Voyager 1 ने रचा इतिहास, पृथ्वी से 25.9 अरब किलोमीटर दूर पहुंचा NASA का यान

NASA Voyager 1: नासा का वॉयजर-1 अंतरिक्ष यान पृथ्वी से 25.9 अरब किलोमीटर दूर पहुंचा। 49 साल के सफर में एक लाइट-डे की दूरी तय करने वाला पहला मानव निर्मित यान बना

नासा के वॉयजर 1 अंतरिक्ष यान ने 18 नवंबर 2026 को नया इतिहास रच दिया है। करीब 49 साल की यात्रा के बाद यह पृथ्वी से एक प्रकाश-दिवस की दूरी पर पहुंच गया। अब यान तक रेडियो संदेश पहुंचने में पूरे 24 घंटे लगेंगे।

वॉशिंगटन: अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के वॉयजर 1 अंतरिक्ष यान ने बुधवार, 18 नवंबर 2026 को ऐसी उपलब्धि हासिल की है, जो इससे पहले कोई मानव निर्मित वस्तु हासिल नहीं कर सकी थी। सितंबर 1977 में पृथ्वी से रवाना हुआ यह यान अब करीब 25.9 अरब किलोमीटर दूर पहुंच गया है। इस दूरी को एक प्रकाश-दिवस कहा जाता है। यानी पृथ्वी से भेजा गया रेडियो सिग्नल अब वॉयजर 1 तक पहुंचने में पूरा एक दिन लेगा।

49 साल बाद वॉयजर 1 ने बनाया नया रिकॉर्ड

अंतरिक्ष में लगभग पांच दशक से सफर कर रहे वॉयजर 1 ने एक और ऐतिहासिक मुकाम हासिल कर लिया है। नासा के मुताबिक, अमेरिकी समयानुसार 18 नवंबर 2026 को सुबह 5 बजकर 16 मिनट और 7 सेकंड पर यान पृथ्वी से एक प्रकाश-दिवस की दूरी पर पहुंच गया। भारत में उस समय दोपहर के 3 बजकर 46 मिनट हो रहे थे।

इस उपलब्धि के साथ वॉयजर 1 इतनी दूर पहुंचने वाला दुनिया का पहला मानव निर्मित अंतरिक्ष यान बन गया है। अंतरिक्ष में भेजी गई कोई दूसरी मशीन अब तक इतनी दूरी तय नहीं कर सकी है। खास बात यह है कि वॉयजर 1 को जब लॉन्च किया गया था, तब वैज्ञानिकों ने इसके लगभग 50 साल तक काम करने की उम्मीद नहीं की थी।

आज भी यह अंतरिक्ष यान बेहद दूर से वैज्ञानिक जानकारी पृथ्वी तक भेज रहा है। नासा के वैज्ञानिक इसे अंतरिक्ष अनुसंधान की सबसे बड़ी उपलब्धियों में गिनते हैं।

क्या होता है एक प्रकाश-दिवस?

एक प्रकाश-दिवस दूरी मापने की इकाई है। इसका मतलब है कि प्रकाश 24 घंटे में जितनी दूरी तय करता है, उसे एक प्रकाश-दिवस कहा जाता है। प्रकाश की रफ्तार लगभग तीन लाख किलोमीटर प्रति सेकंड होती है। इस हिसाब से वह एक दिन में करीब 25 अरब 90 करोड़ किलोमीटर का सफर तय करता है. वॉयजर 1 के इस दूरी तक पहुंचने का असर पृथ्वी और अंतरिक्ष यान के बीच होने वाले संपर्क पर भी पड़ेगा।

अब नासा के वैज्ञानिक अगर यान को कोई कमांड भेजते हैं, तो उसे वहां पहुंचने में करीब 24 घंटे लगेंगे। इसके बाद यान से आने वाला जवाब पृथ्वी तक पहुंचने में भी लगभग इतना ही समय लेगा। यानी एक संदेश भेजने और उसका जवाब मिलने की प्रक्रिया में करीब 48 घंटे लग सकते हैं। हालांकि, इसमें यान द्वारा कमांड पर कार्रवाई करने का अतिरिक्त समय शामिल नहीं है।

1977 में शुरू हुआ था वॉयजर 1 का सफर

नासा ने वॉयजर 1 को पांच सितंबर 1977 को लॉन्च किया था। इसका शुरुआती उद्देश्य सौरमंडल के बड़े ग्रहों बृहस्पति और शनि का नजदीक से अध्ययन करना था। यान ने मार्च 1979 में बृहस्पति के पास से गुजरते हुए ग्रह और उसके चंद्रमाओं की महत्वपूर्ण तस्वीरें लीं। इसके बाद नवंबर 1980 में शनि के करीब पहुंचकर उसके छल्लों और चंद्रमाओं से जुड़ी नई जानकारियां जुटाईं।

इन दोनों ग्रहों का अध्ययन पूरा होने के बाद वॉयजर 1 ने अपना सफर जारी रखा। अगस्त 2012 में यह सूर्य के प्रभाव वाले हेलियोस्फीयर क्षेत्र से बाहर निकलकर अंतरतारकीय अंतरिक्ष में पहुंच गया। ऐसा करने वाला भी यह पहला मानव निर्मित अंतरिक्ष यान था। हालांकि, अंतरतारकीय अंतरिक्ष में पहुंचने का मतलब यह नहीं है कि यान सौरमंडल के गुरुत्वाकर्षण प्रभाव या उसकी बहुत दूर तक फैली बाहरी संरचनाओं से पूरी तरह बाहर निकल चुका है।

Voyager 1 ने रचा इतिहास, पृथ्वी से 25.9 अरब किलोमीटर दूर पहुंचा NASA का यान

61 हजार किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा आगे

वॉयजर 1 इस समय लगभग 61 हजार किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। इतनी तेज गति के बावजूद अंतरिक्ष की विशाल दूरियों को पार करने में हजारों साल लग सकते हैं। नासा के अनुसार, यान को एक प्रकाश-वर्ष की दूरी तक पहुंचने में लगभग 18 हजार साल और लगेंगे। एक प्रकाश-वर्ष वह दूरी है, जो प्रकाश पूरे एक साल में तय करता है।

वॉयजर 1 भविष्य में ग्लिसे 445 नाम के तारे के अपेक्षाकृत करीब से गुजरेगा। वैज्ञानिकों का अनुमान है कि इस तारे के निकट पहुंचने में लगभग 40 हजार साल लगेंगे। वहीं, वॉयजर 1 का जुड़वां यान वॉयजर 2 अभी उससे कम दूरी पर है। नासा के अनुमान के मुताबिक, वॉयजर 2 नवंबर 2035 में एक प्रकाश-दिवस की दूरी तक पहुंचेगा।

पुराने उपकरणों के सहारे आज भी चल रहा मिशन

वॉयजर 1 की सबसे बड़ी चुनौती अब उसकी लगातार घटती बिजली है। यान में रेडियोआइसोटोप थर्मोइलेक्ट्रिक जनरेटर लगे हैं, जो रेडियोधर्मी पदार्थ से उत्पन्न गर्मी को बिजली में बदलते हैं। करीब पांच दशक बाद इन जनरेटरों की बिजली उत्पादन क्षमता पहले से काफी कम हो गई है। इसी वजह से नासा की टीम को समय-समय पर कुछ वैज्ञानिक उपकरण बंद करने पड़ रहे हैं, ताकि बाकी सिस्टम लंबे समय तक चलते रहें।

अक्टूबर 2026 में वॉयजर 1 से कुछ समय के लिए संपर्क टूट गया था। 18 और 19 अक्टूबर को पृथ्वी पर उसका रेडियो सिग्नल नहीं मिला, लेकिन 20 अक्टूबर को संपर्क दोबारा स्थापित हो गया। नासा के इंजीनियर इसकी वजह की जांच कर रहे हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यान के थ्रस्टर सिस्टम में अपने आप बदलाव हुआ था।

अंतरिक्ष से कौन-सी जानकारी भेज रहा वॉयजर 1?

वॉयजर 1 अब उन क्षेत्रों की जानकारी जुटा रहा है, जहां सूर्य से निकलने वाले कणों का प्रभाव बहुत कम हो जाता है। इसके उपकरण अंतरतारकीय अंतरिक्ष में चुंबकीय क्षेत्र और प्लाज्मा तरंगों से जुड़ा डेटा पृथ्वी पर भेजते हैं। इससे वैज्ञानिकों को सौरमंडल के बाहर मौजूद अंतरिक्ष के वातावरण को समझने में मदद मिलती है।

नासा की जेट प्रोपल्शन लेबोरेटरी की टीम यान की निगरानी करती है। वैज्ञानिक डीप स्पेस नेटवर्क के विशाल एंटेना की मदद से उससे संपर्क बनाए रखते हैं। वॉयजर परियोजना की प्रबंधक सुजैन डोड के मुताबिक, इतने वर्षों बाद भी इस यान का काम करते रहना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है।

Leave a comment