मस्जिद परिसर से पत्थर हटाने के मुद्दे पर चौमूं बस स्टैंड क्षेत्र में विवाद खड़ा हो गया। निर्माण कार्य बंद कराए जाने के बाद दोनों पक्षों में झड़प हो गई। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने आंसू गैस का सहारा लिया। फिलहाल इलाके में शांति है।
Jaipur: जानकारी के अनुसार, चौमूं बस स्टैंड के पास स्थित एक मस्जिद परिसर में रखे पत्थरों को हटाने को लेकर विवाद शुरू हुआ। बताया जा रहा है कि पहले समुदाय के कुछ लोगों की आपसी सहमति से पत्थर हटाने की अनुमति दी गई थी। हालांकि बाद में उसी जगह लोहे की एंगल लगाकर बाउंड्री वॉल बनाने की कोशिश की गई। इस निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
पुलिस के रोकने पर बिगड़े हालात
जैसे ही पुलिस और प्रशासन को निर्माण कार्य की सूचना मिली, टीम मौके पर पहुंची और काम रुकवाने का प्रयास किया। इसी दौरान कुछ लोगों ने विरोध शुरू कर दिया, जिससे माहौल गरमा गया।
देखते ही देखते कहासुनी धक्का-मुक्की और पथराव में बदल गई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन लोग नहीं माने।
आंसू गैस के गोले छोड़कर संभाले हालात
स्थिति बेकाबू होने पर पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। इसके बाद भीड़ तितर-बितर हुई और इलाके में शांति बहाल की गई। घटना के बाद बस स्टैंड और आसपास के क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति अब नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर निगरानी रखी जा रही है।
प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है कि विवाद किस कारण से बढ़ा और इसमें किन लोगों की भूमिका रही। शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।








