BPSC TRE 4 भर्ती में इस बार बड़े बदलाव प्रस्तावित हैं, जिनमें सभी 38 जिलों का विकल्प और मेरिट आधारित पोस्टिंग शामिल है। करीब 46,595 पदों पर भर्ती होगी। ट्रांसफर समस्या कम करने की कोशिश की जा रही है, जबकि परीक्षा सितंबर और रिजल्ट नवंबर में संभावित है।
BPSC TRE 4 Vacancy 2026: बिहार में शिक्षक भर्ती के चौथे चरण में 46,595 पदों पर भर्ती की तैयारी है, जिसमें नई चयन प्रक्रिया लागू की जा सकती है। अभ्यर्थियों को सभी 38 जिलों का विकल्प देना होगा और मेरिट के आधार पर ही पोस्टिंग दी जाएगी। यह बदलाव ट्रांसफर की समस्या कम करने और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए किया जा रहा है। संभावित रूप से परीक्षा सितंबर 2026 में आयोजित हो सकती है, जबकि नोटिफिकेशन अप्रैल तक जारी होने की उम्मीद है, जिससे लंबे समय से इंतजार कर रहे उम्मीदवारों को राहत मिल सकती है।
अब सभी जिलों का विकल्प, मेरिट से होगी पोस्टिंग
नई व्यवस्था के तहत अभ्यर्थियों को पहले की तरह सीमित जिलों के बजाय पूरे बिहार के 38 जिलों का विकल्प भरना होगा। अगर कोई उम्मीदवार जिला विकल्प नहीं भरता है, तो उसे चयन प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा।
जिला आवंटन पूरी तरह मेरिट लिस्ट और उपलब्ध रिक्तियों के आधार पर होगा। जिस जिले में जितनी सीटें होंगी, उसी अनुसार उच्च मेरिट वाले अभ्यर्थियों को नियुक्ति मिलेगी। इसके साथ ही आरक्षण रोस्टर का भी सख्ती से पालन किया जाएगा।

ट्रांसफर झंझट खत्म करने की तैयारी
इस बार भर्ती प्रक्रिया में एक और बड़ा बदलाव यह है कि अल्फाबेट आधारित सिस्टम को हटाया जा सकता है। इसका मकसद शिक्षकों को बार-बार ट्रांसफर की समस्या से बचाना है।
नई नीति के तहत चयनित उम्मीदवार को उसी जिले में काम करना होगा, जहां उसकी नियुक्ति होगी। इससे शिक्षा व्यवस्था में स्थिरता आएगी और स्कूलों में शिक्षकों की उपलब्धता बेहतर होगी।
परीक्षा, रिजल्ट और पदों का पूरा ब्योरा
इस चरण में कुल 46,595 पदों पर भर्ती प्रस्तावित है, जिसमें लगभग 45,000 पद शिक्षा विभाग के लिए हैं। ये भर्तियां कक्षा 1 से 12 तक के लिए होंगी। इसके अलावा अन्य विभागों में करीब 1,559 पद शामिल किए गए हैं।
आयोग के संभावित कैलेंडर के अनुसार, परीक्षा 22 से 27 सितंबर 2026 के बीच आयोजित हो सकती है, जबकि रिजल्ट नवंबर में जारी होने की उम्मीद है। हालांकि अंतिम तारीखें नोटिफिकेशन जारी होने के बाद ही स्पष्ट होंगी।
अभ्यर्थियों का प्रदर्शन और आयोग का आश्वासन
भर्ती में देरी को लेकर अभ्यर्थियों में नाराजगी बढ़ रही है। हाल ही में पटना में बड़ी संख्या में उम्मीदवारों ने मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया और जल्द नोटिफिकेशन जारी करने की मांग की।
प्रदर्शन के बाद आयोग के अधिकारियों ने अभ्यर्थियों को भरोसा दिलाया कि शिक्षा विभाग से अधियाचना मिलते ही मार्च के अंत या अप्रैल की शुरुआत में विज्ञापन जारी करने की कोशिश की जाएगी।










