव मांगा गया है। मैनेजमेंट की डिग्री और संबंधित प्रोफेशनल सर्टिफिकेट वाले लोगों को वरीयता मिलेगी।

पांच साल का अनुभव रखने वाले ग्रेजुएट अभ्यर्थी संबंधित NISM सर्टिफिकेट होने पर इन्वेस्टमेंट प्रोडक्ट मैनेजर के लिए फॉर्म भर सकते हैं। सीनियर रिलेशनशिप मैनेजर के लिए तीन साल का अनुभव मांगा गया है। अभ्यर्थी के पास स्नातक की डिग्री के साथ निर्धारित NISM या IRDA सर्टिफिकेट होना चाहिए।

नौकरी के लिए कैसे होगा चयन?

बैंक में कितने आवेदन आते हैं और उम्मीदवारों की योग्यता क्या है, इसके आधार पर चयन की आगे की प्रक्रिया तय होगी। आवेदनों की छंटनी के बाद बैंक अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए बुला सकता है। आवश्यकता पड़ने पर ऑनलाइन परीक्षा, साइकोमेट्रिक टेस्ट या अन्य परीक्षा भी कराई जा सकती है।

फॉर्म की फीस सभी उम्मीदवारों के लिए एक जैसी नहीं है। जनरल, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए 850 रुपये शुल्क है। महिला अभ्यर्थियों समेत एससी, एसटी, दिव्यांग, पूर्व सैनिक और दिवंगत पूर्व सैनिकों के आश्रितों को 175 रुपये देने होंगे। फीस ऑनलाइन ही जमा होगी।

बैंक की वेबसाइट से भर सकेंगे फॉर्म

भर्ती का फॉर्म बैंक ऑफ बड़ौदा की वेबसाइट bankofbaroda.bank.in पर उपलब्ध है। इसके लिए वेबसाइट पर दिए गए करियर सेक्शन में जाना होगा। यहां वेल्थ मैनेजमेंट भर्ती का विज्ञापन और आवेदन का लिंक मिलेगा। रजिस्ट्रेशन के बाद उम्मीदवार अपना फॉर्म भर सकेंगे।

फॉर्म भरते समय शैक्षणिक प्रमाणपत्र और पुरानी नौकरी से जुड़े दस्तावेज अपने पास रखें। आवेदन में मांगी गई जानकारी दर्ज करने के बाद दस्तावेज अपलोड करें और फीस जमा कर दें। फॉर्म जमा हो जाने पर उसका प्रिंट निकालकर रख लें।

बैंक ने आवेदन के लिए 7 दिसंबर तक का समय दिया है। हालांकि, फॉर्म भरने से पहले अभ्यर्थी अपनी उम्र और कार्य अनुभव का मिलान भर्ती विज्ञापन में दी गई शर्तों से जरूर कर लें। भर्ती से जुड़ी अन्य जानकारियां भी बैंक की वेबसाइट पर देखी जा सकती हैं।

Leave a comment