The Kerala Story 2: Gods Beyond ने 27 फरवरी को रिलीज के बाद अच्छी शुरुआत की थी। सीमित शोज के बावजूद फिल्म ने ओपनिंग डे पर संतोषजनक कमाई की और दूसरे दिन उछाल के साथ वर्ल्डवाइड करीब 6 करोड़ रुपये का आंकड़ा छू लिया।
एंटरटेनमेंट न्यूज़: विवादों के बीच रिलीज हुई फिल्म The Kerala Story 2: Goes Beyond ने बॉक्स ऑफिस पर पांचवें दिन जोरदार वापसी की है। होली की छुट्टी का सीधा फायदा फिल्म को टिकट खिड़की पर मिला, जिसके चलते इसकी कमाई में लगभग 60% की बढ़ोतरी दर्ज की गई। शुरुआती गिरावट के बाद यह उछाल फिल्म के लिए राहत भरी खबर माना जा रहा है।
27 फरवरी को रिलीज हुई इस फिल्म ने सीमित शोज के बावजूद ओपनिंग डे पर 75 लाख रुपये की कमाई की थी। हालांकि पहले दिन का आंकड़ा कम था, लेकिन ट्रेड विश्लेषकों का मानना था कि सीमित स्क्रीन काउंट को देखते हुए यह शुरुआत संतोषजनक थी।
पांचवें दिन 4 करोड़ की कमाई
रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म ने मंगलवार को, जो होली की छुट्टी का दिन था, करीब 4 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इससे पहले चौथे दिन फिल्म की कमाई 2.65 करोड़ रुपये रही थी। इस तरह पांचवें दिन की कमाई में लगभग 60% की वृद्धि दर्ज की गई। दूसरे दिन फिल्म ने 4.65 करोड़ रुपये और तीसरे दिन 4.75 करोड़ रुपये का कारोबार किया था।
हालांकि चौथे दिन गिरावट आई, लेकिन त्योहार के कारण दर्शकों की संख्या फिर बढ़ी और फिल्म को मजबूती मिली। पांच दिनों में फिल्म का नेट कलेक्शन लगभग 16.65 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जबकि ग्रॉस कलेक्शन 19.75 करोड़ रुपये के करीब बताया जा रहा है।

विवादों में घिरी कहानी
‘The Kerala Story 2’ का ट्रेलर रिलीज होते ही यह चर्चा और विवादों के केंद्र में आ गई थी। फिल्म की कहानी तीन हिंदू लड़कियों के जीवन पर आधारित है, जिनके जबरन धर्म परिवर्तन और उसके बाद की घटनाओं को दिखाया गया है। फिल्म को लेकर आरोप लगे कि यह केरल राज्य की छवि को नकारात्मक रूप में पेश करती है। कानूनी विवादों के चलते फिल्म की रिलीज पर अस्थायी रोक भी लगी थी, हालांकि बाद में इसे सिनेमाघरों में प्रदर्शित किया गया।
फिल्म को Vipul Amrutlal Shah ने प्रोड्यूस किया है, जबकि निर्देशन की जिम्मेदारी कामाख्या नारायण सिंह ने संभाली है। 2023 में रिलीज हुई The Kerala Story भी विवादों में रही थी, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर उसने शानदार प्रदर्शन किया था। पहले भाग ने रिलीज के पांचवें दिन 11.14 करोड़ रुपये कमाए थे और पहले हफ्ते में ही 81.14 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया था।
इसके मुकाबले ‘The Kerala Story 2’ की रफ्तार फिलहाल धीमी नजर आ रही है। हालांकि पांचवें दिन की उछाल ने संकेत दिया है कि फिल्म को दर्शकों का सीमित लेकिन स्थिर समर्थन मिल रहा है।











