बांकीपुर उपचुनाव: BJP उम्मीदवार के ऐलान पर प्रशांत किशोर की पहली प्रतिक्रिया, बोले- 'लोकतंत्र में सभी दलों को अधिकार'

Bankipur Bypoll: बांकीपुर उपचुनाव के लिए BJP उम्मीदवार की घोषणा के बाद प्रशांत किशोर ने पहली प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर राजनीतिक दल को

बांकीपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अभिषेक कुमार सिन्हा को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। पार्टी ने मंगलवार को उनके नाम का आधिकारिक ऐलान किया। इसके बाद चुनावी मुकाबला और दिलचस्प हो गया है।

Bankipur By-Election: बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने इस सीट से अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया है। बीजेपी ने अभिषेक कुमार सिन्हा को बांकीपुर उपचुनाव के लिए प्रत्याशी बनाया है। पार्टी की ओर से मंगलवार को आधिकारिक घोषणा की गई। इसके बाद जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने बीजेपी के इस फैसले पर पहली प्रतिक्रिया दी है।

प्रशांत किशोर ने बीजेपी उम्मीदवार के चयन को लेकर कहा कि लोकतंत्र में हर राजनीतिक दल को चुनाव लड़ने और अपना उम्मीदवार उतारने का अधिकार है। जब उनसे पूछा गया कि बीजेपी इसे अपने एक कार्यकर्ता को मौका देने वाला फैसला बता रही है, तो उन्होंने कहा कि यह बीजेपी का आंतरिक विषय है।प्रशांत किशोर ने कहा, "भाई लोकतंत्र है, सभी पार्टियों का अपना अधिकार है।" उन्होंने बीजेपी के उम्मीदवार को लेकर किसी तरह की राजनीतिक टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा कि यह फैसला पूरी तरह से भारतीय जनता पार्टी का मामला है।

बांकीपुर सीट पर मुकाबला हुआ दिलचस्प

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में प्रशांत किशोर के मैदान में उतरने के बाद मुकाबला काफी रोचक हो गया है। जन सुराज पार्टी की ओर से चुनाव लड़ रहे प्रशांत किशोर पहली बार सीधे चुनावी मैदान में उतर रहे हैं। वह लंबे समय से बिहार की राजनीति में सक्रिय हैं और अपनी जन सुराज यात्रा के जरिए लोगों से संपर्क कर चुके हैं।

दूसरी ओर, बीजेपी ने अभिषेक कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाकर अपनी मजबूत राजनीतिक पकड़ बनाए रखने की कोशिश की है। बांकीपुर सीट को बीजेपी का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है, ऐसे में इस सीट पर होने वाला चुनाव राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों से मिले प्रशांत किशोर

इस बीच प्रशांत किशोर बुधवार को बांकीपुर क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पटना रेलवे स्टेशन के पास एक बच्चे के अपहरण मामले को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों से मुलाकात की और उन्हें समझाने की कोशिश की। प्रदर्शनकारी बच्चे के अपहरण की घटना को लेकर सड़क पर विरोध कर रहे थे। प्रशांत किशोर ने लोगों से सड़क जाम नहीं करने की अपील की और कहा कि पुलिस ने मामले को जल्द सुलझाने का भरोसा दिया है।

उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि कुछ लोग इसलिए प्रदर्शन कर रहे हैं क्योंकि तीन दिन पहले एक बच्चे का अपहरण हुआ था। पुलिस की ओर से आश्वासन दिया गया है कि जल्द ही मामले का समाधान किया जाएगा। प्रशांत किशोर ने कहा, "जनता सड़क पर बैठी थी। मैंने उनसे कहा कि रोड को बाधित न करें। अगर दो दिन में कोई कार्रवाई नहीं होती है तो हम लोग फिर इस मुद्दे को लेकर बात करेंगे।"

जन सुराज के लिए अहम चुनाव

बांकीपुर उपचुनाव प्रशांत किशोर और उनकी जन सुराज पार्टी के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। चुनावी राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने के बाद यह पहला बड़ा मौका है जब प्रशांत किशोर खुद उम्मीदवार के तौर पर जनता के बीच जा रहे हैं। प्रशांत किशोर इससे पहले कई राजनीतिक दलों के चुनाव अभियानों से जुड़े रहे हैं, लेकिन अब वह अपनी पार्टी के जरिए बिहार की राजनीति में नई पहचान बनाने की कोशिश कर रहे हैं।

Leave a comment