वीकेंड पर शानदार प्रदर्शन करने के बाद सोमवार को बॉक्स ऑफिस का मिजाज पूरी तरह बदल गया। रविवार को दमदार कलेक्शन दर्ज करने वाली तीन बड़ी फिल्मों Border 2, Mardaani 3 और Vadh 2 को मंडे टेस्ट में बड़ा झटका लगा।
स्पोर्ट्स न्यूज़: फिल्मों के लिए वीकेंड, खासकर रविवार, बॉक्स ऑफिस पर सबसे फायदेमंद माना जाता है और इसका असर बॉर्डर 2 और मर्दानी 3 पर भी साफ देखने को मिला। रविवार को दोनों फिल्मों ने शानदार कमाई की—जहां बॉर्डर 2 ने 300 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया, वहीं मर्दानी 3 ने अपने दूसरे रविवार को 4.25 करोड़ रुपये जुटाते हुए अपना कुल कलेक्शन 35.9 करोड़ तक पहुंचा दिया। अब नजरें इस बात पर टिकी हैं कि सोमवार को इन दोनों फिल्मों ने कितना कारोबार किया।
‘Border 2’ का सोमवार को बड़ा ड्रॉप
सनी देओल की बहुप्रतीक्षित वॉर ड्रामा Border 2 ने ओपनिंग डे पर लगभग 30 करोड़ रुपये कमाए थे और पहले हफ्ते में 224.25 करोड़ का मजबूत कारोबार किया। दूसरे हफ्ते में भी फिल्म ने करीब 70 करोड़ जोड़े, जिससे यह साल की बड़ी हिट फिल्मों की श्रेणी में पहुंच गई। तीसरे रविवार को फिल्म ने लगभग 7.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, लेकिन सोमवार को इसमें करीब 74 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली।
शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने मंडे को लगभग 1.85 करोड़ रुपये कमाए। इसके साथ ही Border 2 का कुल भारत बॉक्स ऑफिस कलेक्शन करीब 311.62 करोड़ रुपये हो गया है। 23 जनवरी 2026 को रिलीज हुई इस फिल्म में सनी देओल के साथ दिलजीत दोसांझ, वरुण धवन और अहान शेट्टी अहम भूमिकाओं में हैं। बड़े स्केल, देशभक्ति थीम और एक्शन सीक्वेंस के बावजूद वीकडेज़ में दर्शकों की संख्या कम होती दिखी, जो बॉक्स ऑफिस पर एक सामान्य ट्रेंड है।

‘Mardaani 3’ — दूसरे हफ्ते में गति धीमी
रानी मुखर्जी की चर्चित फ्रेंचाइजी Mardaani 3 की शुरुआत धीमी रही थी। ओपनिंग डे पर फिल्म ने करीब 4 करोड़ रुपये कमाए, लेकिन वीकेंड पर इसने रफ्तार पकड़ी और दूसरे-तीसरे दिन 6–7 करोड़ के बीच कारोबार किया। पहले हफ्ते में फिल्म का कुल कलेक्शन लगभग 26.3 करोड़ रहा। दूसरे रविवार को फिल्म ने 4.25 करोड़ रुपये कमाकर अच्छा उछाल दिखाया, लेकिन सोमवार को इसमें भी तेज गिरावट आई।
मंडे को Mardaani 3 ने करीब 1.15 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इसके साथ ही फिल्म की कुल कमाई अब तक लगभग 37.05 करोड़ रुपये हो गई है।ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि मजबूत कंटेंट और रानी मुखर्जी के प्रदर्शन के बावजूद फिल्म को बड़े पैमाने पर मास ऑडियंस तक पहुंचने में चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।
‘Vadh 2’ का सीमित कारोबार
संजय मिश्रा और नीना गुप्ता स्टारर Vadh 2 ने वीकेंड पर संतोषजनक प्रदर्शन किया था। रविवार को फिल्म ने लगभग 1 करोड़ रुपये कमाए, लेकिन सोमवार को इसमें करीब 69 प्रतिशत की गिरावट देखी गई। शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, फिल्म की अब तक कुल कमाई लगभग 2.66 करोड़ रुपये है। यह फिल्म मल्टीप्लेक्स और सीमित स्क्रीन पर रिलीज हुई है, इसलिए इसके कारोबार की तुलना बड़े बजट की फिल्मों से करना उचित नहीं माना जा रहा। फिर भी, आलोचकों ने इसके कंटेंट और परफॉर्मेंस की तारीफ की है।









