Microsoft Outlook Lite ऐप 25 मई 2026 के बाद बंद हो जाएगा, जिससे Android यूजर्स को मुख्य Outlook Mobile ऐप पर शिफ्ट करना होगा। कंपनी बेहतर फीचर्स और सुरक्षा के लिए एकीकृत प्लेटफॉर्म पर काम कर रही है। हालांकि, यूजर्स का डेटा सुरक्षित रहेगा और आसानी से नए ऐप में उपलब्ध होगा।
Outlook Lite shutdown update: Microsoft ने घोषणा की है कि Outlook Lite ऐप 25 मई 2026 के बाद पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा, जिसके चलते Android यूजर्स को नया Outlook Mobile ऐप इस्तेमाल करना होगा। यह फैसला कंपनी द्वारा अपने ईमेल सर्विस को एकीकृत और अधिक सुरक्षित प्लेटफॉर्म पर लाने की रणनीति का हिस्सा है। यह बदलाव वैश्विक स्तर पर उन सभी यूजर्स पर लागू होगा जो हल्के ईमेल ऐप पर निर्भर थे। कंपनी के मुताबिक, यह प्रक्रिया 2025 में Play Store से डाउनलोडिंग बंद होने के साथ शुरू हो चुकी है और 2026 तक पूरी हो जाएगी। हालांकि, यूजर्स का ईमेल डेटा सुरक्षित रहेगा और नए ऐप में आसानी से एक्सेस किया जा सकेगा।
क्यों बंद हो रहा है Outlook Lite ऐप?
Microsoft ने पहले ही संकेत दे दिए थे कि Outlook Lite को चरणबद्ध तरीके से हटाया जाएगा। साल 2025 में इसे Google Play Store से हटाने की प्रक्रिया शुरू हुई थी और अक्टूबर 2025 से इसकी नई डाउनलोडिंग भी बंद कर दी गई।
कंपनी का कहना है कि वह अब एक ही मजबूत प्लेटफॉर्म पर काम करना चाहती है, जिसमें ज्यादा फीचर्स और बेहतर सुरक्षा मिले। इसी वजह से यूजर्स को अब मुख्य Outlook ऐप पर शिफ्ट किया जा रहा है।

यूजर्स पर क्या असर पड़ेगा और डेटा रहेगा सुरक्षित
रिपोर्ट्स के अनुसार, 25 मई 2026 के बाद Outlook Lite ऐप खुल तो सकता है, लेकिन इसके ज्यादातर फीचर्स काम नहीं करेंगे। यूजर्स अपने मेलबॉक्स, नेविगेशन और अन्य जरूरी विकल्पों का इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे।
हालांकि राहत की बात यह है कि इस बदलाव से किसी भी यूजर का डेटा डिलीट नहीं होगा। ईमेल, कैलेंडर और अटैचमेंट सुरक्षित रहेंगे और नए Outlook Mobile ऐप में लॉगिन करने पर आसानी से उपलब्ध हो जाएंगे।
कैसे करें नए Outlook ऐप पर स्विच
Microsoft ने माइग्रेशन प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए ऐप के अंदर ही अपग्रेड का विकल्प दिया है। यूजर्स सीधे वहां से Play Store पर जाकर नया Outlook Mobile ऐप डाउनलोड कर सकते हैं।
इसके अलावा, चाहें तो यूजर्स खुद भी Play Store में जाकर ऐप इंस्टॉल कर सकते हैं और पुराने अकाउंट से लॉगिन करके अपने सभी डेटा को फिर से एक्सेस कर सकते हैं।









