Ayodhya Janakpur Train: आज से अयोध्या-जनकपुर रेल सेवा की शुरुआत, जानें ट्रेन का पूरा रूट और टाइम टेबल

अयोध्या से नेपाल के जनकपुर तक नई ट्रेन सेवा 23 नवंबर से शुरू हो रही है। जानें ट्रेन नंबर 04295, पूरा रूट, स्टॉपेज और टाइम टेबल। अयोध्या जनकपुर ट्रेन रूट

अयोध्या से नेपाल के जनकपुर धाम के बीच 23 नवंबर 2026 को नई रेल सेवा का उद्घाटन होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। जानें उद्घाटन स्पेशल ट्रेन का समय, नंबर और स्टॉपेज।

अयोध्या: भारत और नेपाल के बीच रेल यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। भगवान राम की नगरी अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर धाम के बीच सीधी ट्रेन सेवा शुरू होने जा रही है। सोमवार, 23 नवंबर 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह संयुक्त रूप से इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। उद्घाटन के दिन ट्रेन अयोध्या धाम से दोपहर 12:30 बजे रवाना होगी। यह रेल सेवा धार्मिक पर्यटन के साथ दोनों देशों के यात्रियों को भी बड़ी सुविधा देगी।

23 नवंबर को दोपहर 12:30 बजे अयोध्या से रवाना होगी ट्रेन

भारतीय रेलवे ने अयोध्या और जनकपुर धाम के बीच नई साप्ताहिक ट्रेन सेवा शुरू करने की मंजूरी दे दी है। इसके तहत पहली यात्रा उद्घाटन स्पेशल ट्रेन के रूप में संचालित की जाएगी। रेलवे के अनुसार, 23 नवंबर को अयोध्या धाम जंक्शन से जनकपुर धाम जाने वाली उद्घाटन स्पेशल ट्रेन का नंबर 04295 होगा। यह ट्रेन सोमवार दोपहर 12 बजकर 30 मिनट पर अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन से प्रस्थान करेगी। उत्तर प्रदेश और बिहार के विभिन्न स्टेशनों से गुजरते हुए मंगलवार, 24 नवंबर को सुबह 10 बजे नेपाल के जनकपुर धाम पहुंचेगी।

इस तरह उद्घाटन स्पेशल ट्रेन को अयोध्या से जनकपुर तक पहुंचने में करीब 21 घंटे 30 मिनट लगेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह नई दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रेल सेवा का शुभारंभ करेंगे।

अयोध्या से जनकपुर जाने वाली ट्रेन कहां-कहां रुकेगी?

अयोध्या धाम से रवाना होने के बाद ट्रेन उत्तर प्रदेश के मनकापुर, बस्ती और गोरखपुर होते हुए बिहार में प्रवेश करेगी। इसके बाद पनियहवा, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शीशो, मधुबनी और जयनगर के रास्ते नेपाल के जनकपुर धाम पहुंचेगी। उद्घाटन स्पेशल ट्रेन का प्रमुख स्टेशनों पर निर्धारित समय इस प्रकार है।

Ayodhya Janakpur Train: आज से अयोध्या-जनकपुर रेल सेवा की शुरुआत, जानें ट्रेन का पूरा रूट और टाइम टेबल

24 नवंबर को जनकपुर से कितने बजे चलेगी वापसी की ट्रेन?

उद्घाटन स्पेशल ट्रेन की वापसी का कार्यक्रम भी जारी कर दिया गया है। जनकपुर धाम से अयोध्या धाम आने वाली स्पेशल ट्रेन का नंबर 04296 होगा। यह मंगलवार, 24 नवंबर को दोपहर एक बजे जनकपुर धाम से रवाना होगी। ट्रेन जयनगर, मधुबनी, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज और गोरखपुर के रास्ते बुधवार, 25 नवंबर को सुबह 8 बजकर 10 मिनट पर अयोध्या धाम पहुंचेगी। वापसी की यात्रा में ट्रेन को करीब 19 घंटे 10 मिनट लगेंगे। उद्घाटन स्पेशल ट्रेन में कुल 17 कोच लगाए जाने की जानकारी सामने आई है।

नियमित ट्रेन का नंबर 15595 और 15596 होगा

उद्घाटन स्पेशल के बाद अयोध्या और जनकपुर के बीच नियमित साप्ताहिक रेल सेवा भी संचालित की जाएगी। रेलवे की स्वीकृत योजना के मुताबिक, नियमित ट्रेन के नंबर और संचालन के दिन इस प्रकार होंगे। 15595 जनकपुर धाम-अयोध्या कैंट एक्सप्रेस: यह ट्रेन प्रत्येक शनिवार को नेपाल के जनकपुर धाम से चलेगी और रविवार को अयोध्या कैंट पहुंचेगी।

15596 अयोध्या कैंट-जनकपुर धाम एक्सप्रेस: यह ट्रेन प्रत्येक सोमवार को अयोध्या कैंट से रवाना होगी और अगले दिन जनकपुर धाम पहुंचेगी। नियमित साप्ताहिक ट्रेन और उद्घाटन स्पेशल के शुरुआती स्टेशन में अंतर है। उद्घाटन स्पेशल अयोध्या धाम जंक्शन से चलेगी, जबकि नियमित सेवा का प्रारंभिक स्टेशन अयोध्या कैंट होगा।

Leave a comment