बलूचिस्तान में जाफर एक्सप्रेस पर बड़ा हमला टला, ट्रैक ब्लास्ट में हमलावरों की योजना रही विफल

बलूचिस्तान में जाफर एक्सप्रेस पर बड़ा हादसा टल गया। नसीराबाद में रेलवे ट्रैक पर बम ब्लास्ट और ट्रेन पर दागे गए रॉकेट लक्ष्य भेदने में नाकाम रहे।

बलूचिस्तान के नसीराबाद में जाफर एक्सप्रेस को निशाना बनाने की कोशिश नाकाम रही। ट्रेन गुजरने के तुरंत बाद ट्रैक पर विस्फोट हुआ और हमलावरों ने चार रॉकेट भी दागे, जो लक्ष्य चूक गए। BRG ने हमले की जिम्मेदारी ली है।

Pakistan: पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में जाफर एक्सप्रेस ट्रेन को निशाना बनाने की एक और बड़ी कोशिश सामने आई है। रविवार को नसीराबाद जिले में रेलवे ट्रैक पर विस्फोट हुआ, ठीक उस समय जब ट्रेन वहां से गुजर चुकी थी। इस घटना ने एक बड़े हादसे को टाल दिया, वरना दर्जनों यात्रियों की जान खतरे में पड़ सकती थी। पुलिस और रेलवे अधिकारियों ने बताया कि बम ट्रैक पर पहले से प्लांट किया गया था और जैसे ही ट्रेन आगे बढ़ी, कुछ ही सेकंड बाद विस्फोट हो गया।

हमलावरों की योजना नाकाम

अधिकारियों ने बताया कि अज्ञात हमलावरों ने शहीद अब्दुल अजीज बुल्लो इलाके में ट्रैक के नीचे बम लगाया था। जांच प्रारंभिक स्तर पर यही कहती है कि यह एक प्री-प्लांड हमला था, जिसमें ट्रेन को निशाना बनाने की पूरी तैयारी की गई थी। घटनास्थल पर पहुंचे सुरक्षा बलों ने क्षेत्र को घेर लिया और प्रभावित ट्रैक पर रेल सेवाएं रोक दी गई हैं। विस्फोट में रेलवे ट्रैक का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जिसे ठीक करने के लिए तुरंत टीम तैनात की गई है।

ट्रेन पर दागे गए चार रॉकेट

मामला सिर्फ बम विस्फोट तक सीमित नहीं रहा। नसीराबाद के SSP ने पुष्टि की है कि हमलावरों ने दूर से जाफर एक्सप्रेस पर चार रॉकेट भी दागे। सौभाग्य से ये रॉकेट ट्रेन को नहीं लगे और पास से गुजरते हुए जमीन में जा गिरे। यदि इनमें से कोई भी रॉकेट बोगियों को लग जाता तो नुकसान कई गुना बड़ा हो सकता था। अधिकारियों ने कहा कि हमलावरों का इरादा ट्रेन को पूरी तरह उड़ाने का था, लेकिन उनकी योजना नाकाम रही।

मौके पर जांच तेज

जैसे ही घटना की सूचना मिली, पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल और बम निरोधक दस्ता तुरंत घटनास्थल पहुंचे। जांच एजेंसियों ने आसपास के इलाके में तलाशी अभियान चलाया और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हमलावर किस दिशा में भागे। फिलहाल, किसी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है। सुरक्षा एजेंसियां इस हमले को बलूचिस्तान में सक्रिय चरमपंथी समूहों की सोची-समझी कार्रवाई मान रही हैं।

BRG ने ली हमले की जिम्मेदारी

बलूच राष्ट्रवादी नेता मीर यार बलूच ने बताया कि बलूच रिपब्लिकन गार्ड्स (BRG) ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। मीडिया को जारी बयान में यह दावा किया गया कि यह हमला बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सुरक्षा एजेंसियों की कार्रवाई के जवाब में किया गया है। BRG पहले भी कई बार इस तरह की हिंसक गतिविधियों में शामिल रहा है और रेलवे ढांचे को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करता रहा है।

Leave a comment