Apple के पहले फोल्डेबल iPhone की शुरुआती कीमत $2,099 से $2,299 के बीच रहने का अनुमान है। TrendForce के अनुसार इसका प्रीमियम मॉडल $3,000 से ऊपर जा सकता है। डिवाइस सितंबर 2026 में लॉन्च होने की उम्मीद है।
Tech: Apple के पहले फोल्डेबल iPhone को लेकर नई रिपोर्ट में कीमत और संभावित फीचर्स सामने आए हैं। TrendForce का अनुमान है कि डिवाइस की शुरुआती कीमत $2,099 से $2,299 तक हो सकती है, जबकि हाई-एंड कॉन्फिगरेशन $3,000 से ज्यादा जा सकता है। हालांकि, Apple ने अभी कीमत, नाम और स्पेसिफिकेशन्स की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
₹2 लाख से शुरू हो सकता है फोल्डेबल iPhone
Apple के पहले फोल्डेबल iPhone को लेकर सामने आई TrendForce की रिपोर्ट ने इसकी संभावित कीमत को लेकर बड़ा संकेत दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक डिवाइस की शुरुआती कीमत $2,099 से $2,299 के बीच हो सकती है। भारतीय मुद्रा में यह करीब ₹1.9 लाख से ₹2.1 लाख के आसपास बैठती है। इसके टॉप-एंड कॉन्फिगरेशन की कीमत $3,000 से भी ज्यादा हो सकती है।
![]()
फिलहाल इस डिवाइस को रिपोर्ट्स में iPhone 18 Fold या iPhone Ultra के नाम से संदर्भित किया जा रहा है। Apple ने इसके आधिकारिक नाम की पुष्टि नहीं की है। कंपनी के 9 सितंबर 2026 के लॉन्च इवेंट में इसे पेश किए जाने की उम्मीद है।
बड़े फोल्डेबल डिस्प्ले के साथ मिल सकते हैं ये फीचर्स
लीक्स और मार्केट रिपोर्ट्स के अनुसार फोल्डेबल iPhone में बुक-स्टाइल फोल्डिंग डिजाइन मिलने की उम्मीद है। डिवाइस में बाहर की तरफ करीब 5.5 इंच का डिस्प्ले और खुलने के बाद लगभग 7.8 इंच का बड़ा इंटरनल डिस्प्ले दिया जा सकता है। इंटरनल स्क्रीन में हाई रिफ्रेश रेट का सपोर्ट मिलने की भी चर्चा है।
हार्डवेयर के स्तर पर डिवाइस में Apple का नया A20 Pro चिपसेट मिलने की उम्मीद है, जिसे TSMC की 2nm प्रोसेस टेक्नोलॉजी पर तैयार किया जा सकता है। TrendForce के मुताबिक नई चिप का उद्देश्य बेहतर कंप्यूटिंग क्षमता के साथ ऑन-डिवाइस AI कार्यों के लिए पावर एफिशिएंसी सुधारना है।
पतले डिजाइन के लिए कैमरे में हो सकता है समझौता
फोल्डेबल iPhone को पतला और रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए सुविधाजनक रखने के लिए Apple कुछ हार्डवेयर समझौते कर सकता है। रिपोर्ट्स में दो रियर कैमरों का जिक्र है, जिसमें 48MP मुख्य कैमरा और 48MP अल्ट्रा-वाइड कैमरा शामिल होने की संभावना है। टेलीफोटो कैमरा नहीं दिए जाने की भी रिपोर्ट सामने आई है।
बायोमेट्रिक सुरक्षा के लिए Face ID के बजाय पारंपरिक कैपेसिटिव फिंगरप्रिंट सेंसर और Touch ID का इस्तेमाल किए जाने की संभावना जताई गई है। वहीं स्क्रीन की क्रीज को कम करने और हिंज को अधिक टिकाऊ बनाने पर भी Apple का फोकस बताया जा रहा है।
बढ़ती मेमोरी लागत से iPhone 18 की कीमतों पर दबाव
TrendForce के मुताबिक 2025 की दूसरी छमाही से मेमोरी की कीमतों में तेज बढ़ोतरी हुई है। 256GB iPhone 18 Pro के लिए 2026 की तीसरी तिमाही में मेमोरी लागत पिछले साल की तुलना में करीब 400 प्रतिशत अधिक रहने का अनुमान है।
इसी बढ़ी हुई हार्डवेयर लागत के कारण iPhone 18 सीरीज की कीमतों में करीब 10 से 20 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है। TrendForce का कहना है कि Apple दूसरे कंपोनेंट्स में लागत कम करने की कोशिश कर रहा है, लेकिन इससे बढ़ी हुई मेमोरी लागत का पूरा असर खत्म होना मुश्किल है।
पहले फोल्डेबल iPhone का शुरुआती उत्पादन और इन्वेंट्री सीमित रहने का अनुमान है। TrendForce के अनुसार 2026 में वैश्विक स्मार्टफोन बाजार में फोल्डेबल फोन की हिस्सेदारी करीब 2 प्रतिशत रहने की संभावना है।











