शामली में अंकित बालियान हत्याकांड से जुड़ी अफवाहों, फर्जी पोस्ट और धमकियों पर पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। दो मुकदमे दर्ज कर छह लोगों को नामजद किया गया है, जबकि 20 फर्जी Instagram ID सस्पेंड कराई गई हैं।
शामली: अंकित बालियान हत्याकांड को लेकर इंटरनेट मीडिया पर फैल रही भ्रामक सूचनाओं और परिवार को मिल रही धमकियों के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं, जिनमें छह लोगों को नामजद किया गया। इसके साथ ही 20 फर्जी Instagram ID सस्पेंड कराई गई हैं, जिनसे लगातार आपत्तिजनक और धमकी भरी पोस्ट की जा रही थीं।
फर्जी पोस्ट और धमकियों पर पुलिस ने कसा शिकंजा
पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हरियाणा में चर्चित हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड के बाद सोशल मीडिया पर लगातार फर्जी दावे, अफवाहें और भ्रामक पोस्ट प्रसारित की जा रही थीं। पुलिस के अनुसार, इनमें से कई अकाउंट फरार शूटर सत्यम कादयान के नाम से बनाए गए थे।
![]()
एक फर्जी Instagram ID के जरिए अंकित बालियान के परिवार को बम से उड़ाने की धमकी भी दी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर क्राइम थाना पुलिस ने सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच शुरू की और संबंधित अकाउंट्स की पहचान कर कार्रवाई की।
हत्या के बाद लगातार सामने आईं फर्जी आईडी
26 अगस्त को शामली के कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला आर्यपुरी में अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने 31 अगस्त को सोनीपत निवासी 50-50 हजार रुपये के इनामी शूटर सुमित और मोहित को एनकाउंटर में मार गिराया था। वहीं, आर्यन संधू और सत्यम कादयान अभी फरार हैं और उनकी तलाश में पुलिस टीमें जुटी हैं।
हत्याकांड के अगले दिन से ही सोशल मीडिया पर अलग-अलग फर्जी अकाउंट्स से मामले को लेकर पोस्ट की जा रही थीं। 27 अगस्त को हरियाणवी सिंगर भूपेंद्र ढिंगरा की ID से हत्या की जिम्मेदारी लेने वाला एक फर्जी वीडियो भी पोस्ट किया गया था। बाद में भूपेंद्र ढिंगरा ने वीडियो जारी कर माफी मांगी।
इसके अलावा सत्यम कादयान के नाम से करीब 10 फर्जी Instagram ID बनाकर अलग-अलग तरह की धमकी भरी पोस्ट की गईं। एक अकाउंट से अंकित बालियान के परिवार को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। वहीं, भोलू शाहपुरिया के नाम से हत्या की जिम्मेदारी लेने और एनकाउंटर पर सवाल उठाने वाली पोस्ट भी सामने आई थीं।
दो मुकदमे दर्ज, 20 फर्जी अकाउंट सस्पेंड
साइबर क्राइम थाना में तैनात उप निरीक्षक राहुल कादयान और उप निरीक्षक राहुल सांगवान की ओर से दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज कराए गए हैं। इनमें छह लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 20 से अधिक फर्जी ID की पहचान की और 20 अकाउंट्स को Instagram पर रिपोर्ट कराकर सस्पेंड कराया।
पुलिस इससे पहले फरार आरोपियों आर्यन संधू और सत्यम कादयान के सोशल मीडिया अकाउंट्स भी सस्पेंड करा चुकी है।
एसपी ने कहा- भ्रामक पोस्ट करने वालों पर होगी कार्रवाई
एसपी एनपी सिंह ने बताया कि लगातार फर्जी पोस्ट करने वाली 20 फर्जी ID को सस्पेंड कराया गया है। उन्होंने कहा कि इंटरनेट मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं फैलाने, फर्जी दावे करने या लोगों के बीच भय और भ्रम की स्थिति पैदा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
शामली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर सामने आने वाली किसी भी पोस्ट की पुष्टि किए बिना उस पर भरोसा न करें और उसे आगे साझा करने से बचें। पुलिस ने लोगों से केवल अधिकृत सरकारी या पुलिस माध्यमों से मिली प्रमाणित जानकारी पर भरोसा करने और आपत्तिजनक पोस्ट की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को देने को कहा है।








