बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों से पहले सांसद पप्पू यादव ने एक बड़ा बयान दिया है, जो राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। पप्पू यादव ने दावा किया है कि इस बार बीजेपी को करारी हार का सामना करना पड़ेगा।
पटना: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजों से पहले राज्य की राजनीति में हलचल मच गई है। जन अधिकार पार्टी (JAP) के प्रमुख और सांसद पप्पू यादव (Pappu Yadav) ने सोमवार को एक बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि इस बार भारतीय जनता पार्टी (BJP) को करारी हार मिलने वाली है और पार्टी के दोनों डिप्टी सीएम — सम्राट चौधरी (Samrat Choudhary) और विजय कुमार सिन्हा (Vijay Kumar Sinha) अपनी-अपनी सीटों से हार रहे हैं।
पप्पू यादव ने कहा कि बिहार की जनता अब एनडीए (NDA) से पूरी तरह ऊब चुकी है और बदलाव का मन बना चुकी है। उन्होंने कहा कि महागठबंधन (Mahagathbandhan) इस बार मजबूती से आगे है और नतीजे भाजपा के लिए “चौंकाने वाले” साबित होंगे।
पप्पू यादव का बड़ा हमला - 'बिना नफरत और चोरी के BJP चुनाव नहीं जीत सकती'
पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पप्पू यादव ने बीजेपी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, यह कोई ज्योतिष नहीं है, लेकिन बिना चोरी और नफरत के बीजेपी चुनाव नहीं जीत सकती। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह जब तक मुसलमानों का नाम लेकर नफरत की राजनीति नहीं करेंगे, तब तक इन्हें चुनाव में सफलता नहीं मिलेगी।
उन्होंने कहा कि इस बार जनता ने भाजपा की “ध्रुवीकरण की राजनीति” को नकार दिया है। यादव ने दावा किया कि “बीजेपी के 12 मंत्री, जिनमें लखीराय, सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा शामिल हैं, सभी हार रहे हैं।
बिहार की जनता बदलाव चाहती है — महिलाओं और युवाओं का झुकाव महागठबंधन की ओर

पप्पू यादव ने कहा कि इस चुनाव में महिलाओं और युवाओं ने निर्णायक भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा,
'महिला मतदाताओं ने बड़ी संख्या में मतदान किया है। जो महिलाएं ‘पेज-थ्री कल्चर’ की हैं, वे शायद मोदी के साथ हों, लेकिन आम महिलाएं अब बदलाव चाहती हैं। नीतीश कुमार की योजनाएं असफल रही हैं। आज गांव-गांव में बेरोजगारी, पलायन और गरीबी की मार झेल रही महिलाएं बदलाव के पक्ष में वोट दे रही हैं।'
यादव ने कहा कि इस बार बिहार की युवा पीढ़ी राजनीति में नई सोच लाना चाहती है। युवाओं को रोजगार नहीं मिला, किसान परेशान हैं, और शिक्षा व्यवस्था बर्बाद है। यही वजह है कि इस बार जनता एनडीए को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी।
सीमांचल में NDA का सूपड़ा साफ - पप्पू यादव का दावा
पप्पू यादव ने सीमांचल (Seemanchal) क्षेत्र में बीजेपी और एनडीए के प्रदर्शन पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि गृहमंत्री अमित शाह की रैलियों के बावजूद सीमांचल में एनडीए का सूपड़ा साफ होना तय है। उन्होंने कहा, अमित शाह कहते हैं कि महागठबंधन का सूपड़ा साफ होगा, लेकिन मैं कहता हूं कि सीमांचल में एनडीए का सफाया तय है। उन्होंने घुसपैठियों का मुद्दा उठाया, लेकिन 69 लाख SIR फाइलों के बाद भी नहीं बता पाए कि कितने घुसपैठिए हैं। अगर 1000 का आंकड़ा बता दें, तो मैं मान जाऊं।
पप्पू यादव ने कहा कि बिहार की जनता अब “धर्म और जाति की राजनीति” से ऊपर उठकर असली मुद्दों पर वोट कर रही है। चुनाव आयोग पर भी पप्पू यादव ने गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, चुनाव आयोग अब बीजेपी का ए-स्क्वॉड बन चुका है। अफसर गलत इंक लगाते हैं और आयोग उसकी सफाई देता है। यह आयोग अब बीजेपी का दफ्तर बन गया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में निष्पक्षता खत्म हो रही है और चुनाव आयोग को “जनता के नहीं, सत्ता के निर्देश” पर काम करते हुए देखा जा रहा है।
पप्पू यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आरोप लगाया कि वे बाढ़, बेरोजगारी, किसानों की हालत, पलायन और शिक्षा जैसे असली मुद्दों पर बात नहीं करते।
उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री को सीमांचल की जनता के असली मुद्दों पर बोलना चाहिए। लेकिन वे धर्म, जाति और नफरत की राजनीति करके लोगों का ध्यान भटका रहे हैं। बिहार की जनता अब इन मुद्दों को समझ चुकी है और वह इस बार बदलाव लाने वाली है।










