NASA Artemis 2 मिशन सफलतापूर्वक पूरा हो गया, जिसमें चार अंतरिक्ष यात्री 10 दिन की यात्रा के बाद चांद के पास से होकर पृथ्वी लौट आए। इस दौरान कई तकनीकी परीक्षण हुए और अंतरिक्ष यान की क्षमता का मूल्यांकन किया गया। यह मिशन भविष्य की चंद्र लैंडिंग के लिए अहम कदम माना जा रहा है।
NASA Artemis 2 Mission: अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा का आर्टेमिस 2 मिशन सफलतापूर्वक पूरा हो गया है, जिसमें अमेरिका और कनाडा के चार अंतरिक्ष यात्री 10 दिन की अंतरिक्ष यात्रा के बाद सुरक्षित पृथ्वी पर लौटे। यह मिशन अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित कैनेडी स्पेस सेंटर से लॉन्च किया गया था और इसका उद्देश्य चंद्रमा के पास से गुजरकर अंतरिक्ष यान की तकनीकी क्षमता का परीक्षण करना था। मिशन के दौरान यान ने चंद्रमा की सतह से करीब 6,400 किलोमीटर दूर तक यात्रा की और फिर प्रशांत महासागर में सुरक्षित लैंडिंग की। इस सफलता के बाद नासा अब आर्टेमिस 3 मिशन की तैयारी कर रहा है, जिसमें इंसानों को चंद्रमा पर उतारने का लक्ष्य रखा गया है।
10 दिन का मिशन, चांद के पास से लौटे अंतरिक्ष यात्री
आर्टेमिस 2 मिशन के दौरान अंतरिक्ष यात्रियों ने पृथ्वी के चारों ओर शुरुआती कक्षीय परीक्षण किए और फिर मुख्य इंजन के जरिए चंद्रमा की ओर यात्रा शुरू की। यह यात्रा पूरी तरह परीक्षण आधारित थी, जिसमें अंतरिक्ष यान की क्षमताओं को परखा गया।
मिशन के दौरान यान चंद्रमा की सतह पर नहीं उतरा, बल्कि उसके पास से गुजरकर करीब 6,400 किलोमीटर आगे तक गया और फिर यू-टर्न लेकर प्रशांत महासागर में सुरक्षित लैंडिंग की। इस दौरान चालक दल ने कई वैज्ञानिक और तकनीकी परीक्षण भी पूरे किए।
![]()
ऐतिहासिक मिशन की नई पीढ़ी, पहली बार नई सुविधाओं का इस्तेमाल
इस मिशन की खास बात यह रही कि इसमें पहली बार अंतरिक्ष यात्रियों के लिए पानी और टॉयलेट जैसी जरूरी सुविधाओं का परीक्षण किया गया। इससे पहले आर्टेमिस 1 मिशन में ये सुविधाएं मौजूद नहीं थीं।
चार सदस्यीय दल में अमेरिका और कनाडा के अंतरिक्ष यात्री शामिल थे, जिनमें एक महिला और एक अश्वेत अंतरिक्ष यात्री भी थे। यह मिशन अपोलो युग के बाद मानव अंतरिक्ष यात्रा की नई शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।
लॉन्चिंग से लैंडिंग तक, कई चुनौतियों के बाद मिली सफलता
आर्टेमिस 2 मिशन की शुरुआत तकनीकी समस्याओं के चलते कई बार टाली गई थी। हाइड्रोजन रिसाव और अन्य तकनीकी खामियों को ठीक करने के बाद ही इसे सफलतापूर्वक लॉन्च किया गया।
फ्लोरिडा के कैनेडी स्पेस सेंटर से रॉकेट ने उड़ान भरी, जहां हजारों लोग इस ऐतिहासिक क्षण के गवाह बने। लॉन्चिंग के बाद मिशन ने सभी प्रमुख चरण सफलतापूर्वक पूरे किए और सुरक्षित वापसी के साथ एक नया रिकॉर्ड स्थापित किया।









