बदमाशों ने कार से लुटे 46 लाख; सूटकेस लेकर फरार, पीछा किया तो मारी टक्कर

बदमाशों ने कार से लुटे 46 लाख; सूटकेस लेकर फरार, पीछा किया तो मारी टक्कर
AI IMAGE

अजमेर में बदमाशों ने युवक की कार रोककर 46 लाख रुपए लूट लिए। कांच तोड़कर सूटकेस ले जाने की घटना CCTV में कैद हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Rajasthan: अजमेर शहर में 21 दिसंबर को हुई एक सनसनीखेज लूट की वारदात अब सामने आई है। हरिभाऊ उपाध्याय नगर थाना क्षेत्र में एक युवक अपनी कार लेकर दोस्त के घर के पास पहुंचा था। जैसे ही उसने कार रोकी, तभी पीछे से एक बोलेरो कैंपर वहां आकर रुकी। इससे पहले कि युवक कुछ समझ पाता, बोलेरो से तीन बदमाश नीचे उतरे। तीनों के चेहरे ढके हुए थे और उनके हाथों में डंडे थे।

बदमाशों ने अचानक युवक की कार पर हमला कर दिया। आसपास के लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही बदमाशों ने वारदात को अंजाम देना शुरू कर दिया। पूरी घटना कुछ ही मिनटों में हुई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।

डिक्की से 46 लाख रुपए लूटे

बदमाशों ने डंडों से कार के शीशे तोड़ दिए। इसके बाद कार की डिक्की खोली और उसमें रखा सूटकेस उठा लिया। सूटकेस में करीब 46 लाख रुपए रखे हुए थे। लूट की रकम लेकर बदमाश बोलेरो कैंपर में बैठकर पुष्कर की तरफ फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़ित युवक घबरा गया, लेकिन उसने हिम्मत दिखाते हुए अपनी कार से बदमाशों का पीछा भी किया। हालांकि बदमाश तेज रफ्तार से भाग निकले। पीछा करने के दौरान बदमाशों ने उसकी कार को टक्कर मारने की भी कोशिश की, जिससे वह डर गया और पीछा छोड़ना पड़ा।

दोस्त ने कुछ देर के लिए सौंपे थे रुपए

हरिभाऊ उपाध्याय नगर थाना प्रभारी महावीर शर्मा ने बताया कि शक्ति नगर, सुभाष नगर निवासी हरसिमरन सोढ़ी ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि वह पुरानी मंडी में एक दुकान पर नौकरी करता है।

21 दिसंबर को उसके दोस्त रवि ने फोन कर कहा था कि वह बाहर खाना खाने जा रहा है और कुछ समय के लिए पैसे सुरक्षित रखने हैं। इसके बाद दोस्त ने उसे एक सूटकेस में करीब 46 लाख रुपए दिए। युवक यह सूटकेस लेकर अपने दोस्त के पास ज्ञान विहार गया था, जहां यह लूट की घटना हुई।

डर के कारण 11 दिन बाद दर्ज कराई रिपोर्ट

पीड़ित ने बताया कि बदमाशों की धमकी और घटना के डर के कारण वह तुरंत पुलिस के पास नहीं जा सका। घटना के बाद वह काफी घबराया हुआ था। इसी वजह से उसने करीब 11 दिन बाद थाने में लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अलग-अलग टीमें बनाई हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। एक फुटेज में कुछ संदिग्ध युवक नजर आए हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि जल्द ही बदमाशों की पहचान कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

Leave a comment