CBSE के 12वीं छात्र वेदांत श्रीवास्तव ने आरोप लगाया है कि री-इवैल्यूएशन के दौरान उपलब्ध करवाई गई फिजिक्स की स्कैन कॉपी उनकी नहीं है। छात्र ने बोर्ड से मूल उत्तर पुस्तिका की जांच की मांग की है।
नई दिल्ली: CBSE की ऑन स्क्रीन मार्किंग प्रक्रिया एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। कक्षा 12वीं के छात्र वेदांत श्रीवास्तव ने दावा किया है कि री-इवैल्यूएशन के लिए बोर्ड द्वारा उपलब्ध करवाई गई फिजिक्स की स्कैन कॉपी उनकी नहीं है। छात्र का कहना है कि कॉपी की हैंडराइटिंग, उत्तर लिखने का तरीका और प्रस्तुति उनकी अन्य उत्तर पुस्तिकाओं से पूरी तरह अलग है।
री-इवैल्यूएशन के दौरान सामने आया मामला
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) द्वारा इस वर्ष 12वीं की कॉपियों का मूल्यांकन ऑन स्क्रीन मार्किंग सिस्टम के जरिए किया गया था। रिजल्ट जारी होने के बाद कई छात्रों ने मूल्यांकन प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए थे। अब री-इवैल्यूएशन प्रक्रिया के दौरान एक नया मामला सामने आया है।
12वीं के छात्र वेदांत श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि बोर्ड ने उनके रोल नंबर पर जो फिजिक्स की स्कैन कॉपी उपलब्ध करवाई है, वह किसी दूसरे छात्र की उत्तर पुस्तिका है। उन्होंने दावा किया कि कॉपी में लिखावट, उत्तर देने का तरीका और प्रस्तुति उनकी बाकी विषयों की कॉपियों से बिल्कुल अलग दिखाई दे रही है।
कम अंक मिलने से प्रभावित हुआ रिजल्ट
वेदांत के मुताबिक, जिस कॉपी को उनके नाम से अपलोड किया गया उसमें केवल 50 अंक दिए गए हैं। इसके कारण उनका कुल प्रतिशत प्रभावित हुआ और वे PCM ग्रुप में 75 प्रतिशत अंक हासिल करने से चूक गए।
छात्र ने बताया कि उन्होंने अंग्रेजी और कंप्यूटर साइंस की कॉपियों की भी जांच की, जो सही पाई गईं। हालांकि फिजिक्स की उत्तर पुस्तिका पूरी तरह किसी अन्य छात्र की लग रही है। वेदांत का कहना है कि उनके परिवार, शिक्षकों और उनकी हैंडराइटिंग पहचानने वाले लोगों ने भी तुरंत अंतर महसूस किया।
बोर्ड से मूल कॉपी की जांच की मांग
छात्र ने CBSE से उनकी मूल फिजिक्स उत्तर पुस्तिका की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि संभवतः डिजिटाइजेशन या स्कैनिंग प्रक्रिया के दौरान कॉपी बदल गई हो।
यह मामला सामने आने के बाद ऑन स्क्रीन मार्किंग और डिजिटल मूल्यांकन प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर फिर चर्चा तेज हो गई है। फिलहाल बोर्ड की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।









