छत्तीसगढ़ में वेदांता लिमिटेड पावर प्लांट ब्लास्ट में अबतक 20 मजदूरों की मौत हो गई। मजदूरों ने ओवरलोडिंग, पाइप लीकेज, सायरन और एंबुलेंस की कमी को हादसे की बड़ी वजह बताया। कई मजदूर डरकर प्लांट छोड़ चुके हैं।
सक्ती: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में स्थित Vedanta Limited के थर्मल पावर प्लांट में हुए भीषण बॉयलर विस्फोट ने देश को झकझोर दिया है। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 20 मजदूरों की मौत हो चुकी है, जबकि 16 घायल श्रमिकों का इलाज जारी है। शुरुआती जांच और प्रत्यक्षदर्शी मजदूरों के बयानों से संकेत मिल रहे हैं कि हादसे के पीछे तकनीकी लापरवाही, ओवरलोडिंग और सुरक्षा मानकों में गंभीर चूक हो सकती है।
हादसे के बाद पूरे प्लांट परिसर में दहशत का माहौल है। प्लांट के पीछे बने लेबर क्वार्टर में रहने वाले 2000 से अधिक मजदूर डर के कारण अपने घर लौट चुके हैं। फिलहाल केवल कुछ दर्जन मजदूर ही परिसर में बचे हैं। इस घटना ने न सिर्फ औद्योगिक सुरक्षा प्रबंधन, बल्कि श्रमिकों के साथ व्यवहार और आपातकालीन तैयारी पर भी बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
कैसे हुआ हादसा: शुरुआती जांच में ओवरलोडिंग और लीकेज की आशंका
सक्ति जिले के सिंहितराई क्षेत्र में स्थित इस थर्मल पावर प्लांट की एक सक्रिय 600 मेगावाट यूनिट में यह विस्फोट हुआ। मजदूरों और तकनीकी सूत्रों का दावा है कि बिजली उत्पादन बढ़ाने के दबाव में यूनिट को उसकी तय क्षमता से अधिक, करीब 650 मेगावाट तक चलाया जा रहा था।
हादसे के बाद औद्योगिक सुरक्षा विभाग के बॉयलर इंस्पेक्टर Ujjwal Gupta की टीम ने करीब छह घंटे तक घटनास्थल की जांच की। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई कि उत्पादन बढ़ाने के लिए कम समय में बॉयलर का लोड तेजी से बढ़ाया गया, जिससे सिस्टम पर अचानक दबाव बढ़ा।
प्लांट से जुड़े अधिकारियों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि विस्फोट उस पाइपलाइन में लीकेज के कारण हुआ, जो उच्च दबाव वाली भाप को बॉयलर यूनिट से टर्बाइन तक पहुंचाती है। यही टर्बाइन घूमकर बिजली उत्पादन करती है। विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसी पाइपलाइन में लीकेज और दबाव असंतुलन बेहद खतरनाक साबित हो सकता है।
मजदूरों का आरोप: न सायरन बजा, न अलर्ट मिला
हादसे से बचकर निकले मजदूरों ने सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पश्चिम बंगाल से आए फिटर सुमित कोले, जो पिछले एक साल से प्लांट में काम कर रहे हैं, ने बताया कि विस्फोट के बाद पूरे इलाके में धूल और धुएं का गुबार छा गया। लेकिन इसके बावजूद प्लांट के अंदर कोई सायरन नहीं बजा और न ही किसी तरह का इमरजेंसी अलर्ट जारी किया गया।
उनके मुताबिक, “सब कुछ अचानक हुआ। पहले तेज धमाका हुआ, फिर चीख-पुकार मच गई। किसी को समझ ही नहीं आया कि क्या हुआ।”
मजदूरों का कहना है कि प्लांट में तत्काल राहत के लिए पर्याप्त एंबुलेंस तक उपलब्ध नहीं थीं। घायलों को बसों में लादकर अस्पताल पहुंचाना पड़ा। कई मजदूरों का आरोप है कि हादसे के बाद शुरुआती कुछ घंटे बेहद अव्यवस्थित रहे, जिससे राहत कार्य प्रभावित हुआ।
![]()
पहले भी मिल चुके थे खतरे के संकेत
हादसे के बाद सामने आए श्रमिकों के बयानों ने यह सवाल भी खड़ा किया है कि क्या प्लांट में पहले से तकनीकी खामियां मौजूद थीं।
बिहार के गोपालगंज निवासी राम आश्रय सिंह, जो यहां ठेकेदार के जरिए रिगर का काम कर रहे थे, ने बताया कि लगभग एक साल पहले टेस्टिंग के दौरान भी पाइप फटने और गैस लीक होने की घटना हुई थी। हालांकि, उस समय पहले से अलर्ट जारी कर दिया गया था, जिससे कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।
राम आश्रय का कहना है कि इस बार उत्पादन के दौरान सब कुछ अचानक हुआ और किसी को बचने का मौका नहीं मिला। उनके बयान से यह आशंका और गहरी हो जाती है कि प्लांट के तकनीकी सिस्टम में पहले से कुछ कमजोरियां थीं, जिन पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया।
हादसे के बाद दहशत: 2000 से ज्यादा मजदूर लौटे घर
विस्फोट के बाद प्लांट परिसर में भय का माहौल बन गया। लेबर क्वार्टर में रहने वाले 2000 से अधिक मजदूरों ने सुरक्षा को लेकर डर जाहिर किया और अपने घर लौटना शुरू कर दिया।
बाहरी राज्यों से आए मजदूरों का कहना है कि हादसे के बाद उन्हें न तो सुरक्षा का भरोसा दिया गया और न ही रोजगार को लेकर कोई स्पष्टता मिली। कई मजदूरों ने बताया कि वे 25 से 30 हजार रुपये महीने की मजदूरी के लिए यहां काम करने आए थे, लेकिन अब प्लांट बंद है और भविष्य अनिश्चित है।
कुछ श्रमिकों ने यह भी आरोप लगाया कि हादसे के बाद लेबर क्वार्टर में कुछ स्थानीय लोग पहुंचे और उन्हें प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दबाव बनाने लगे। उनका कहना है कि ऐसे संवेदनशील समय में न तो पुलिस की पर्याप्त मौजूदगी थी और न ही प्रशासन की ओर से श्रमिकों को भरोसा दिलाने की कोशिश दिखी।
वेदांता प्लांट का इतिहास: लंबे समय तक बंद रहा प्रोजेक्ट
सक्ति जिले के सिंहितराई क्षेत्र में स्थित यह थर्मल पावर प्रोजेक्ट कुल 1200 मेगावाट क्षमता का है। इसमें 600-600 मेगावाट की दो यूनिट शामिल हैं। इस परियोजना की शुरुआत 2009 में हुई थी।
शुरुआत में यह प्रोजेक्ट एथेना छत्तीसगढ़ पावर लिमिटेड के पास था, लेकिन 2016 से 2022 के बीच इसका काम पूरी तरह ठप रहा। बाद में 2022 में Vedanta Limited ने इसे NCLT प्रक्रिया के तहत अधिग्रहित किया।
अधिग्रहण के बाद कंपनी ने परियोजना को फिर से शुरू किया। पहली 600 मेगावाट यूनिट जुलाई-अगस्त 2025 के आसपास चालू की गई, जबकि दूसरी यूनिट का निर्माण अभी जारी है। बताया जा रहा है कि दूसरी यूनिट 2026 के अंत या 2027 की शुरुआत तक चालू हो सकती है।
हालांकि, स्थानीय सूत्रों के अनुसार पहली यूनिट पहले भी कई बार मेंटेनेंस के कारण बंद हो चुकी थी। हाल ही में मार्च में भी यूनिट कुछ दिनों तक बंद रही थी। इससे यह सवाल उठता है कि क्या संचालन शुरू करने से पहले सभी सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन किया गया था।










