भीलवाड़ा में शादी से लाया तरल पदार्थ पीने से 4 की मौत, शराब समझकर पी गए एसिड

भीलवाड़ा के गंगापुर में शादी से लाया तरल पदार्थ शराब समझकर पीने से चार लोगों की मौत। पुलिस और प्रशासन मामले की गंभीरता से जांच में जुटे।

भीलवाड़ा जिले के गंगापुर इलाके में शादी समारोह से लाया गया एक तरल पदार्थ शराब समझकर पीने से तीन महिलाओं समेत चार लोगों की जान चली गई। घटना के बाद प्रशासन और पुलिस जांच में जुट गए हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

Rajasthan: राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के गंगापुर थाना क्षेत्र के आलोली गांव में यह दुखद घटना सामने आई। जानकारी के अनुसार, गांव के कुछ लोगों ने तीन दिन पहले एक शादी समारोह में बर्तन साफ करने का ठेका लिया था। कार्यक्रम खत्म होने के बाद वे वहां इस्तेमाल होने वाला बर्तन धोने का तरल पदार्थ या फ्यूल अपने साथ घर ले आए।

बताया जा रहा है कि गुरुवार देर रात घर पर मौजूद चार लोगों ने उस तरल पदार्थ को शराब समझ लिया। बिना जांच किए उन्होंने उसे पी लिया। कुछ ही समय में सभी की तबीयत बिगड़ने लगी। उल्टी, जलन और बेचैनी की शिकायत होने पर परिजन घबरा गए।

अस्पताल में तोड़ा दम

तबीयत बिगड़ने पर चारों को तुरंत गंगापुर अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। एक व्यक्ति की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

भीलवाड़ा में शादी से लाया तरल पदार्थ पीने से 4 की मौत, शराब समझकर पी गए एसिड

मृतकों की पहचान रतन पुत्र मसरिया कंजर निवासी माधोपुर, सुशीला देवी, जमनी देवी पत्नी शंकर कंजर और बदामी देवी कंजर के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्रशासन में मचा हड़कंप

घटना की सूचना मिलते ही जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने अस्पताल और घटनास्थल का दौरा कर पूरे मामले की जानकारी ली। इस घटना के बाद पुलिस प्रशासन और आबकारी विभाग में भी हलचल मच गई है।

पुलिस ने चारों शवों को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। जिस स्थान से यह तरल पदार्थ लाया गया था, वहां भी पुलिस जांच कर रही है।

हर पहलू से जांच जारी

भीलवाड़ा पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव ने बताया कि शादी समारोह में खाना गर्म करने के लिए इस्तेमाल होने वाला फ्यूल या केमिकल ये लोग अपने साथ ले आए थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उसी तरल पदार्थ को शराब समझकर पी लिया गया, जिससे यह हादसा हुआ।

अधिकारियों द्वारा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि संबंधित पदार्थ की प्रकृति क्या थी और उसे किस उद्देश्य से रखा गया था। इसके अलावा सुरक्षा मानकों की पालना की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और यदि किसी तरह की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Leave a comment