अजमेर साइबर ठगी केस: अस्पताल में भर्ती बताकर ठगे 1 लाख, आगरा से 2 आरोपी गिरफ्तार

अजमेर पुलिस ने साइबर ठगी मामले में आगरा से 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने अस्पताल में भर्ती होने का झांसा देकर पीड़ित के खाते से 1 लाख रुपए उड़ाए।

अजमेर पुलिस ने साइबर ठगी के मामले में आगरा से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने अस्पताल में भर्ती होने का झांसा देकर पीड़ित से ऑनलाइन ट्रांजैक्शन करवाया और उसके खाते से 1 लाख रुपए निकाल लिए

अजमेर:  कराजस्थान के बिहारीगंज निवासी 54 वर्षीय रामगोपाल शर्मा को 21 फरवरी की रात एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। फोन करने वाले ने खुद को अस्पताल में भर्ती बताया और कहा कि वह भुगतान नहीं कर पा रहा है। उसने भरोसा जीतने के लिए मदद मांगी और पीड़ित को एक दूसरे नंबर पर पैसे भेजने के लिए कहा। झांसे में आकर रामगोपाल ने चार बार ऑनलाइन पेमेंट कर दिया। अगले दिन जब उन्होंने बैंक खाता चेक किया, तो करीब 1 लाख रुपए की निकासी का पता चला। शिकायत के बाद अलवर गेट थाने में मामला दर्ज किया गया।

तकनीकी जांच से खुली साजिश

मामले की जांच के लिए पुलिस ने विशेष टीम बनाई। मोबाइल नंबर, बैंक खातों और डिजिटल ट्रांजैक्शन की जांच में कई अहम सुराग मिले। पुलिस को पता चला कि जिन खातों का इस्तेमाल ठगी में हुआ, वे सीधे आरोपियों के नाम पर नहीं थे। जांच से सामने आया कि साइबर ठग पहले भोले-भाले लोगों को लालच देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाते थे। बाद में उन खातों की पासबुक, एटीएम और जरूरी दस्तावेज अपने पास रख लेते थे।

आगरा से दो आरोपी गिरफ्तार

तकनीकी ट्रैकिंग के आधार पर पुलिस टीम उत्तर प्रदेश के आगरा पहुंची और वहां से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान संजु (22) और विमल कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि संजु लोगों के खाते खुलवाने और दस्तावेज लेने का काम करता था, जबकि विमल उन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी के लिए करता था। दोनों को अजमेर लाकर अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस ने एक दिन का रिमांड लिया।

ऑपरेशन म्यूल हंटर के तहत कार्रवाई

यह गिरफ्तारी राजस्थान पुलिस के ‘ऑपरेशन म्यूल हंटर’ के तहत की गई है, जिसका मकसद साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले फर्जी बैंक खातों के नेटवर्क को खत्म करना है। पुलिस अब आरोपियों से ठगी की रकम बरामद करने और उनके अन्य साथियों की जानकारी जुटाने में लगी है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, ऑनलाइन पेमेंट रिक्वेस्ट या भावनात्मक दबाव में आकर पैसे ट्रांसफर न करें और ठगी की आशंका होने पर तुरंत शिकायत करें।

Leave a comment