इलाहाबाद यूनिवर्सिटी में पीएचडी में एडमिशन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस बार यूनिवर्सिटी और उसके संघटक महाविद्यालयों में कुल 959 पीएचडी सीटों पर दाखिला दिया जाएगा।
PhD Admission 2026: इलाहाबाद यूनिवर्सिटी में पीएचडी एडमिशन 2026 की प्रक्रिया शुरू हो गई है। विश्वविद्यालय और उसके संघटक महाविद्यालयों में इस साल कुल 959 पीएचडी सीटों पर दाखिला दिया जाएगा। इच्छुक और योग्य उम्मीदवारों के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 2 सितंबर 2026 से शुरू हो चुकी है। आवेदन करने की अंतिम तारीख 25 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।
उम्मीदवारों को तय समयसीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भरने के साथ निर्धारित आवेदन शुल्क भी जमा करना होगा। विश्वविद्यालय की ओर से इस बार पीएचडी प्रवेश के लिए कुल 49 विषयों का प्रावधान किया गया है। हालांकि, इनमें से चार विषय ऐसे हैं, जिनमें इस सत्र के लिए कोई सीट उपलब्ध नहीं है।
25 सितंबर तक कर सकते हैं आवेदन
इलाहाबाद यूनिवर्सिटी PhD Admission 2026 के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 2 सितंबर से शुरू हो चुका है। उम्मीदवार 25 सितंबर तक आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख भी इसी समयसीमा के भीतर रखी गई है। आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को विश्वविद्यालय के आधिकारिक पीएचडी एडमिशन पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करना होगा। आवेदन के दौरान अभ्यर्थियों को आवश्यक व्यक्तिगत, शैक्षणिक और अन्य जानकारी सावधानीपूर्वक दर्ज करनी होगी।
कब होगी PhD प्रवेश परीक्षा?
विश्वविद्यालय ने अभी पीएचडी एडमिशन परीक्षा की तारीख घोषित नहीं की है। इसलिए उम्मीदवारों को परीक्षा कार्यक्रम से जुड़ी अगली आधिकारिक सूचना का इंतजार करना होगा। परीक्षा से पहले एडमिट कार्ड जारी किया जाएगा। वहीं, परीक्षा के बाद रिजल्ट जारी करने की तारीख भी विश्वविद्यालय की ओर से अलग से घोषित की जाएगी। ऐसे में उम्मीदवारों के लिए जरूरी है कि वे आवेदन करने के बाद एडमिशन पोर्टल पर समय-समय पर अपडेट चेक करते रहें।
यूनिवर्सिटी कैंपस में 470 सीटें
![]()
इस साल 959 पीएचडी सीटों में से 470 सीटें विश्वविद्यालय परिसर में उपलब्ध हैं, जबकि बाकी 489 सीटें संघटक महाविद्यालयों में निर्धारित की गई हैं।विश्वविद्यालय परिसर में अलग-अलग विषयों के लिए सीटों की संख्या अलग रखी गई है। केमिस्ट्री में सबसे ज्यादा 84 सीटें हैं। इसके बाद कॉमर्स एंड बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में 75 और फिजिक्स में 74 सीटें उपलब्ध हैं। विधि विषय में 56 और हिंदी में 50 सीटें निर्धारित हैं।
इसके अलावा अंग्रेजी और दर्शनशास्त्र में 45-45 सीटें, प्राचीन इतिहास, संस्कृति एवं पुरातत्व में 43, गणित में 34, कंप्यूटर साइंस में 28, अर्थशास्त्र में 27 और इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन में 23 सीटें हैं। जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन में चार सीटों का प्रावधान किया गया है।
संघटक कॉलेजों में 489 सीटों पर प्रवेश
पीएचडी की शेष 489 सीटें विश्वविद्यालय के संघटक महाविद्यालयों में हैं। इनमें सबसे अधिक 203 सीटें इलाहाबाद डिग्री कॉलेज में रखी गई हैं। इसके बाद सीएमपी में 89, एसएस खन्ना में 46 और जगत तारन में 36 सीटें उपलब्ध हैं। इलाहाबाद डिग्री कॉलेज में अकेले विधि विषय के लिए 38 सीटें निर्धारित की गई हैं। इस तरह विश्वविद्यालय और कॉलेजों को मिलाकर अलग-अलग विषयों में शोध करने के इच्छुक उम्मीदवारों के लिए बड़ी संख्या में अवसर उपलब्ध हैं।
किन उम्मीदवारों को क्वालीफाइंग परीक्षा से छूट?
विश्वविद्यालय ने कुछ विशेष श्रेणियों के उम्मीदवारों को क्वालीफाइंग परीक्षा की अनिवार्यता से छूट देने का प्रावधान किया है। इसमें इलाहाबाद यूनिवर्सिटी और उसके संघटक कॉलेजों के नियमित एवं स्थायी शिक्षक शामिल हैं। इसके अलावा कम से कम 10 वर्ष की सेवा पूरी कर चुके कर्नल रैंक के सशस्त्र बलों के अधिकारी, अंतरराष्ट्रीय आवेदक और न्यूनतम 10 वर्ष की नियमित सेवा वाले निर्धारित अंशकालिक आवेदकों को भी क्वालीफाइंग परीक्षा से छूट दी गई है।









