रूस के कमचटका में 8.8 तीव्रता का भूकंप आया जिससे प्रशांत क्षेत्र में हड़कंप मच गया। जापान, अमेरिका, फिलीपींस, न्यूजीलैंड और अन्य देशों में सुनामी चेतावनी जारी की गई है।
Earthquake: रूस के कमचटका प्रायद्वीप में बुधवार को 8.8 तीव्रता का भीषण भूकंप आया जिसने पूरे प्रशांत क्षेत्र में हलचल मचा दी। इस शक्तिशाली भूकंप के बाद रूस, जापान, अमेरिका, फिलीपींस, न्यूजीलैंड और हवाई समेत कई देशों में सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई है। यूएस जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के अनुसार यह 1952 के बाद इस क्षेत्र का सबसे ताकतवर भूकंप है।
कमचटका में लगातार दर्ज हुए झटके
कमचटका के तट पर एक ही दिन में 6 से ज्यादा भूकंप दर्ज किए गए जिनकी तीव्रता 5.4 से 6.9 के बीच थी। हालांकि, इन सभी की तुलना में 8.8 तीव्रता वाला मुख्य झटका सबसे अधिक विनाशकारी रहा। रूस की भूभौतिकी सेवा ने पुष्टि की है कि इस भूकंप का केंद्र पेट्रोपावलोव्स्क-कमचट्स्की के दक्षिण-पूर्व में था।
सुनामी की आशंका से मचा हड़कंप
प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र (Pacific Tsunami Warning Center) ने अनुमान जताया है कि रूस और इक्वाडोर के तटीय क्षेत्रों में 3 मीटर तक ऊंची समुद्री लहरें उठ सकती हैं। इसके अलावा जापान, फिलीपींस, न्यूजीलैंड, हवाई और चिली जैसे देशों में भी समुद्र तटों पर खतरे की घंटी बजा दी गई है।
अमेरिका और जापान में अलर्ट
अमेरिका में कैलिफोर्निया, ओरेगन, वाशिंगटन, दक्षिण अलास्का और ब्रिटिश कोलंबिया तक सुनामी वॉच जारी की गई है। अमेरिकी राष्ट्रीय मौसम सेवा (National Weather Service) ने कैलिफोर्निया-मेक्सिको सीमा से लेकर अलास्का के चिगनिक बे तक चेतावनी दी है।
जापान में टोक्यो खाड़ी सहित कई इलाकों में सुनामी अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने लोगों को समुद्र तटों से दूर रहने और ऊंचे स्थानों की ओर जाने की सलाह दी है।
हवाई में बजे सायरन, लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील
हवाई में सुनामी की चेतावनी के बाद राजधानी होनोलूलू में सायरन बजा दिए गए। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से तुरंत ऊंचाई वाले स्थानों पर जाने की अपील की है। प्रशांत महासागर से उठने वाली लहरें 1 से 3 मीटर तक ऊंची हो सकती हैं।
न्यूजीलैंड और फिलीपींस भी सतर्क
न्यूजीलैंड की आपदा प्रबंधन एजेंसी ने तटीय इलाकों में "असामान्य और तेज धाराओं" की चेतावनी दी है। हालांकि वहां अभी तक किसी निकासी की जरूरत नहीं बताई गई है।
फिलीपींस की भूकंपीय एजेंसी PHIVOLCS ने प्रशांत महासागर से सटे क्षेत्रों के लोगों को समुद्र तटों से दूर रहने की सलाह दी है। यहां एक मीटर से कम ऊंची लहरों की आशंका जताई गई है।
ट्रंप का बयान, जापान को बताया खतरे में
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी इस घटना पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, "प्रशांत महासागर में आए शक्तिशाली भूकंप के बाद हवाई में सुनामी अलर्ट है। जापान भी खतरे में है। सभी लोग मजबूत रहें और सुरक्षित रहें।"
इंडोनेशिया में भी चेतावनी
इंडोनेशिया की भूभौतिकी एजेंसी ने भी सुनामी की चेतावनी जारी की है। एजेंसी ने कहा है कि 0.5 मीटर से कम ऊंची लहरें देश के पापुआ, उत्तरी मालुकु और गोरोंटालो प्रांतों में पहुंच सकती हैं। फिलहाल सतर्कता बरतने को कहा गया है।
इक्वाडोर भी खतरे की जद में
दक्षिण अमेरिकी देश इक्वाडोर को भी सुनामी की चपेट में आने वाले देशों में शामिल किया गया है। यहां 3 मीटर तक ऊंची लहरें उठने की संभावना जताई गई है। स्थानीय प्रशासन ने समुद्र तटों पर मौजूद लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों की ओर जाने का निर्देश दिया है।
अलास्का में भी सुनामी वॉच
अमेरिका के अलास्का प्रायद्वीप और दक्षिणी हिस्सों में भी सुनामी वॉच जारी कर दी गई है। यहां के कई शहरों में तटीय इलाकों से लोगों को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
लोगों से सतर्कता बरतने की अपील
प्रशांत क्षेत्र के अधिकांश देशों ने लोगों से शांत रहने और सरकार के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। प्रशासन ने सभी नागरिकों से समुद्र तटों से दूर रहने और सुरक्षित ऊंचाई वाले इलाकों की ओर जाने को कहा है।
प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले घंटों में लहरों की वास्तविक ऊंचाई और असर का अनुमान लग सकेगा।