भोपाल में युवक पर जानलेवा हमला: 22 किमी तक पीछा कर मारी गोली, कार से घसीटकर किया हमला

भोपाल ईटखेड़ी में दानिश अली पर गोली और चाकू से जानलेवा हमला। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया, मुख्य आरोपी फरार, जांच जारी।

भोपाल के ईटखेड़ी में 22 किलोमीटर तक पीछा कर युवक पर गोली और चाकू से हमला कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाता है। यह सुनियोजित अपराध लगता है। पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा है, जबकि मुख्य आरोपी फरार हैं। घायल दानिश की हालत सुधर रही है, जांच जारी है।

Madhya Pradesh: घायल दानिश अली ने बताया कि वह शुक्रवार रात अपनी पत्नी के साथ स्कॉर्पियो गाड़ी से ईटखेड़ी में एक दोस्त के रिसेप्शन में शामिल होने गया था। कार्यक्रम खत्म होने के बाद दोनों घर लौट रहे थे। रास्ते में ईटखेड़ी कलारी के पास दानिश ने गाड़ी रोकी और सड़क किनारे टॉयलेट के लिए उतरा।

इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। उन्हें देखकर दानिश को संदेह हुआ, इसलिए वह तुरंत वापस गाड़ी में बैठ गया। तभी सामने से दो अन्य बाइकों पर सवार करीब आधा दर्जन युवक वहां आ गए और हमला कर दिया।

गोलियां और चाकू से हमला

दानिश के अनुसार, आरोपियों ने उसे जबरन कार से बाहर घसीट लिया। इसके बाद तीन से ज्यादा राउंड फायर किए गए, जिनमें से दो गोलियां उसे लगीं। इतना ही नहीं, हमलावरों ने चाकू से भी लगातार वार किए।

हमले के दौरान दानिश की पत्नी मदद के लिए चिल्लाती रही, लेकिन दहशत के कारण कोई भी राहगीर आगे नहीं आया। बीच-बचाव करते समय उसकी पत्नी के हाथ में भी चाकू लग गया और वह घायल हो गई। हमलावर भागते समय धमकी देते हुए कह गए, ‘हमने बोला था गोली मारेंगे, गोली मार दी’।

पुरानी रंजिश का आरोप

दानिश ने पुलिस को बताया कि हमलावरों से उसकी पुरानी रंजिश है। स्टेशन इलाके में रहने वाले रूसी से पहले भी उसका विवाद हो चुका है। दानिश का आरोप है कि रूसी और उसके साथियों ने ही इस वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने इस मामले में शनिवार देर रात शाहबेज और फरदीन नाम के दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। वहीं, शन्नू और जुबैर समेत अन्य आरोपी अभी फरार हैं। ईटखेड़ी थाना प्रभारी आशीष सप्रे ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो पुलिस टीमें बनाई गई हैं और जल्द ही सभी को पकड़ लिया जाएगा।

22 किलोमीटर तक किया पीछा

दानिश का कहना है कि आरोपी कार्यक्रम स्थल से निकलने के बाद से ही उसका पीछा कर रहे थे। करीब 22 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद उन्हें सही मौका मिला और उन्होंने हमला कर दिया। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि आरोपियों ने पहले से पूरी योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया।

सर्जरी के बाद निकाली गई गोली

शनिवार को दानिश की सर्जरी की गई, जिसमें उसके पैर में फंसी गोली को बाहर निकाला गया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत अब स्थिर है, लेकिन उसे अभी ऑब्जर्वेशन में रखा गया है।

हमले में दानिश के हाथ और पैर में चाकू से एक दर्जन से ज्यादा वार किए गए हैं। अलग-अलग जख्मों पर करीब 42 टांके लगाए गए हैं। पत्नी की हालत भी खतरे से बाहर बताई जा रही है।

आरोपी रूसी का वीडियो बयान

इस बीच, वारदात के मास्टरमाइंड बताए जा रहे आरोपी रूसी ने एक वीडियो जारी किया है। वीडियो में उसने दावा किया कि वह घटना से तीन दिन पहले से ही दिल्ली में था और उसका इस हमले से कोई लेना-देना नहीं है।

रूसी ने कहा कि दानिश के परिवार से उसका पुश्तैनी विवाद जरूर है, लेकिन इसी रंजिश के चलते उसे झूठे मामले में फंसाया जा रहा है। उसका आरोप है कि फरियादी पक्ष जानबूझकर उसका नाम घसीटकर उसे जेल भिजवाना चाहता है। पुलिस इस वीडियो की भी जांच कर रही है।

Leave a comment