चीन में रोबोट गेम्स से पहले तेज दौड़ता Humanoid Robot दीवार से टकराया, चिंगारी निकलने से मचा हड़कंप

चीन में World Humanoid Robot Games 2026 से पहले रेस ट्रेनिंग के दौरान ह्यूमनॉइड रोबोट दीवार से टकराकर क्षतिग्रस्त हुआ। हादसे में चिंगारियां निकलीं।

चीन में World Humanoid Robot Games 2026 से पहले रेस ट्रेनिंग के दौरान एक ह्यूमनॉइड रोबोट दीवार से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद रोबोट से चिंगारियां निकलती दिखीं। हाल में एक चीनी रोबोट ने 12.66 मीटर प्रति सेकंड की स्पीड का दावा किया था।

बीजिंग: चीन में World Humanoid Robot Games 2026 से पहले ह्यूमनॉइड रोबोट की रेस ट्रेनिंग के दौरान एक हादसा सामने आया है। तेज गति से दौड़ रहा दो पैरों वाला रोबोट नियंत्रण खोकर कुशन वाली दीवार से टकरा गया और बाद में लड़खड़ाकर गिर पड़ा। टक्कर के बाद उसके फ्रेम से चिंगारियां निकलती दिखाई दीं। इस घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर चर्चा में है।

तेज रफ्तार में रोबोट ने खोया नियंत्रण

बीजिंग में होने वाले World Humanoid Robot Games 2026 से पहले रोबोट्स की रेस ट्रेनिंग चल रही है। इसी दौरान दो पैरों वाले एक ह्यूमनॉइड रोबोट के साथ हादसा हो गया।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, रोबोट पूरी गति से दौड़ते हुए रेस ट्रैक पर आगे बढ़ रहा था। निर्धारित दूरी पूरी करने के बाद वह अपनी गति को नियंत्रित नहीं कर सका और सामने लगी कुशन वाली दीवार से टकरा गया।

टक्कर के बाद रोबोट कुछ समय तक खड़ा रहा, लेकिन फिर उसका संतुलन बिगड़ गया। वह पीछे की ओर बढ़ते हुए लड़खड़ाया और जमीन पर गिर गया। इस दौरान उसके फ्रेम से चिंगारियां निकलती दिखाई दीं।

पहले भी दीवार से टकरा चुके हैं रोबोट

रोबोट की रेसिंग से जुड़ी ऐसी घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। तेज गति पर दौड़ते समय रोबोट के संतुलन बिगड़ने और दीवार से टकराने की घटनाओं को देखते हुए आयोजकों ने ट्रैक के किनारे कुशन वाली दीवारें लगाई हैं।

इन सुरक्षा उपायों का उद्देश्य टक्कर की स्थिति में रोबोट को होने वाले नुकसान को कम करना है। हालांकि, ताजा घटना में टक्कर के बाद रोबोट के क्षतिग्रस्त होने और उससे चिंगारी निकलने का वीडियो सामने आया है।

चीनी रोबोट ने 12.66 मीटर प्रति सेकंड की स्पीड का दावा किया

इस घटना के बीच चीनी रोबोटिक्स कंपनी Unitree के एक ह्यूमनॉइड रोबोट की स्पीड भी चर्चा में है। कंपनी ने ‘Superman’ नाम के रोबोट को पेश किया है और दावा किया है कि उसने 12.66 मीटर प्रति सेकंड की टॉप स्पीड हासिल की।

कंपनी के इस दावे के मुताबिक रोबोट की स्पीड दुनिया के दिग्गज धावक उसैन बोल्ट के रिकॉर्ड से अधिक है। इससे संबंधित वीडियो भी सामने आया है।

तीन महीने में तैयार करने का दावा

Unitree के अनुसार, उसका यह रोबोट करीब तीन महीने में तैयार किया गया है। कंपनी के रोबोट इस साल India AI Impact Summit में भी चर्चा में रहे थे।

हालांकि, किसी रोबोट की रिकॉर्ड स्पीड और वास्तविक प्रतियोगिता में उसके प्रदर्शन को अलग-अलग मानकों पर देखा जाता है। ऐसे में World Humanoid Robot Games में रोबोट्स की वास्तविक प्रतिस्पर्धा और उनकी स्थिरता पर भी नजर रहेगी।

Leave a comment