टीवी शो ‘अनुपमा’ में राही की भूमिका निभाने वाली अद्रिजा रॉय जल्द ही सगाई करने जा रही हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, अद्रिजा 25 जनवरी को अपने फार्महाउस पर इंगेजमेंट करेंगी। अद्रिजा के होने वाले मंगेतर का नाम विग्नेश अय्यर है।
एंटरटेनमेंट न्यूज़: स्टार प्लस के लोकप्रिय शो ‘अनुपमा’ में राही की भूमिका निभाकर दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाने वाली अद्रिजा रॉय अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में हैं। अब खबर है कि अद्रिजा जल्द ही अपनी सगाई कर रही हैं और इस खुशखबरी से उनके फैंस बेहद उत्साहित हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, अद्रिजा रॉय अपनी सगाई 25 जनवरी को अपने फार्महाउस पर आयोजित करेंगी।
इस खास मौके पर उनके परिवार और करीबी दोस्त शामिल होंगे। अद्रिजा के होने वाले मंगेतर का नाम विग्नेश अय्यर है। दोनों की जोड़ी फैंस के बीच पहले ही चर्चा का विषय बन चुकी है।
पहली मुलाकात और रोमांस की शुरुआत
ईटाइम्स को दिए इंटरव्यू में अद्रिजा ने बताया कि उनकी और विग्नेश की पहली मुलाकात पिछले साल मई में एक कॉमन दोस्त की पार्टी में हुई थी। अद्रिजा के मुताबिक, दोनों को पहली नजर में ही एक-दूसरे की पर्सनैलिटी पसंद आ गई। अद्रिजा ने बताया, “विग्नेश ने पहले पहल की और मुझे जानने में इंट्रेस्ट लिया। शुरू में हमने इंस्टाग्राम पर बातचीत की और फिर बाद में प्रॉपर मीटिंग प्लान की। यही हमारी कहानी की शुरुआत थी।”
अद्रिजा ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट और इंटरव्यू में यह भी साझा किया कि दोनों की केमिस्ट्री इतनी मजबूत है कि उन्हें महसूस हुआ कि वे सोलमेट्स हैं। उन्होंने कहा, “हम दोनों काफी सॉफ्ट और डाउन टू अर्थ हैं। मैं हमेशा से किसी ऐसे इंसान के साथ रहना चाहती थी जो इंडस्ट्री से बाहर हो। विग्नेश बिल्कुल वैसा ही हैं जैसा मैं जीवन साथी में चाहती थी।

शूटिंग और इंगेजमेंट की तैयारी
अद्रिजा ने बताया कि उन्होंने तीन दिनों का ऑफ लिया है। उनके अनुसार, टीम ने एडवांस में ही उनके सीन शूट कर लिए ताकि उनके जाने पर काम रुके नहीं। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी सगाई में पूरी टीम को आमंत्रित किया गया है, ताकि यह पल उनके करीबी लोगों के साथ और भी खास बन सके। शादी के सवाल पर अद्रिजा ने कहा कि इस साल वे शादी की योजना नहीं बना रही हैं।
उन्होंने आगे कहा कि विग्नेश साउथ इंडियन (तमिल) हैं जबकि वह खुद बंगाली हैं। उनका सपना है कि वे दोनों संस्कृतियों की शादी रीति-रिवाजों को अपने विवाह में शामिल करें। इसके लिए सही समय और प्लानिंग की जरूरत है। अद्रिजा और विग्नेश ने अगले दो साल में शादी करने का निर्णय लिया है। अद्रिजा रॉय की सगाई की खबर जैसे ही सोशल मीडिया पर आई, उनके फैंस ने उन्हें बधाई देने का सिलसिला शुरू कर दिया। फैंस ने कमेंट्स में लिखा कि वे इस खुशखबरी से बहुत उत्साहित हैं और अद्रिजा के नए जीवन के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं भेज रहे हैं।











