जान्हवी कपूर अक्सर सामाजिक मुद्दों पर अपनी राय जाहिर करती रहती हैं। गुरुवार को उन्होंने एक सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से बांग्लादेश में हो रही हिंसा पर सवाल उठाए और वहां अल्पसंख्यक लोगों के साथ हो रहे व्यवहार पर अपनी गहरी चिंता जताई।
Janhvi Kapoor: पड़ोसी देश बांग्लादेश में हाल ही में हुई दीपू चंद्र दास की बेरहमी से हत्या ने न केवल भारत बल्कि दुनिया भर में हलचल मचा दी है। इस मामले पर अब बॉलीवुड की अभिनेत्री जान्हवी कपूर ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। जान्हवी कपूर ने सोशल मीडिया के माध्यम से बांग्लादेश में हो रही हिंसा और अल्पसंख्यकों पर अत्याचार को लेकर चिंता व्यक्त की है और इसे बर्बर और निंदनीय बताया है।
जान्हवी कपूर का बयान
जान्हवी कपूर ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा कि “बांग्लादेश में जो हो रहा है, वह बर्बर है। यह नरसंहार है। यह कोई अकेली घटना नहीं है।” उन्होंने सभी से अपील की कि इस मामले के बारे में पढ़ें, वीडियो देखें और सवाल पूछें। उन्होंने कहा कि अगर इस घटना के बावजूद किसी को गुस्सा नहीं आता, तो यह पाखंड समाज को तबाह कर देगा।
जान्हवी ने आगे लिखा कि, “हम दुनिया के दूसरे कोने में होने वाली घटनों पर रोते रहेंगे, जबकि हमारे अपने भाई-बहनों को जिंदा जला दिया जाएगा। किसी भी और हर तरह के उग्रवाद की निंदा की जानी चाहिए। उसका विरोध किया जाना चाहिए। इससे पहले कि हम अपनी इंसानियत भूल जाएं।” उनके इस बयान को सोशल मीडिया पर व्यापक समर्थन और सराहना मिल रही है।
![]()
दीपू चंद्र दास की हत्या और बांग्लादेश में हालात
दीपू चंद्र दास, जो बांग्लादेश में अल्पसंख्यक समुदाय से थे, को चरमपंथियों ने जला कर मार डाला। इस घटना ने पूरे देश में विरोध और तनाव की लहर पैदा कर दी है। भारत सहित कई अंतरराष्ट्रीय संगठन और सामाजिक कार्यकर्ता इस हिंसा की निंदा कर रहे हैं। जान्हवी कपूर अक्सर सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर अपनी राय व्यक्त करती रहती हैं।
हाल ही में उन्होंने कई बार महिला अधिकार, बच्चों की सुरक्षा और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों पर खुलकर आवाज उठाई है। उनके बयान सोशल मीडिया पर लाखों लोगों तक पहुंचते हैं और व्यापक चर्चा का विषय बनते हैं।









