बिलासपुर में तांत्रिक की ठगी का खुलासा, 2.50 करोड़ बनाने के झांसे में फंसे चार युवक

बिलासपुर में तांत्रिक ने 2.5 लाख रुपए को 2.5 करोड़ बनाने का झांसा देकर ठगी की। नाराज पीड़ितों ने लूट की, पुलिस ने दोनों पक्षों को गिरफ्तार किया।

बिलासपुर में तांत्रिक ने तंत्र-मंत्र से पैसे बढ़ाने का झांसा देकर ठगी की। ठगी से नाराज पीड़ितों ने बदले में लूटपाट कर दी। पुलिस ने ठग तांत्रिक और लूट करने वाले दोनों पक्षों पर कार्रवाई की।

Chhattisgarh: बिलासपुर जिले में अंधविश्वास और लालच से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। खुद को तांत्रिक बताने वाले विजय कुमार राज (48) ने तंत्र-मंत्र के जरिए पैसे कई गुना बढ़ाने का दावा किया। उसने कहा कि 2.50 लाख रुपए को पूजा-पाठ से 2.50 करोड़ बनाया जा सकता है।

लोगों को भरोसे में लेने के लिए बिल्हा थाना क्षेत्र के संबलपुरी गांव में एक अनुष्ठान किया गया। पैसों की गड्डी के सामने नारियल और अगरबत्ती रखी गई और वीडियो में ऊपर से नोटों की बारिश दिखाई गई। यह वीडियो देखकर कोरिया जिले के चार युवक झांसे में आ गए और 30 जनवरी को बिल्हा पहुंच गए।

सरपंच पति और महिलाओं की भी भूमिका

इस ठगी में तांत्रिक के साथ तीन महिलाएं और गांव का सरपंच पति भी शामिल था। सरपंच पति रिखीराम नवरंग लोगों को भरोसा दिलाने का काम करता था। महिलाएं तंत्र-मंत्र की बातें कर लोगों को प्रभावित करती थीं।

बिलासपुर में तांत्रिक की ठगी का खुलासा, 2.50 करोड़ बनाने के झांसे में फंसे चार युवक

आरोपियों ने चारों युवकों से 2.50 लाख रुपए ले लिए और उन्हें जल्दी बड़ा फायदा होने का भरोसा दिया। लेकिन जब काफी समय बाद भी पैसे वापस नहीं मिले, तब पीड़ितों को ठगी का एहसास हुआ।

पैसे मांगने पर भागे, फिर हाईवे पर मारपीट

पीड़ित युवक अपने पैसे वापस मांगने पहुंचे, लेकिन तांत्रिक और उसके साथी वहां से फरार हो गए। इसके बाद 31 जनवरी की रात करीब 3:30 बजे रतनपुर थाना क्षेत्र में एक ढाबे के पास तांत्रिक विजय कुमार राज को पीड़ितों ने रोक लिया।

गुस्से में युवकों ने उसके साथ मारपीट की और उसकी कार, तीन मोबाइल फोन और करीब 8 हजार रुपए नकद लूटकर फरार हो गए। यह घटना हाईवे पर हुई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

पुलिस ने दोनों पक्षों को किया गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर विशेष टीम बनाई गई। पुलिस ने तकनीकी जांच और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपियों को सरगुजा और कोरिया से गिरफ्तार किया।

पुलिस ने लूटी गई कार, मोबाइल फोन और नकदी बरामद कर ली है। जांच में सामने आया कि तांत्रिक खुद भी ठगी का आरोपी है। उसके और उसके साथियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। वहीं, बदले में लूट करने वाले युवकों पर भी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a comment