T20 वर्ल्ड कप 2026 के बीच अफगानिस्तान के स्टार ऑलराउंडर मोहम्मद नबी को बड़ा झटका लगा है। ICC ने नबी पर मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना और एक डिमेरिट अंक जारी किया है। यह कार्रवाई नबी द्वारा ऑन-फील्ड अंपायरों के निर्देशों की अवहेलना करने के आरोप में की गई है।
स्पोर्ट्स न्यूज़: ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ ग्रुप-डी मुकाबले में हार के बाद अफगानिस्तान टीम के लिए बुरी खबर आई है। टीम के अनुभवी ऑलराउंडर मोहम्मद नबी पर ICC ने आचार संहिता का उल्लंघन करने पर कड़ा एक्शन लिया है। उन्हें मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।
ICC ने बताया कि नबी ने खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के लिए बनाई गई आचार संहिता के अनुच्छेद 2.4 का उल्लंघन किया, जो इंटरनेशनल मैच के दौरान अंपायर के निर्देशों की अवहेलना से संबंधित है। इस मामले में नबी के अनुशासन रिकॉर्ड में एक डिमेरिट अंक भी जोड़ा गया है। पिछले 24 महीनों में यह उनका पहला उल्लंघन माना गया है।
कौन सा नियम का हुआ उल्लंघन
ICC के अनुसार, नबी ने खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के लिए बनाई गई आचार संहिता के अनुच्छेद 2.4 का उल्लंघन किया। यह नियम अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान अंपायर के निर्देशों का पालन करने से संबंधित है। नबी के खिलाफ यह कार्रवाई लेवल-1 कैटेगरी के तहत की गई, जिसमें न्यूनतम सजा औपचारिक चेतावनी होती है और अधिकतम सजा मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना और 1-2 डिमेरिट अंक हो सकता है।
इस मामले में नबी को एक डिमेरिट अंक दिया गया है। डिमेरिट पॉइंट 24 महीनों तक खिलाड़ी के रिकॉर्ड में बने रहते हैं। यदि कोई खिलाड़ी 24 महीनों के भीतर चार या अधिक डिमेरिट पॉइंट इकट्ठे कर लेता है, तो इसे सस्पेंशन प्वाइंट्स में बदला जाता है और खिलाड़ी को मैचों से निलंबित किया जा सकता है। दो सस्पेंशन पॉइंट्स का मतलब है या तो एक टेस्ट, या दो ODI, या दो T20I मैचों से प्रतिबंध।

घटना का विवरण
यह घटना अफगानिस्तान की पारी के 14वें ओवर की शुरुआत में हुई। मोहम्मद नबी ने साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी की कलाई पर बंधे बैंड को लेकर अंपायरों से लंबी बहस की। इसी दौरान उन्होंने अंपायरों के निर्देशों का पालन नहीं किया, जिससे ICC ने कार्रवाई की। मैच रेफरी डेविड गिलबर्ट ने नबी को प्रस्तावित सजा के बारे में सूचित किया, जिसे नबी ने स्वीकार कर लिया।
इससे औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी। आरोप ऑन-फील्ड अंपायर जयारमन मदनगोपाल और शरफुद्दौला इब्ने शाहिद, थर्ड अंपायर नितिन मेनन और फोर्थ अंपायर केएन अनंतपद्मनाभन ने लगाया था।











